Energy & Environment
मिशन अमृत सरोवर
समुदाय-आधारित संरक्षण के माध्यम से भारत की जल विरासत को पुनर्जीवित करना
Posted On:
17 APR 2025 5:36PM
परिचय

भारत की जल चुनौतियों के लिए लंबे समय से संरचनात्मक और सहभागी युक्तियों दोनों की आवश्यकता रही है। इस पृष्ठभूमि में भारत सरकार ने आजादी का अमृत महोत्सव के तहत एक प्रमुख पहल के रूप में 2022 में मिशन अमृत सरोवर की शुरुआत की। इस मिशन का उद्देश्य देश भर के प्रत्येक जिले में 75 जल निकायों का निर्माण और पुनरुद्धार करना है, जिससे जल संरक्षण को बढ़ावा मिले, स्थिरता सुनिश्चित हो और सार्वजनिक भागीदारी के माध्यम से पारंपरिक सामुदायिक जल निकायों को पुनर्जीवित किया जा सके।
15 अगस्त, 2023 तक 50,000 अमृत सरोवर बनाने की दृष्टि से शुरू की गई इस पहल को अब आगे बढ़ाया गया है और यह ग्रामीण विकास, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सशक्तिकरण को जोड़ने वाला एक राष्ट्रव्यापी आंदोलन बन गया है। यह केवल जलाशय निर्माण की पहल नहीं है- यह राष्ट्रीय गौरव, पारिस्थितिकीय पुनरुद्धार और जमीनी स्तर के शासन के संयोजन का प्रतिनिधित्व करता है। भूजल के स्तर में गिरावट और ग्रामीण जल की कमी के बारे में बढ़ती चिंताओं की पृष्ठभूमि में मिशन अमृत सरोवर एक कार्यनीतिक प्रतिक्रिया के रूप में उभरा है- जिसमें परंपरा को आधुनिकता और संस्थागत संयोजन को सार्वजनिक संघटन के साथ जोड़ा गया है।
मार्च 2025 तक, 68,000 से अधिक सरोवरों का निर्माण पूरा हो चुका है, जिससे विभिन्न क्षेत्रों में सतही और भूजल की उपलब्धता में वृद्धि हुई है। महात्मा गांधी नरेगा के तहत, 46,000 से अधिक सरोवरों का निर्माण/पुनरुद्धार किया गया। इन सरोवरों ने न केवल तात्कालिक जल आवश्यकताओं को पूरा किया है, बल्कि स्थायी जल स्रोत भी स्थापित किए हैं, जो दीर्घकालिक पर्यावरणीय स्थिरता और सामुदायिक कल्याण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
पृष्ठभूमि और विजन
अमृत सरोवर सतह और भूमिगत दोनों ही स्तरों पर जल की उपलब्धता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अमृत सरोवरों का विकास रचनात्मक कार्यों का एक महत्वपूर्ण प्रतीक भी है, जो आज़ादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर देश को समर्पित है और टिकाऊ तथा दीर्घकालिक उत्पादक परिसंपत्तियों का निर्माण करता है, जो जीवों और पर्यावरण दोनों के लिए लाभप्रद है।
मिशन अमृत सरोवर की घोषणा 24 अप्रैल, 2022 को प्रधानमंत्री द्वारा जम्मू के सांबा जिले के पल्ली ग्राम पंचायत में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के उपलक्ष्य में की गई थी। ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा संचालित इस पहल में सात मंत्रालयः ग्रामीण विकास मंत्रालय, जल शक्ति मंत्रालय, पंचायती राज मंत्रालय, पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, रेल मंत्रालय, संस्कृति मंत्रालय और सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय शामिल हैं। इस मिशन को भास्कराचार्य राष्ट्रीय अंतरिक्ष अनुप्रयोग और भू-सूचना विज्ञान संस्थान (बीआईएसएजी-एन) का भी समर्थन प्राप्त है। इस बहु-हितधारक दृष्टिकोण का उद्देश्य पहल के संयोजन, दक्षता और भागीदारी स्वामित्व को सुनिश्चित करना था। राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) ने एक केंद्रीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म- amritsarovar.gov.in का प्रावधान किया है, जो बारीक स्तर पर वास्तविक समय की प्रगति को ट्रैक करता है, पारदर्शिता सुनिश्चित करता है और विभागों और राज्यों के बीच समन्वय को सक्षम बनाता है।
इस मिशन का उद्देश्य "देश के हर जिले में कम से कम 75 अमृत सरोवर (तालाबों) का निर्माण/पुनरुद्धार करना" है। प्रत्येक अमृत सरोवर को न्यूनतम 1 एकड़ (0.4 हेक्टेयर) के तालाब क्षेत्र के लिए डिज़ाइन किया गया है, जिसमें लगभग 10,000 क्यूबिक मीटर की जल धारण क्षमता है। महत्वपूर्ण बात यह है कि जलाशय सामाजिक-सांस्कृतिक केंद्रों के रूप में भी काम करते हैं- कई राष्ट्रीय नायकों और स्वतंत्रता सेनानियों से जुड़े हैं, जो स्वामित्व और सम्मान की भावना को पोषित करते हैं।
मिशन का मुख्य उद्देश्य है:
- जल संरक्षण और संधारणीय जल प्रबंधन प्रथाओं को बढ़ावा देना
- विकेंद्रीकृत शासन को सुदृढ़ करना और ग्राम पंचायतों को सशक्त बनाना
- मनरेगा और संबंधित योजनाओं के तहत रोजगार को बढ़ावा देना
- पारंपरिक और सांस्कृतिक जल संरचनाओं और सामुदायिक भागीदारी को पुनर्जीवित करना
संस्थागत संयोजन और कार्यान्वयन तंत्र
मिशन अमृत सरोवर के कार्य राज्यों और जिलों द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (महात्मा गांधी नरेगा), 15वें वित्त आयोग अनुदान, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, उप-योजनाओं जैसे वाटरशेड डेवलपमेंट कंपोनेंट, हर खेत को पानी, राज्यों की अपनी योजनाओं के अलावा विभिन्न जारी योजनाओं के संयोजन के साथ किए जा रहे हैं।
अमृत सरोवरों की प्रगति की निगरानी के लिए, पंचायत स्तर पर निम्नलिखित व्यवस्थाएं की गई हैं:
- प्रत्येक अमृत सरोवर के लिए दो समर्पित प्रभारी अर्थात पंचायत प्रतिनिधि और पंचायत स्तर के अधिकारी तैनात किए जाएंगे।
- ग्राम पंचायत पंचायत प्रतिनिधि को नामित करेगी, जो नागरिक पर्यवेक्षक के रूप में कार्य करेगा और सामुदायिक हितों की रक्षा करते हुए पंचायत में अमृत सरोवर के ईमानदार और निष्पक्ष क्रियान्वयन के लिए उत्तरदायी होगा।
- पंचायत स्तर का अधिकारी प्रगति की निगरानी करेगा और उचित फोटो तथा वीडियो के साथ दस्तावेज के रूप में प्रगति की रिपोर्ट करते हुए पंचायत में मिशन के ईमानदार कार्यान्वयन को सुनिश्चित करेगा।
