ग्रामीण विकास मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

ग्रामीण विकास विभाग और नाबार्ड ने ग्रामीण महिलाओं के लिए सस्ते, सुरक्षित और त्वरित ऋण हेतु मिलाया हाथ


महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए ब्याज अनुदान योजना और महिला उद्यम त्वरण निधि के लिए नाबार्ड एकमात्र नोडल एजेंसी होगी; ब्याज अनुदान पोर्टल का शुभारंभ किया गया

प्रविष्टि तिथि: 25 NOV 2026 5:35PM by PIB Delhi

ग्रामीण विकास विभाग (डीओआरडी) और राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड- एनएबीएआरडी)  ने आज दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (डीएवाई-एनआरएलएम) के अंतर्गत महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए ब्याज अनुदान योजना तथा महिला उद्यम त्वरण निधि (डब्ल्यूईएएफ) के प्रबंधन एवं तक्नीकि सहायता के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते पर ग्रामीण विकास विभाग के अपर सचिव श्री विपिन कुमार तथा नाबार्ड के उप प्रबंध निदेशक श्री अजय कुमार सूद ने ग्रामीण विकास मंत्रालय के सचिव तथा नाबार्ड के अध्यक्ष डॉ. शाजी कृष्णन वी की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए। समझौते पर हस्ताक्षर के बाद सचिव महोदय और नाबार्ड के अध्यक्ष ने संयुक्त रूप से ब्याज अनुदान पोर्टल का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर श्री रोहित कंसल ने कहा कि स्वयं सहायता समूह आंदोलन उल्लेखनीय  पहुंच और व्यापक विस्तार हासिल करने के बाद अब उद्यम विकास पर केंद्रित एक नए चरण में प्रवेश कर रहा है। स्वयं सहायता समूहों के लिए अब तक 14 लाख करोड़ रुपये से ज़्यादा का औपचारिक ऋण जुटाया जा चुका है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में अनौपचारिक ऋण स्रोतों पर निर्भरता धीरे-धीरे कम हो रही है। अगले पांच वर्षों में विभाग का लक्ष्य एसएचजी के लिए अतिरिक्त 10 लाख करोड़ रुपये तथा व्यक्तिगत उद्यमों के लिए 1 लाख करोड़ रुपये के ऋण की  सुविधा उपलब्ध कराना है।

सचिव महोदय ने कहा, “ब्याज अनुदान से ऋण अधिक किफायती होगा, गारंटी शुल्क की प्रतिपूर्ति से ज़मानत-मुक्त ऋण अधिक सुरक्षित होगा और नए पोर्टल से प्रक्रिया अधिक तेज़ होगी।” उन्होंने ग्रामीण विकास विभाग और नाबार्ड से आह्वान किया कि वे एसएचजी सदस्यों के लिए उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप ऋण उत्पाद तैयार करने, विभिन्न योजनाओं से संबंधित सूचनाओं की कमियों को दूर करने तथा एक मज़बूत तथा सतत एसएचजी इकोसिस्टम के निर्माण के  लिए क्षमताओं का विकास करने हेतु मिलकर काम करें।

इस समझौते के तहत नाबार्ड दोनों योजनाओं के लिए एकमात्र नोडल एजेंसी के रूप में काम करेगा। इसके दायरे में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक, निजि क्षेत्र के बैंक, लघु वित्त बैंक, क्षेत्रिय ग्रामीण बैंक और सहकारी बैंक शामिल होंगे। नाबार्ड विभग को तकनीकी, प्रबंधकीय और कार्यान्वयन संबंधी सहायता भी प्रदान करेगा। अब बैंकों को नियमों का एक ही समूह, मिलान की एक ही प्रक्रिया और जवाबदेही का एक ही केंद्र उपलब्ध होगा।

नाबार्ड के अध्यक्ष डॉ. शाजी कृष्णन वी. ने कहा, “ये साझेदारी नाबार्ड की संस्थागत क्षमता और डीएवाई-एनआरएलएम के सामुदायिक नेटवर्क को एक साथ लाकर एसएचजी महिलाओं को आजीविका संबंधी गतिविधियों से व्यवहार्य उद्यमों की ओर बढ़ने की प्रक्रिया को गति प्रदान करेगी।” उन्होंने वित्तीय समावेशन और महिला-नेतृत्व वाले विकास को आगे बढ़ाने के लिए विभाग के साथ अपना सहयोग और मज़बूत करने की नाबार्ड की प्रतिबद्धता दोहराई।

ग्रामीण विकास विभाग के अपर सचिव श्री विपिन कुमार ने कहा कि महिला एसएचजी ने अपने वित्तीय अनुशासन और ऋण चुकाने की विश्वसनीयता के बल पर औपचारी बैंकिंग प्रणाली में एक भरोसेमंद स्थान बनाया है। उन्होंने कहा, “हमारे सामने अब सवाल यह नहीं है कि बैंकों को ग्रामीण महिलाओं को ऋण देना चाहिए या नहीं, बल्कि यह है कि यह ऋण उन्हें कितनी जल्दी, कितनी कम लागत पर और कितनी दूर तक आगे ले जा सकता है।” उन्होंने  कहा कि पोर्टल पर प्रत्येक सहभागी बैंक के जुड़ने के साथ ही दावों की समय पर प्रोसेसिंग  और उनका निपटारा सुनिश्चित किया जा सकेगा।

यह समझौता ग्रामीण महिलाओं तक ऋण सहायता पहुंचाने की व्यवस्था को और मजबूत करेगा। पूर्वानुमेय और समयबद्ध प्रतिपूर्ति से बैंकों का महिला समूहों को बड़े ऋण देने का विश्वास बढ़ेगा, जबकि कम लागत और साझा जोखिम से महिलाओं के लिए उद्यम वित्तपोषण के नए अवसर खुलेंगे। समय के साथ पोर्टल के वास्तविक समय के आकड़ों से यह स्पष्ट जानकारी मिलेगी कि ग्रामीण महिलाओं तक ऋण किस प्रकार तक पहुँच रहा है। इससे  डीएवाई-एनआरएलएम के तहत लक्षित लाभार्थियों तक अधिक सटीक ढ़ंग से पहुँचने और  बेहतर जानकारी के आधार पर नितिगत निर्णय लेने में मदद मिलेगी। ये सभी उपाय मिलकर ‘लखपति दीदियों’ को ग्रामीण उद्यमियों और रोजगार प्रदाताओं के रूप में विकसित करने की दिशा में एक निर्णायक कदम साबित होंगे।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/image001_20261125173651_29da18.jpg

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/image002_20261125173657_592903.jpg

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/image003_20261125173703_98ea2d.jpg

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/image004_20261125173708_bebd3d.jpg

ग्रामीण विकास विभाग और नाबार्ड के बीच समझौते पर हस्ताक्षर तथा ब्याज अनुदान पोर्टल का शुभारंभ, नई दिल्ली, 25 नवंबर 2026

****

पीके/केसी/आरटी/आईएम/एनजे


(रिलीज़ आईडी: 2342124) आगंतुक पटल : 10
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Assamese , Tamil