वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल ने बहरीन के उद्योग और वाणिज्य मंत्री महामहिम श्री अब्दुल्ला बिन आदेल फखरो के साथ बैठक की
भारत और बहरीन ने स्थिरता, आपूर्ति श्रृंखला को सुदृढ़ बनाने तथा सशक्त आर्थिक संबंधों पर बल दिया
प्रविष्टि तिथि:
10 APR 2026 7:20PM by PIB Delhi
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बहरीन के अपने समकक्ष, उद्योग और वाणिज्य मंत्री महामहिम अब्दुल्ला बिन आदेल फखरो के साथ एक महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक की।
इस बातचीत के दौरान, श्री गोयल ने क्षेत्र में घोषित संघर्ष-विराम का स्वागत करते हुए आशा व्यक्त की है कि यह स्थायी सिद्ध होगा। उन्होंने यह भी कहा कि बहरीन सहित क्षेत्र के सभी देश संघर्ष के कारण उत्पन्न बाधाओं से शीघ्र ही उबरेंगे। श्री गोयल ने क्षेत्र में समुद्री एवं अन्य माध्यमों से व्यापार के निर्बाध और सुचारू प्रवाह को सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया।
केंद्रीय मंत्री ने बहरीन के प्रति भारत की एकजुटता व्यक्त करते हुए देश के महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर हाल ही में हुए हमलों की निंदा की। उन्होंने समुद्री सुरक्षा सहित बहरीन की सुरक्षा और स्थिरता के प्रति भारत के निरंतर समर्थन को भी दोहराया।
श्री पीयूष गोयल ने बहरीन में भारतीय समुदाय को दिए जा रहे सहयोग की सराहना की और भारतीय नागरिकों का कल्याण सुनिश्चित करने के लिए वहां के अधिकारियों के प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया।
बैठक में निरंतर सहयोग व घनिष्ठ जुड़ाव के माध्यम से भारत-बहरीन आर्थिक साझेदारी को और अधिक सुदृढ़ करने की साझा प्रतिबद्धता को पुनः दोहराया गया।
***
पीके/केसी/एनके
(रिलीज़ आईडी: 2250974)
आगंतुक पटल : 77