मिशन अमृत सरोवर के दिशानिर्देशों के अनुसार, अमृत सरोवरों के प्रभावी रखरखाव और स्थिरता के लिए प्रत्येक सरोवर से जुड़े उपयोगकर्ता समूहों का गठन और स्पष्ट मानचित्रण आवश्यक है, जो व्यापक स्तर पर स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों से लिए गए हैं। उपयोगकर्ता समूह एक स्वैच्छिक समूह है, जो पानी के कुशल उपयोग को बढ़ावा देने के लिए सरोवर के संरक्षण और प्रबंधन के लिए सामूहिक रूप से कार्य करता है। यह महिलाओं और निर्बल वर्गों के पर्याप्त प्रतिनिधित्व के साथ सरोवर के उपयोगकर्ता सदस्यों का प्रतिनिधि निकाय है। सरोवरों के इष्टतम उपयोग और रखरखाव के लिए इन उपयोगकर्ता समूहों की उचित पहचान और समन्वयन आवश्यक है। उपयोगकर्ता समूह वृक्षारोपण कार्यकलापों सहित अमृत सरोवर के जारी उपयोग और रखरखाव के लिए भी उत्तरदायी होगा। जलग्रहण क्षेत्र से गाद हटाने का काम प्रत्येक मानसून ऋतु के बाद उपयोगकर्ता समूहों द्वारा स्वैच्छिक रूप से किया जाना चाहिए।
उपयोग के आधार पर विभिन्न प्रकार के उपयोगकर्ता समूह बनाए जा सकते हैं:
- ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति (वीडब्ल्यूएससी) / पानी समिति (पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, भारत सरकार)
- स्वयं सहायता समूह (एनआरएलएम)
- मछुआरों का समूह (मत्स्य पालन विभाग, भारत सरकार)
- वन समिति (वन विभाग)
- जलकृषि व्यवसायी
- सिंघाड़े की खेती करने वाले
- कमल की खेती करने वाले
- मखाना की खेती करने वाले
- बतख पालन
10. पशुधन उपयोगकर्ताओं के लिए जल
11. घरेलू जल उपयोगकर्ता
12. स्थानीय झीलों के सामाजिक-आर्थिक महत्व के आधार पर कोई अन्य

अमृत सरोवरों के लाभ को इष्टतम करने तथा कार्यान्वयन को सर्वाधिक विश्वसनीय तरीके से सुनिश्चित करने के लिए, स्थल चयन से लेकर इसके पूरा होने तक दूरसंवेदी और भूस्थानिक जैसी नवीनतम और सर्वाधिक प्रासंगिक प्रौद्योगिकियों का व्यापक रूप से उपयोग किया जा रहा है।
चरण I (अप्रैल 2022 – अगस्त 2023)
कुल मिलाकर, 15 अगस्त, 2023 तक 50,000 अमृत सरोवर बनाने का लक्ष्य निर्धारित समय से पहले ही प्राप्त कर लिया गया। मई 2023 तक, 59,492 अमृत सरोवरों का निर्माण सफलतापूर्वक पूरे हो चुके हैं।
मिशन लक्ष्य की पूर्ति के अतिरिक्त, अमृत सरोवर को पंचायत प्रतिनिधियों, पंचायत स्तर के अधिकारियों, उपयोगकर्ता समूहों से जोड़ना अनिवार्य पहलू थे। मिशन से लगभग 79,080 पंचायत प्रतिनिधि और 92,359 पंचायत स्तर के अधिकारी जुड़े हुए थे। मिशन में लगभग 2,203 स्वतंत्रता सेनानी, पंचायत के 22,993 वरिष्ठ सदस्य, स्वतंत्रता सेनानियों के 385 परिवार के सदस्य, शहीदों के 742 परिवार के सदस्य और 69 पद्म पुरस्कार विजेताओं ने भाग लिया।
प्रत्येक पूर्ण हो चुके अमृत सरोवर में एक कॉमन साइनेज बोर्ड है, जिसमें साइट के सभी विवरण बताए गए हैं, जिसमें वह योजना भी शामिल है, जिसके तहत इसका निर्माण किया गया था और नीम, बरगद, पीपल और किसी भी अन्य देशी पेड़ों का अनिवार्य रोपण शामिल है। मिशन के माध्यम से लगभग 23,51,331 पेड़ लगाए गए, जिनमें से 5,32,124 नीम, 3,65,791 पीपल, 3,24,945 बरगढ़ और 11,28,471 अन्य देशी पेड़ थे।

चरण II (सितंबर 2023 से जारी)
