रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय : उर्वरक विभाग
2024–25 में उर्वरकों की रिकॉर्ड उपलब्धता सुनिश्चित
किसानों के लिए आवश्यकता से अधिक मात्रा में उर्वरकों का किया प्रबंध
मजबूत समन्वय से संभव हुई ऐतिहासिक उपलब्धता
प्रविष्टि तिथि:
16 JAN 2026 4:16PM by PIB Delhi
कृषि क्षेत्र को मजबूती प्रदान करने और किसानों की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए भारत सरकार ने साल 2024-25 में उर्वरकों की रिकॉर्ड उपलब्धता सुनिश्चित की है। इससे किसानों को पूरे वर्ष समय पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक मिल सके और कृषि कार्य बिना बाधा के जारी रहे।
देश में उर्वरकों की अनुमानित आवश्यकता लगभग 152.50 करोड़ बैग (722.04 लाख टन) थी। इसके मुकाबले सरकार ने लगभग 176.79 करोड़ बैग (834.64 लाख टन) उर्वरकों की कुल उपलब्धता सुनिश्चित की है। यह अतिरिक्त उपलब्धता किसानों के प्रति सरकार की मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
यह उपलब्धि रेलवे, पत्तन (पोर्ट) प्राधिकरणों, राज्य सरकारों और उर्वरक कंपनियों के बीच बेहतर समन्वय से संभव हो सकी है। भारतीय रेलवे ने उर्वरक रैकों को प्राथमिकता दी, जिससे तेज ढुलाई हो सकी। वहीं, पत्तनों पर आयातित उर्वरकों की शीघ्र अनलोडिंग और निर्बाध निकासी सुनिश्चित की गई।
सरकार ने भंडारण और वितरण व्यवस्था को भी मजबूत किया ताकि उर्वरक समय पर किसानों तक पहुंच सके। इसके अलावा, उर्वरक कंपनियों के साथ नियमित समीक्षा बैठकें की गईं। मांग और आपूर्ति पर लगातार नजर रखी गई और समस्याओं का तुरंत समाधान किया गया।
इन सक्रिय और समन्वित प्रयासों के कारण देश के किसी भी हिस्से में उर्वरकों की कमी नहीं आई। साल 2024–25 में रिकॉर्ड उर्वरक उपलब्धता से किसानों को बड़ी राहत मिली है और कृषि उत्पादन की स्थिरता सुनिश्चित हुई है।
‘साल 2024–25 में सरकार ने मांग से अधिक उर्वरकों की उपलब्धता की सुनिश्चित’

***
नीरज कुमार भट्ट/प्रिया मिश्रा
(रिलीज़ आईडी: 2215309)
आगंतुक पटल : 204