57th International Film Festival of India 2026
20 – 28 Nov 2026

किर्गिज़ फिल्म ‘स्काईलार्क’ ने आईएफएफआई में विस्थापन, स्मृतियों और संघर्ष के बीच जिजीविषा की कहानियों को जीवंत किया


ग्रैंड प्रिक्स विजेता फिल्म के निर्माताओं ने बातकेन की सीमा संबंधी वास्तविकताओं, किर्गिज़ लोककथाओं और राज कपूर एवं मिथुन चक्रवर्ती की फिल्मों से जुड़ी बचपन की यादों को साझा किया

प्रविष्टि तिथि: 26 NOV 2026 2:33PMby PIB Delhiरिलीज़ आईडी: 2341954Views: 24

निर्देशक एवं पटकथा लेखिका नार्घिजा डोटिएवा और निर्माता गुलनारा कास्माम्बेतोवा ने आज गोवा में प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित किया। यह प्रेस वार्ता 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) के अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता खंड में उनकी फिल्म स्काईलार्क के भारत में प्रीमियर के बाद आयोजित की गई। फिल्मकारों ने फिल्म को प्रेरित करने वाले वास्तविक जीवन के अनुभवों, मध्य एशिया में सोवियत संघ के विघटन के बाद सीमाओं के निर्धारण से आम लोगों पर पड़े मानवीय प्रभावों और भारतीय सिनेमा के प्रति अपने लंबे समय से चले आ रहे लगाव पर चर्चा की।

85 मिनट की यह किर्गिज़ फिल्म किर्गिस्तान-ताजिकिस्तान सीमा से जुड़ी वास्तविक घटनाओं और समाचार रिपोर्टों पर आधारित है। यहां नई सीमाएं निर्धारित किए जाने से सदियों से साथ रह रहे समुदाय एक-दूसरे से अलग हो गए हैं। फिल्म की कहानी किशोर आइबेक के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका पालन-पोषण उसकी दादी एने करती हैं। दादी के निधन के बाद आइबेक के सामने एक भावनात्मक और नैतिक चुनौती आती है। वह अपनी दादी की अंतिम इच्छा पूरी करने का प्रयास करता है। उनकी इच्छा थी कि उन्हें उनके पति के बगल में दफनाया जाए, लेकिन वह कब्रिस्तान अब ताजिकिस्तान की सीमा के पार स्थित है।

स्काईलार्क ने 2026 के अमूर ऑटम फिल्म महोत्सव में ग्रैंड प्रिक्स पुरस्कार जीता है। यह फिल्म मध्य एशिया की मौखिक कहानी कहने की परंपरा को समकालीन सिनेमा के साथ जोड़ती है।

डोटिएवा ने बताया कि फिल्म की प्रेरणा सीधे सीमा क्षेत्र में घटित घटनाओं से मिली है। वहीं, कास्माम्बेतोवा ने बताया कि किस तरह सीमाओं के अचानक बंटवारे ने बातकेन क्षेत्र के परिचित चरागाहों और पूर्वजों के कब्रिस्तानों को प्रतिबंधित क्षेत्रों में बदल दिया। किर्गिज़ लोककथाओं में भेड़ की पीठ पर शांति से घोंसला बनाने वाली स्काईलार्क (लार्क पक्षी) शांति और सद्भाव का प्रतीक है। फिल्म में यह प्रतीक संघर्ष के बीच मानवीय धैर्य और जिजीविषा के संदेश को सशक्त रूप से प्रस्तुत करता है।

भारत के साथ अपने सांस्कृतिक जुड़ाव को याद करते हुए फिल्मकारों ने बताया कि सोवियत काल के किर्गिस्तान में भारतीय सिनेमा ने उनके बचपन को किस तरह प्रभावित किया। उन्होंने याद किया कि वे अपने परिवारों के साथ बॉलीवुड फिल्में देखते थे और मोहल्ले के बच्चों के साथ घरों के आंगनों में इकट्ठा होकर गाने गाते तथा डिस्को डांसर फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती के डांस स्टेप्स की नकल करते थे। उनके अनुसार, भारतीय फिल्मों ने ऐसे समाज में भावनाओं की अभिव्यक्ति के लिए एक महत्वपूर्ण 'नई खिड़की' खोली, जहां सार्वजनिक रूप से प्रेम की अभिव्यक्ति सीमित थी।

निर्देशक ने यह भी कहा कि राज कपूर की क्लासिक फिल्मों से लेकर अमिताभ बच्चन अभिनीत फिल्मों तक, भारतीय सिनेमा ने अपनी आत्मीयता, कहानी कहने की शैली और मानवीय संबंधों की अभिव्यक्ति के कारण किर्गिस्तान में कई पीढ़ियों के दर्शकों के दिलों में जगह बनाई। इस सत्र का संचालन बृंदा रंदीप सूडान ने किया।

पूरी प्रेस वार्ता यहां देखें:

यहां इफ्फीलॉयड पढ़ें:

https://www.pib.gov.in/iffi/57/iffiLoid.aspx?yr=2026&lang=1&reg=48

***

पीके/केसी/आरटी/एसकेजे/एचबी


Great films resonate through passionate voices. Share your love for cinema with #IFFI2026 and #StoriesWithoutBorders. Tag us @pibindia on Instagram and @PIB_India on X, and we will help amplify your festival moments!

For accredited journalists, critics, bloggers, and vloggers seeking 1-on-1 interviews with filmmakers and festival juries, write to us at:
iffi.mediadesk@pib.gov.in with the subject line: Take One with PIB.


Official Release ID: 2341954
•
Media Centre: Goa
•
Festival Dates: Nov 20 – 28, 2026