मिशन अमृत सरोवर के चरण II में जल उपलब्धता सुनिश्चित करने पर नए सिरे से ध्यान केंद्रित करने की परिकल्पना की गई है, जिसमें सामुदायिक भागीदारी (जन भागीदारी) को इसके मूल में रखा गया है, और इसका उद्देश्य जलवायु अनुकूलता को सुदृढ़ करना, पारिस्थितिक संतुलन को बढ़ावा देना और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्थायी लाभ प्रदान करना है। 17 अप्रैल, 2025 तक मिशन के दूसरे चरण के अंतर्गत कुल 3,182 स्थलों की पहचान की गई है।
राज्यवार प्रदर्शन की मुख्य बातें
मार्च 2025 तक मिशन अमृत सरोवर पहल के अंतर्गत शीर्ष 5 प्रदर्शन करने वाले राज्य, पूर्ण किए गए अमृत सरोवरों की संख्या के आधार पर रैंक किए गए हैं:
|
रैंक
|
राज्य
|
पूर्ण किए गए अमृत सरोवरों की संख्या
|
|
1
|
उत्तर प्रदेश
|
16,630
|
|
2
|
मध्य प्रदेश
|
5,839
|
|
3
|
कर्नाटक
|
4,056
|
|
4
|
राजस्थान
|
3,138
|
|
5
|
महाराष्ट्र
|
3,055
|
सामुदायिक सहयोग एवं नवोन्मेषी कार्यप्रणालियां
जन भागीदारी इस मिशन का मूल रहा है और इसमें सभी स्तरों पर लोगों की भागीदारी शामिल है। अब तक प्रत्येक अमृत सरोवर के लिए 65,285 उपयोगकर्ता समूह बनाए गए हैं। ये उपयोगकर्ता समूह अमृत सरोवर के विकास की समस्त प्रक्रिया में पूरी तरह से शामिल होते हैं, जैसे व्यवहार्यता आकलन, क्रियान्वयन और उसका उपयोग। लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सरकार के प्रयासों में सहायता के लिए नागरिकों और गैर-सरकारी संसाधनों को जुटाने के लिए मिशन अमृत सरोवर के दिशा-निर्देशों में निम्नलिखित स्पष्ट प्रावधान किए गए हैं:
- स्वतंत्रता सेनानी या उनके परिवार के सदस्य या शहीद (स्वतंत्रता के बाद) के परिवार या स्थानीय पद्म पुरस्कार विजेता के नेतृत्व में अमृत सरोवर की आधारशिला रखना और यदि ऐसा कोई नागरिक उपलब्ध नहीं है, तो स्थानीय ग्राम पंचायत के सबसे वरिष्ठ सदस्य द्वारा शिलान्यास करना।
- लोगों को निर्माण सामग्री, बेंच का दान और श्रमदान के माध्यम से भाग लेने का प्रावधान।
- यदि ग्राम समुदाय चाहे तो सरोवर स्थल पर सौंदर्यीकरण कार्यों के लिए क्राउड सोर्सिंग और कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) योगदान के माध्यम से आवश्यक दान जुटाया जा सकता है।
- यह प्रावधान किया गया है कि स्वतंत्रता दिवस/गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रत्येक अमृत सरोवर स्थल पर स्वतंत्रता सेनानी या उसके परिवार के सदस्य या शहीद के परिवार के सदस्य या स्थानीय पद्म पुरस्कार विजेता द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। अमृत सरोवर स्थलों पर राष्ट्रीय कार्यक्रम मनाए जाने हैं।
- सिंचाई, मत्स्य पालन या सिंघाड़े की खेती सहित ऐसी जल संरचना के संभावित उपयोगकर्ताओं की पहचान की जानी चाहिए और उनके समूह के निर्माण को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
