सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय
एनएचएआई ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्रबंधन में डिजिटल सुरक्षा मजबूती के लिए एनएफएसयू के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए
इससे राष्ट्रीय राजमार्ग संचालन और डिजिटल प्लेटफार्मों में साइबर सुरक्षा ढांचे और फोरेंसिक विश्वसनीयता मजबूत होगी
प्रविष्टि तिथि:
02 FEB 2026 6:54PM by PIB Delhi
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा समर्थित भारतीय राजमार्ग प्रबंधन कंपनी लिमिटेड (आईएचएमसीएल) ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्रबंधन से सम्बंधित अनुसंधान, प्रशिक्षण और परामर्श के क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्रबंधन विश्वविद्यालय (एनएफएसयू) के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। इसका उद्देश्य डिजिटल सुरक्षा और डेटा संरक्षण को मजबूत करना है। एनएफएसयू सरकार का राष्ट्रीय महत्व का संस्थान है और इसका मुख्यालय गुजरात के गांधीनगर में है। यह समझौता ज्ञापन विशेष रूप से साइबर फोरेंसिक्स, डिजिटल साक्ष्य अखंडता और राष्ट्रीय राजमार्ग प्रबंधन से सम्बंधित उन्नत तकनीकी अनुप्रयोगों के क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा देने के लिए किया गया है। इस समझौता ज्ञापन पर आईएचएमसीएल के मुख्य परिचालन अधिकारी श्री ए.आर. चित्रांशी और एनएफएसयू, गांधीनगर के कैंपस निदेशक डॉ. एस.ओ. जुनारे ने एनएचएआई के अध्यक्ष श्री संतोष कुमार यादव, आईएचएमसीएल के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक श्री विशाल चौहान और एनएचएआई, आईएचएमसीएल और एनएफएसयू के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए।

इस समझौता ज्ञापन का उद्देश्य ज्ञान सृजन, तकनीकी सुदृढ़ता और संस्थागत क्षमता निर्माण को बढ़ावा देने के लिए दोनों सरकारी निकायों के बीच पारस्परिक लाभकारी शैक्षणिक और अनुसंधान-उन्मुख सहयोग को सुगम बनाना है। यह सहयोग महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग संचालन और विभिन्न डिजिटल प्लेटफार्म में साइबर सुरक्षा ढांचे और फोरेंसिक विश्वसनीयता को मजबूत करने में योगदान देगा।
समझौते के तहत, एनएफएसयू, सीसीटीवी, मल्टीमीडिया विश्लेषण, ऑडियो-वीडियो विश्लेषण और डिजिटल के साथ-साथ साइबर फोरेंसिक प्रयोगशालाओं सहित अत्याधुनिक तकनीकों वाली प्रयोगशालाओं के विकास के लिए आईएचएमसीएल को तकनीकी मार्गदर्शन और सहायता प्रदान करेगा।
इसके अतिरिक्त, विश्वविद्यालय साइबर और डिजिटल फोरेंसिक्स, मल्टीमीडिया विश्लेषण और संबंधित क्षेत्रों में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रदान करके साइबर लचीलापन और साक्ष्य अखंडता को मजबूत करने में आईएचएमसीएल का समर्थन करेगा।
इस समझौता ज्ञापन का मुख्य उद्देश्य मल्टी-लेन फ्री फ्लो (एमएलएफएफ), उन्नत यातायात प्रबंधन तंत्र (एटीएमएस), स्वचालित नंबर प्लेट पहचान (एएनपीआर), यातायात प्रबंधन तंत्र (टीएमएस) और वे-इन-मोशन (तकनीक चलते हुए वाहनों का वजन मापने वाली एक उन्नत प्रणाली) जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाना है। चिन्ह्ति क्षेत्रों में सुरक्षित कैमरा-आधारित इमेजिंग सिस्टम, एन्क्रिप्टेड डेटा स्टोरेज और पुनर्प्राप्ति, महत्वपूर्ण अनुप्रयोगों की साइबर सुरक्षा समीक्षा, साक्ष्य अखंडता और फोरेंसिक विश्वसनीयता, इमेजिंग सटीकता में वैज्ञानिक सुधार और सुरक्षा संचालन केंद्र (एसओसी) सेवाओं और फोरेंसिक सत्यापन प्रयोगशालाओं की स्थापना भी शामिल हैं।
इसके अलावा, दोनों संगठन आपसी सहमति वाले क्षेत्रों में संयुक्त अनुसंधान, विकास और परामर्श परियोजनाएं शुरू करेंगे। कार्यान्वयन की देखरेख और समय-समय पर प्रगति की समीक्षा के लिए प्रत्येक संगठन द्वारा एक समन्वयक नियुक्त किया जाएगा। यह समझौता ज्ञापन तीन वर्षों की अवधि के लिए वैध रहेगा।

देश भर में तेजी से विस्तारित हो रहे राष्ट्रीय राजमार्ग बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने के उद्देश्य वाला यह समझौता ज्ञापन, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के सुरक्षित और मजबूत डिजिटल इकोसिस्टम को बढ़ावा देने पर केंद्रित है।
---
पीके/केसी/वीके/जीआरएस
(रिलीज़ आईडी: 2222327)
आगंतुक पटल : 126