Others

बिहार के विकास को मिली रफ्तार, अमृत काल की विशेष सौगात बनी अमृत भारत एक्सप्रेस

Posted On: 19 DEC 2025 3:19PM

भारतीय रेलवे ने बीते कुछ वर्षों में यात्री सुविधाओं, गति और सुरक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक बदलाव किए हैं। वंदे भारत, नमो भारत और अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों ने देश के रेलवे सिस्टम को एक नई दिशा दी है। पूर्णतया वातानुकूलित वंदे भारत के बाद अमृत भारत एक्सप्रेस एक ऐसी आधुनिक ट्रेन के रूप में सामने आई है, जो गैर-वातानुकूलित स्लीपर और अनारक्षित श्रेणी में यात्रा करने वाले यात्रियों को कम किराए में विश्व स्तरीय सुविधाओं के साथ आरामदायक सफर का अनुभव प्रदान कर रही है।  'विकसित बिहार से विकसित भारत' के विजन को भी साकार करने की दिशा में अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें आज बड़ी भूमिका निभा रही हैं। 

अमृत भारत एक्सप्रेस: अमृत काल की विशेष सौगात

अमृत भारत एक्सप्रेस ‘अमृत काल’ की एक विशेष सौगात के रूप में उभरी है। यह ट्रेन ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प और ‘मेक इन इंडिया’ अभियान को मजबूती देती है। स्वदेशी तकनीक से डिजाइन और निर्मित यह ट्रेन गैर-एसी कोच में सफर करने वाले यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और भरोसेमंद रेल यात्रा का अनुभव देने के उद्देश्य से तैयार की गई है। कम किराए में आधुनिक सुविधाओं के साथ आरामदायक यात्रा इसका मूल उद्देश्य है।

1

बिहार से हुई ऐतिहासिक शुरुआत

भारतीय रेलवे ने देश की पहली अमृत भारत एक्सप्रेस की शुरुआत बिहार से की। दिसंबर 2023 में दरभंगा-आनंद विहार टर्मिनल के बीच पहली अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू की गई। वर्तमान में बिहार में 26 अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन सेवाओं ने रेल यात्रियों के सफर को आरामदायक और किफायती बनाया है। ये अमृत भारत ट्रेनें  बिहार को दिल्ली, मुंबई जैसे महानगरों समेत अन्य राज्यों से जोड़ती हैं। इसके जरिए बिहार के लाखों रेल यात्री किफायती और आरामदायक यात्रा का लाभ उठा रहे हैं। 

बिहार से देशभर को जोड़ती अमृत भारत एक्सप्रेस

  • पटना (राजेंद्र नगर टर्मिनल)↔नई दिल्ली 
  • दरभंगा↔दिल्ली (आनंद विहार) 
  • बापूधाम मोतिहारी↔दिल्ली (आनंद विहार)              
  • मुजफ्फरपुर↔चारलापल्ली (हैदराबाद के पास) 
  • दरभंगा↔मदार (अजमेर के पास) 
  • छपरा↔दिल्ली (आनंद विहार) 
  • जोगबनी↔ईरोड (तमिलनाडु) 
  • सहरसा↔छेहरटा (अमृतसर)        
  • दरभंगा↔गोमती नगर (लखनऊ)                             
  • मालदा टाउन↔गोमती नगर                                        
  • सीतामढ़ी↔दिल्ली                                                          
  • गया↔दिल्ली  
  • सहरसा↔मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस, LTT)

2

तेज रफ्तार और उन्नत तकनीक

उच्च गति, उन्नत सुरक्षा मानक और विश्व स्तरीय सेवा अमृत भारत एक्सप्रेस की प्रमुख पहचान हैं। ट्रेन में पुश-पुल (Push-Pull) तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जिससे ट्रेन तेजी से गति पकड़ती है और कम समय में रुकती है। झटका-मुक्त अर्ध-स्वचालित कपलर, बेहतर ब्रेकिंग और टक्कर के प्रभाव को रोकने की उन्नत विशेषताएं इसे सुरक्षित बनाती हैं।

