वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल उच्च-स्तरीय व्यावसायिक विचार-विमर्श और भारत-कनाडा सीईपीए वार्ता के लिए कनाडा जाएंगे
प्रविष्टि तिथि:
23 MAY 2026 7:45PM by PIB Delhi
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल 25 से 27 मई तक कनाडा की यात्रा पर रहेंगे। इस यात्रा का उद्देश्य भारत और कनाडा के बीच 'व्यापक आर्थिक और साझेदारी समझौते' (सीईपीए) पर चल रही बातचीत को आगे बढ़ाना और आधिकारिक, व्यावसायिक तथा औद्योगिक स्तर पर विचार-विमर्श करना है। श्री गोयल के साथ 100 से अधिक भारतीय व्यवसायों के वरिष्ठ प्रतिनिधि भी जा रहे हैं। ये प्रतिनिधि धातु एवं खनन, ऊर्जा, ऑटोमोटिव एवं पूंजीगत वस्तुएं, एयरोस्पेस, पर्यटन, चमड़ा एवं वस्त्र, कृषि, दूरसंचार और फार्मास्यूटिकल्स जैसे विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े हुए हैं।
श्री गोयल, अपनी यात्रा के दौरान अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मंत्री, महामहिम श्री मनिंदर सिद्धू से मुलाकात करेंगे और भारत-कनाडा सीईपीए की प्रगति की समीक्षा करेंगे तथा व्यापार और निवेश के नए अवसरों की तलाश करेंगे। वित्त वर्ष 2025-26 में, दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार लगभग 8 बिलियन अमरिकी डॉलर रहा, जिसमें से भारत का निर्यात 4.67 बिलियन अमरिकी डॉलर और भारत का आयात 3.28 बिलियन अमेरिकी डॉलर था।
माननीय मंत्री कनाडा के प्रधानमंत्री, महामहिम श्री मार्क कार्नी से मुलाकात करेंगे और प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में रणनीतिक सहयोग सुदृढ़ करने के लिए कई द्विपक्षीय बैठक करेंगे, जिसमें विदेश मंत्री, महामहिम सुश्री अनीता आनंद के साथ बैठक भी शामिल है। माननीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री कनाडा की अग्रणी कंपनियों, स्टार्टअप्स और पेंशन फंड्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) के साथ भी बातचीत करेंगे।
दोनों देशों के लिए ऊर्जा सुरक्षा और ऊर्जा परिवर्तन (ट्रांजिशन) प्रमुख प्राथमिकताएं हैं। कनाडा के विशाल ऊर्जा और प्राकृतिक संसाधन भंडार तथा भारत की बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताएं दोनों के बीच महत्वपूर्ण संपूरकता हैं। इसके अतिरिक्त, भारत और कनाडा के बीच असैन्य परमाणु सहयोग, दोनों देशों के बीच ऊर्जा साझेदारी का एक मुख्य आधार है।
नियमित संस्थागत संबंधों की सहायता से विज्ञान और प्रौद्योगिकी सहयोग सुदृढ़ बना हुआ है। भारत और कनाडा के बीच एआई अनुसंधान, मानकों और नवाचार परितंत्र के क्षेत्र में और अधिक सहयोग की काफ़ी गुंजाइश है।
2025 के मध्य से भारत और कनाडा के बीच जारी उच्च-स्तरीय संवादों ने द्विपक्षीय संबंधों और लोगों के बीच आपसी संपर्कों को तेजी से आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, जिसमें 2 मार्च, 2026 को कनाडा के प्रधानमंत्री कार्नी की भारत यात्रा शामिल है। इसी यात्रा के दौरान भारत-कनाडा सीईपीए वार्ता भी शुरू की गई थी।
भारत-कनाडा सीईपीए वार्ता का दूसरा दौर आयोजित करने के लिए कनाडा का एक आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल 4-7 मई, 2026 तक नई दिल्ली के दौरे पर रहा। भारत-कनाडा सीईपीए की दूसरे दौर वार्ता के लिए माननीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री के साथ अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। दोनों देश बातचीत की प्रक्रिया को तेज़ी से आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। दोनों पक्ष ने वर्ष 2030 तक भारत और कनाडा के बीच द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ाकर 50 बिलियलन अमरिकी डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
कनाडा में 2.8 मिलियन लोगों का विशाल भारतीय समुदाय है (जिसमें 1.8 मिलियन भारत-कनाडाई और छात्रों सहित लगभग 1 मिलियन एनआरआई हैं), जो दोनों देशों के बीच एक जीवंत सेतु का काम करता है। भारत को अपने इस समुदाय और कनाडा में उनकी उपलब्धियों पर बहुत गर्व है।
भारत और कनाडा के बीच द्विपक्षीय संबंधों में व्यापक राजनीतिक और आर्थिक नवीनीकरण के साथ ही रणनीतिक और सुरक्षा चैनलों के माध्यम से संरचनात्मक संबंध फिर से शुरू हो गए हैं। इस यात्रा से आपसी महत्व के प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं को तलाशने, आपसी भरोसा सुदृढ़ करने और तेज़ी से विस्तार की अपार क्षमता वाली साझेदारी को अधिक गति मिलने की उम्मीद है।
***
पीके/ केसी /एमके/ डीए
(रिलीज़ आईडी: 2264672)
आगंतुक पटल : 65