मिशन सिंचाई, जलीय कृषि और संबद्ध गतिविधियों के लिए जल संसाधनों का इष्टतम उपयोग सुनिश्चित करने के लिए विशेष रूप से किसानों, मछुआरों और स्थानीय समुदायों के बीच उपयोगकर्ता समूहों के गठन को बढ़ावा देता है।
आर्थिक और पारिस्थितिकीय प्रभाव
मिशन अमृत सरोवर ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा दे रहा है, क्योंकि पूर्ण हो चुके सरोवरों की पहचान विभिन्न गतिविधियों जैसे सिंचाई, मत्स्य पालन, बत्तख पालन, सिंघाड़े की खेती और पशुपालन आदि के उद्देश्य से की गई है। ये गतिविधियां विभिन्न उपयोगकर्ता समूहों द्वारा की जा रही हैं, जो प्रत्येक अमृत सरोवर से जुड़े हुए हैं।

केंद्रीय भूजल बोर्ड (सीजीडब्ल्यूबी) द्वारा राज्य सरकारों के सहयोग से किए गए भूजल संसाधन मूल्यांकन से पता चलता है कि निरंतर संरक्षण प्रयासों के कारण भूजल पुनर्भरण में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। टैंकों, तालाबों और जल संरक्षण संरचनाओं से पुनर्भरण 2017 में 13.98 बिलियन क्यूबिक मीटर (बीसीएम) से बढ़कर 2024 में 25.34 बीसीएम हो गया, जो मिशन अमृत सरोवर जैसे जल संरक्षण की सफलता और भूजल स्तर को बनाए रखने में टैंकों, तालाबों और जल संरक्षण संरचनाओं की भूमिका को दर्शाता है। इन सरोवरों ने न केवल तात्कालिक जल आवश्यकताओं को पूरा किया है, बल्कि स्थायी जल स्रोत भी स्थापित किए हैं जिनका उपयोग सिंचाई और अन्य उद्देश्यों के लिए किया जा सकता है, जिससे कृषि उत्पादकता में सुधार होता है।
सफलता गाथाएं
1. कब्रिस्तान के पास तालाब का पुनरुद्धार: अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
अमृत सरोवर के तहत तालाब का पुनरुद्धार किया गया है और यह ग्राम पंचायत गोविंद नगर, कैंपबेल बे, ग्रेट निकोबार के अंतर्गत कब्रिस्तान के पास सैटेलाइट बस्ती में स्थित है। यह एक सामुदायिक उपयोग आधारित सरोवर है जिसका प्रत्यक्ष लाभ 200 ग्रामीणों को मिलता है। इस कार्य से 24 परिवारों को रोजगार मिला है। सरोवर के चारों ओर नीम और अन्य पेड़ लगाए गए हैं और ट्री गार्ड लगाए गए हैं। इसके साथ ही, सरोवर स्थानीय किसानों के लिए भी मददगार है क्योंकि इससे आस-पास के खेतों में नमी बनी रहती है और वे सरोवर के पानी का उपयोग सिंचाई और पशुपालन के लिए करते हैं।

2. इंदपे गदराही पोखर: बिहार
बिहार के जमुई जिले में इंदपे पंचायत है, जहां एक तालाब उपेक्षित अवस्था में था। इंदपे ग्राम पंचायत ने इस तालाब के जीर्णोद्धार का निर्णय लिया। महात्मा गांधी नरेगा के तहत पुनरुद्धार कार्य शुरू किया गया। जीर्णोद्धार के कारण इस तालाब को नया जीवन मिला है और यह आकर्षक दिखाई दे रहा है। 