3

यात्री सुविधाओं का नया मानक

अमृत भारत एक्सप्रेस के गैर-एसी कोचों में यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। प्रत्येक सीट के पास मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, यूएसबी टाइप-ए और टाइप-सी चार्जिंग सॉकेट, बेहतर एलईडी लाइट फिटिंग और आधुनिक इंटीरियर उपलब्ध हैं। वंदे भारत स्लीपर की तर्ज पर सीट और बर्थ का बेहतर सौंदर्य और डिजाइन यात्रियों को आरामदायक अनुभव देता है। बर्थ पर चढ़ने के लिए सीढ़ियों का बेहतर डिजाइन भी इसमें शामिल है।
ट्रेन में एक कोच से दूसरे कोच में सुरक्षित आवागमन के लिए पूरी तरह से सील्ड गैंगवे की व्यवस्था है। दो कोचों को आसानी से जोड़ने और अलग करने के लिए तेजी से खोलने वाले तंत्र के साथ सीलबंद मार्ग उपलब्ध कराया गया है। नॉन-एसी पेंट्री में बढ़ी हुई हीटिंग क्षमता दी गई है, जिससे यात्रियों को बेहतर खानपान सुविधा मिल सके।

4

सुरक्षा के अत्याधुनिक प्रावधान

सुरक्षा के मामले में भी अमृत भारत एक्सप्रेस अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है। सभी कोचों और सामान कक्ष में सीसीटीवी प्रणाली, कवच सिस्टम, फायर डिटेक्शन और शौचालयों एवं विद्युत कक्षों में एरोसोल आधारित अग्नि शमन प्रणाली का प्रावधान किया गया है। यात्रियों और गार्ड/ट्रेन मैनेजर के बीच दो-तरफा संचार के लिए आपातकालीन टॉक-बैक प्रणाली भी मौजूद है। ईपी सहायता प्राप्त ब्रेकिंग प्रणाली ट्रेन की सुरक्षा को और मजबूत बनाती है। नॉन-एसी कोचों में भी अग्निसुरक्षा के अत्याधुनिक प्रावधान किए गए हैं।

बिहार के लिए मजबूत कनेक्टिविटी और विकास का माध्यम

अमृत भारत एक्सप्रेस के जरिए रेलवे ने बिहार राज्य को मजबूत कनेक्टिविटी प्रदान की है। गांव और कस्बों से लेकर महानगरों तक यह ट्रेन लाखों लोगों को यात्रा में सहूलियत दे रही है। अयोध्या जैसे तीर्थस्थलों से होकर गुजरते हुए और बिहार के विभिन्न सांस्कृतिक केंद्रों को दिल्ली व मुंबई से जोड़कर यह ट्रेन संस्कृति और परंपरा को आधुनिकता से जोड़ने का कार्य कर रही है। इस आधुनिक ट्रेन सेवा से बिहार में रोजगार, व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे अहम क्षेत्रों को नई दिशा मिली है। किफायती किराया, तेज रफ्तार और अत्याधुनिक सुविधाओं के कारण यात्रियों के बीच इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है।

6

सपनों और अवसरों की जीवनरेखा

अमृत भारत एक्सप्रेस आज केवल एक ट्रेन नहीं, बल्कि सपनों और अवसरों को जोड़ने वाली जीवनरेखा बन चुकी है। गरीब और मध्यम वर्गीय यात्रियों को ध्यान में रखकर तैयार की गई यह स्वदेशी ट्रेन सुगम, तेज और भरोसेमंद यात्रा का प्रतीक है। आधुनिक तकनीक, बेहतर सुरक्षा और किफायती किराए के साथ अमृत भारत एक्सप्रेस भारतीय रेलवे के नए युग का प्रतिनिधित्व करती है।

निष्कर्षः

मध्यम वर्ग और आम लोगों के बीच एक लोकप्रिय ट्रेन के रूप में अलग पहचान बना चुकी अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें देश के विभिन्न हिस्सों, खासकर उत्तर और दक्षिण भारत से बिहार की कनेक्टिविटी को मजबूती दे रही हैं। इसके संचालन से राज्य में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और पर्यटन, व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।देश की रेल व्यवस्था में आधुनिकीकरण का प्रतीक बनी अमृत भारत एक्सप्रेस 'विकसित बिहार से विकसित भारत' के विजन को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

                                                                                                   ****

                                                                                          ठाकुर शक्तिलोचन

(Explainer ID: 156590) आगंतुक पटल : 1095
Provide suggestions / comments