जनजातीय कार्य मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

प्रधानमंत्री आजादी का अमृत महोत्सव के भाग के रूप में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस समारोह का नेतृत्व करेंगे: श्री अर्जुन मुंडा

प्रधानमंत्री भोपाल में एक विशेष कार्यक्रम में भाग लेंगे और इस अवसर पर रांची में बिरसा मुंडा संग्रहालय का वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ करेंगे

आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत 15 से 22 नवंबर तक बड़ी संख्या में राष्ट्रीय और राज्य स्तर के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे: श्री अर्जुन मुंडा

Posted On: 12 NOV 2021 7:36PM by PIB Delhi

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी आजादी का अमृत महोत्सव के भाग के रूप में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस समारोह का नेतृत्व करेंगे। केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री श्री अर्जुन मुंडा ने आज नई दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन में यह बात कही। श्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि प्रधानमंत्री भोपाल में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले एक बड़े कार्यक्रम में भाग लेंगे जिसमें दो लाख से अधिक आदिवासी शामिल होंगे। श्री मुंडा ने कहा की श्री मोदी वर्चुअल माध्यम से रांची में बिरसा मुंडा स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का शुभारंभ भी करेंगे।

15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस घोषित करने के लिए प्रधानमंत्री का धन्यवाद करते हुए मंत्री महोदय ने कहा कि इसने आदिवासियों में एक नया जोश और आत्मविश्वास भर दिया है। उन्होंने कहा कि यह पहली बार होगा कि ऐसे आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि देने के लिए बड़े पैमाने पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जो अब तक स्वतंत्रता संग्राम के गुमनाम नायक रहे हैं।

श्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि आदिवासियों ने प्राचीन काल से ही जम्मू-कश्मीर, मणिपुर, नागालैंड सहित सीमावर्ती क्षेत्रों में निवास किया है और देश की सुरक्षा में बड़ी भूमिका निभाई है। आजादी से पहले भी आदिवासी नायकों ने भारत की स्वतन्त्रता के संघर्ष में प्रमुख भूमिका निभाई है। इस श्रृंखला में बिरसा मुंडा एक बहुत ही प्रमुख नाम है और इस प्रकार, प्रधानमंत्री के नेतृत्व में मंत्रिमंडल ने उनके जन्मदिन को जन जातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि इस भावना के माध्यम से, पूरा देश विभिन्न आदिवासी नायकों और स्वतंत्रता संग्राम में उनकी भूमिका के प्रति आभार व्यक्त करता है।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image001RO8S.jpg

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image002ADK6.jpg

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image0037II1.jpg

आजादी का अमृत महोत्सव के लिए आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मान देने के लिए 15 से 22 नवंबर तक कार्यक्रमों के आयोजन की योजना बनाई गई है। उन्होंने यह भी बताया कि आजादी का अमृत महोत्सव दूर-दराज के क्षेत्रों सहित पूरे देश में मनाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यह उत्सव सभी को शिक्षा, आदिवासियों के लिए स्वास्थ्य और आदिवासी संस्कृति और कला के संरक्षण के क्षेत्र में काम करने के लिए भी प्रेरित करेगा।

श्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि 15 नवंबर को प्रधानमंत्री पहले नई दिल्ली में संसद भवन में बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे और रांची में वर्चुअल माध्यम से बिरसा मुंडा स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का उद्घाटन करेंगे। इस बारे में और अधिक जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि संग्रहालय रांची जेल में बना है जहां कैद के दौरान बिरसा मुंडा की मृत्यु हुई थी। उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री भोपाल में एक समारोह के माध्यम से आधिकारिक तौर पर बिरसा मुंडा जनजातीय गौरव दिवस का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम में 2 लाख से अधिक आदिवासी शामिल होंगे।

नई दिल्ली में 16 नवंबर से, राष्ट्रीय आदि महोत्सव आयोजित किया जाएगा जो आदिवासी उत्पादों और आदिवासी कला और उनकी संस्कृति को प्रदर्शित करने के लिए एक मंच प्रदान करता है।

उन्होंने कहा कि रानी दुर्गावती, रानी गैदिनल्यू और बाबा तिलका मांझी सहित कई आदिवासी नायक हैं जिन्होंने आजादी के संघर्ष में खुद को कुर्बान कर दिया है। उन्होंने बताया कि आजादी से पहले के 85 से अधिक आदिवासी आंदोलनों की पहचान की गई है और उन्हें संकलित किया जा रहा है। श्री मुंडा ने कहा कि 200 से अधिक आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों की पहचान विभिन्न राज्यों द्वारा की गई है।

जनजातीय कार्य मंत्रालय आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है और बिरसा मुंडा स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय रांची सहित 10 आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों के संग्रहालयों को मंजूरी दी है। रांची संग्रहालय में रांची में बिरसा मुंडा जेल के संरक्षण और नवीनीकरण कार्यों को पूरा करना, 13 आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों की मूर्तियों की स्थापना, लाइट एंड साउंड शो शामिल हैं। मंत्री महोदय ने अंत में कहा कि इन सभी पहलों और आने वाली कई अन्य पहल अब देश में आदिवासी लोगों के वास्तविक योगदान को सामने लाएगी और उनके सर्वांगीण विकास के लिए एक कार्य योजना भी प्रस्तुत करेंगी।

कार्यक्रमों के बारे में अधिक जानकारी के लिए कृपया यहां क्लिक करें

****

एमजी/एएम/एमकेएस/डीवी



(Release ID: 1771354) Visitor Counter : 706