1.04 एकड़ क्षेत्र में फैला यह सरोवर लोगों के आकर्षण का बड़ा केंद्र बन गया है। इसे पेवर ब्लॉक पाथवे से खूबसूरती से सजाया गया है और बैठने के लिए बेंच की उचित सुविधा दी गई है। तालाब के चारों ओर पौधारोपण भी किया गया है। इस तालाब में नौकायन की सुविधा भी शुरू की गई है, जो इसे अनूठा बना रही है और आजीविका का साधन भी बन रही है। इस सुंदर ढंग से सजाए गए अमृत सरोवर को सोलर ट्री और सोलर लाइट्स की स्थापना से बेहद आकर्षक रूप दिया जा रहा है। यहां एक इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले बोर्ड भी लगाया गया है। बड़ी संख्या में सुबह की सैर करने वाले लोग स्वास्थ्य लाभ उठा रहे हैं। सरोवर और इसके आसपास का क्षेत्र अब बच्चों के खेलने और मौज-मस्ती करने के लिए सबसे पसंदीदा जगह बन गया है। नारी शक्ति जीविका समूह इस अमृत सरोवर का उपयोग मत्स्य पालन गतिविधि के लिए कर रहा है।

3. डाइन डिटे रिजो में मछली तालाब: अरुणाचल प्रदेश
मिशन अमृत सरोवर के तहत डाइन डिटे रिजो में मछली तालाब का निर्माण किया जा रहा है, जो एक नियंत्रित तालाब, छोटी कृत्रिम झील या रिटेंशन बेसिन है, जिसमें मछलियां होती हैं और जिसका उपयोग मछली पालन, शौकिया मछली पकड़ने या सजावटी उद्देश्यों के लिए जलीय कृषि में किया जाता है। तालाब का उपयोग बहुत ही लाभदायक मूल्य पर बिक्री के लिए मछली पालने के लिए किया जा रहा है। मछलियों के उचित पालन-पोषण और प्रबंधन से खाद्य मछली उत्पादन में इस तरह से भारी वृद्धि हुई है कि इसका उपयोग खाद्य उत्पादन के लिए किया जा रहा है। यह तालाब पशुधन पालन, प्रजनन और विभिन्न प्रजातियों की मछलियों के पोषण के लिए भी अपरिहार्य रहा है।

निष्कर्ष
मिशन अमृत सरोवर सहकारी संघवाद, पर्यावरणीय कार्रवाई और स्थानीय लोकतंत्र का एक ऐतिहासिक उदाहरण है। सांस्कृतिक सम्मान, नागरिक जुड़ाव, वैज्ञानिक डिजाइन और संस्थागत संयोजन के इसके मिश्रण ने इसे एक जन आंदोलन- जल सुरक्षा के लिए एक जन आंदोलन के रूप में विकसित होने में सक्षम बनाया है। जैसे-जैसे देश अमृत काल की ओर बढ़ रहा है, यह मिशन न केवल भारत की तात्कालिक जल आवश्यकताओं को पूरा कर रहा है, बल्कि एक जीवंत, जल-प्रचुर ग्रामीण भविष्य की नींव भी रख रहा है। मिशन अमृत सरोवर की सफलता से ऐसे और भी समुदाय-केंद्रित विकास मॉडल को प्रेरणा मिलेगी, जो लोगों को राष्ट्रीय परिवर्तन के केंद्र में रखेंगे।
संदर्भ
https://amritsarovar.gov.in/
https://ncog.gov.in/AmritSarovar/EbookAmritSarovar.pdf
https://pib.gov.in/PressReleaseIframePage.aspx?PRID=2101868
https://amritsarovar.gov.in/AtaGlancePhase2
https://ncog.gov.in/AmritSarovar/IEC-UserGroups_English.pdf
https://sansad.in/getFile/annex/267/AU734_wedqul.pdf?source=pqars
https://pib.gov.in/PressReleaseIframePage.aspx?PRID=2114884
https://pib.gov.in/PressReleseDetail.aspx?PRID=2088996
https://sansad.in/getFile/annex/265/AU618_WCmPvE.pdf?source=pqars
https://sansad.in/getFile/loksabhaquestions/annex/184/AU4001_53M2AW.pdf?source=pqals
https://ncog.gov.in/AmritSarovar/Eventscelebrations_English.pdf
https://amritsarovar.gov.in/gallery_photos_nt
Mission Amrit Sarovar
***
एमजी/केसी/एसकेजे/एचबी
(Explainer ID: 154806)
आगंतुक पटल : 370
Provide suggestions / comments