Infrastructure

अमृत भारत स्टेशन योजना के अनतर्गत बिहार में रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास

98 स्टेशनों पर आधुनिक यात्री सुविधाओं, बेहतर कनेक्टिविटी और समावेशी अवसंरचना की दिशा में ठोस कदम

Posted On: 17 DEC 2025 12:15PM

बिहार में रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास

भारत सरकार द्वारा दीर्घकालिक दृष्टिकोण के साथ रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास एवं आधुनिकीकरण के उद्देश्य से अमृत भारत स्टेशन योजना की शुरुआत की गई है। इस योजना के अंतर्गत यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने, स्टेशन परिसरों को आधुनिक स्वरूप देने तथा शहरों के समग्र विकास में रेलवे स्टेशनों की भूमिका को सुदृढ़ करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

बिहार में अमृत भारत स्टेशन योजना

अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत बिहार राज्य में कुल 98 रेलवे स्टेशनों को विकास के लिए चिह्नित किया गया है। अब तक इस योजना के अंतर्गत बिहार राज्य के दो स्टेशनों—पीरपैंती और थावे—पर विकास कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं। अन्य स्टेशनों पर कार्य तेज़ी से प्रगति पर है।

कौन-कौन से स्टेशन बदल रहे हैं?

जमुई स्टेशन

  • नई स्टेशन बिल्डिंग एवं दोपहिया पार्किंग क्षेत्र हेतु भूतल, मेज़ानाइन और प्रथम तल की स्लैब कास्टिंग पूर्ण।

  • छत की फर्श एवं परिचलन क्षेत्र का कार्य प्रारंभ।

सिमुलतला स्टेशन

  • दूसरे प्रवेश/निकास द्वार पर स्टेशन भवन, परिचलन क्षेत्र, पार्किंग एवं प्लेटफॉर्म विस्तार का कार्य पूर्ण।

  • संकेतक बोर्ड, सवारी डिब्बा सूचना बोर्ड एवं रेलगाड़ी सूचना बोर्ड स्थापित।

लखीसराय स्टेशन

  • नए मुख्य प्रवेश स्टेशन भवन, आधुनिक शौचालय, कॉनकोर्स, टिकट काउंटर, नए प्लेटफॉर्म शेल्टर, परिचलन क्षेत्र, पार्किंग, दिव्यांगजन सुविधाएं, लैंडस्केपिंग, प्रकाश व्यवस्था सुधार तथा पैदल पार पुल विस्तार का कार्य पूर्ण।

  • फिनिशिंग कार्य प्रगति पर।

मुंगेर स्टेशन

  • कॉनकोर्स, सशुल्क शौचालय, बरामदा, लिफ्ट, दिव्यांगजन सुविधाएं, सवारी डिब्बा एवं रेलगाड़ी सूचना बोर्ड का कार्य पूर्ण।

  • स्टेशन भवन की ऊंचाई बढ़ाने एवं परिचलन क्षेत्र सुधार का कार्य प्रारंभ।

अन्य सुधार कार्य भी जारी

  • झाझा स्टेशन पर प्लेटफॉर्म उन्नयन, पैदल पार पुल और दिव्यांगजन सुविधाएं पूरी की जा चुकी हैं।

  • किउल स्टेशन पर प्लेटफॉर्म सुधार और दिव्यांगजन सुविधाओं के बाद पैदल पार पुल एवं लिफ्ट से जुड़े कार्य प्रगति पर हैं। 

अमृत भारत स्टेशन योजना की प्रमुख विशेषताएं

इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक स्टेशन के लिए एक मास्टर प्लान तैयार कर चरणबद्ध ढंग से कार्यान्वयन किया जा रहा है। प्रमुख घटक इस प्रकार हैं—

  • स्टेशन एवं परिचलन क्षेत्रों तक पहुंच में सुधार

  • स्टेशन का शहर के दोनों भागों से एकीकरण

  • स्टेशन भवनों का उन्नयन

  • प्रतीक्षालय, शौचालय, बैठने की व्यवस्था एवं पेयजल सुविधाओं में सुधार

  • चौड़े पैदल पार पुल/एयर कॉनकोर्स

  • लिफ्ट, स्वचालित सीढ़ियां एवं रैंप

  • प्लेटफॉर्म सतह एवं कवर का सुधार

  • ‘एक स्टेशन एक उत्पाद’ योजना के अंतर्गत स्थानीय उत्पादों हेतु कियोस्क

  • पार्किंग एवं विभिन्न यातायात साधनों के साथ एकीकरण

  • दिव्यांगजनों के लिए समर्पित सुविधाएं

  • आधुनिक यात्री सूचना प्रणाली

  • एक्जीक्यूटिव लाउंज, व्यावसायिक बैठक स्थल एवं लैंडस्केपिंग

दीर्घकाल में स्टेशन परिसरों को सिटी सेंटर के रूप में विकसित करने की भी परिकल्पना की गई है। 

दिव्यांगजन अनुकूल स्टेशन

भारत सरकार के “सुगम्य भारत मिशन” के अंतर्गत भारतीय रेल दिव्यांगजनों और कम गतिशीलता वाले यात्रियों के लिए स्टेशनों को सुलभ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 के अनुरूप प्रवेश रैंप, सुलभ पार्किंग, कम ऊंचाई वाले टिकट काउंटर, शौचालय, पेयजल बूथ, लिफ्ट/रैंप सहित पैदल पार पुल, ब्रेल साइनेज एवं स्पर्शनीय पथ जैसी सुविधाएं चरणबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जा रही हैं।

वित्तीय प्रावधान

स्टेशन विकास कार्य योजना शीर्ष-53 ‘ग्राहक सुविधाएं’ के अंतर्गत वित्तपोषित किए जाते हैं। वित्त वर्ष 2025-26 के लिए बिहार के चार रेलवे ज़ोनों को 1,824 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं, जिनमें से अक्टूबर 2025 तक 1,109 करोड़ रुपये व्यय किए जा चुके हैं। 

स्थानीय पहचान को मंच: ‘एक स्टेशन एक उत्पाद’

रेल मंत्रालय की ‘एक स्टेशन एक उत्पाद’ योजना का उद्देश्य वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा देना, स्थानीय/स्वदेशी उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना तथा यात्रियों को भारत की सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है।

30 नवंबर 2025 की स्थिति के अनुसार, बिहार के 147 रेलवे स्टेशनों पर ओएसओपी इकाइयां संचालित हैं।

निष्कर्ष

अमृत भारत स्टेशन योजना के माध्यम से बिहार के रेलवे स्टेशन केवल यात्रा के बिंदु नहीं, बल्कि आधुनिक, सुलभ और जीवंत सार्वजनिक स्थानों के रूप में विकसित हो रहे हैं—जो यात्रियों, स्थानीय अर्थव्यवस्था और शहरी विकास—तीनों को एक साथ सशक्त बनाते हैं।

****

मोहित कुमार पाण्डेय
(Explainer ID: 156540) आगंतुक पटल : 1230
Provide suggestions / comments