वित्‍त मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

एनएलएमसी की 22वीं बोर्ड बैठक आयोजित, लगभग 1,300 करोड़ रुपये के नए परिसंपत्ति मुद्रीकरण और मूल्यांकन प्रस्तावों पर विचार


वित्त वर्ष 2026-27 में 9,000 करोड़ रुपये से अधिक की परिसंपत्तियों के मुद्रीकरण के अतिरिक्त, एनएलएमसी ने मुद्रीकरण की प्रक्रिया को और गति देने के लिए नए प्रस्तावों पर विचार किया

एनएलएमसी नई दिल्ली और मुंबई में अपने आवासीय संपत्ति पोर्टफोलियो के मुद्रीकरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगी

प्रविष्टि तिथि: 26 NOV 2026 11:45AM by PIB Delhi

राष्ट्रीय भूमि मुद्रीकरण निगम लिमिटेड (एनएलएमसी) ने वित्त मंत्रालय, भारत सरकार के लोक उद्यम विभाग (डीपीई) के अंतर्गत कल नई दिल्ली में निदेशक मंडल की 22वीं बैठक आयोजित की।

बैठक में परिसंपत्ति मुद्रीकरण से संबंधित प्रमुख प्रस्तावों, स्वतंत्र मूल्यांकन रिपोर्टों, सरकार-से-सरकार (जी2जी) लेन-देन, एनएलएमसी के स्वामित्व वाली संपत्तियों के मुद्रीकरण, हाल ही में आयोजित ई-नीलामी के परिणामों तथा निगम को संस्थागत रूप से और सुदृढ़ बनाने के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया।

बोर्ड ने भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) और महानगर टेलीफोन निगम लिमिटेड (एमटीएनएल) से संबंधित लगभग 1,300 करोड़ रुपये के संयुक्त आकलित मूल्य वाले नए परिसंपत्ति मुद्रीकरण और मूल्यांकन प्रस्तावों पर विचार किया। इन प्रस्तावों को निर्धारित सरकारी प्रक्रियाओं के अनुसार आगे की कार्रवाई के लिए विचारार्थ लिया गया। ये प्रस्ताव चालू वित्त वर्ष के दौरान एनएलएमसी द्वारा 9,000 करोड़ रुपये से अधिक की परिसंपत्तियों के सफल मुद्रीकरण के अतिरिक्त हैं। यह निगम की मुद्रीकरण संबंधी पहलों में बढ़ती गति और सार्वजनिक क्षेत्र की अतिरिक्त एवं कम उपयोग में लाई जा रही परिसंपत्तियों से मूल्य प्राप्त करने के लिए भारत सरकार के निरंतर प्रयासों को दर्शाता है।

केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों (सीपीएसई) और सरकारी संगठनों की परिसंपत्तियों के मुद्रीकरण में सुविधा प्रदान करने के साथ-साथ, एनएलएमसी अपनी स्वयं की परिसंपत्तियों को भी बाजार में उतार रही है। बोर्ड ने नई दिल्ली और मुंबई में स्थित एनएलएमसी के स्वामित्व वाली 17 आवासीय संपत्तियों की मूल्यांकन रिपोर्टों पर विचार किया। ये संपत्तियां सीपीएसई से उनके बंद होने की प्रक्रिया के माध्यम से प्राप्त की गई थीं। इससे पहले, एनएलएमसी प्रयागराज और चेन्नई स्थित अपनी आवासीय संपत्तियों को भी जारी ई-नीलामी पहलों के माध्यम से बाजार में उतार चुकी है। नई दिल्ली और मुंबई की संपत्तियों के प्रस्तावित मुद्रीकरण से पारदर्शी एवं प्रतिस्पर्धी बाजार-आधारित प्रक्रियाओं के माध्यम से अपनी परिसंपत्तियों का मूल्य प्राप्त करने के इन प्रयासों का और विस्तार होगा।

बोर्ड को 12 अक्टूबर और 3 नवंबर, 2026 को विशाखापत्तनम में राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड (आरआईएनएल) की ओर से एनएलएमसी द्वारा आयोजित दो ई-नीलामियों के सफल परिणामों से भी अवगत कराया गया। इन दोनों ई-नीलामियों में 264 भूखंडों के लिए कुल 584.40 करोड़ रुपये का उच्चतम (एच-1) बोली मूल्य प्राप्त हुआ। यह एनएलएमसी की पहली समग्र ई-नीलामी पहल में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। बोर्ड ने एनएलएमसी के संचालन के बढ़ते दायरे और परिसंपत्ति मुद्रीकरण से संबंधित प्रस्तावों की बढ़ती संख्या को देखते हुए निगम को संस्थागत रूप से सुदृढ़ बनाने तथा उसकी संगठनात्मक क्षमताओं को बढ़ाने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया।

मुद्रीकरण संबंधी पहलों के बढ़ते पोर्टफोलियो के साथ एनएलएमसी मजबूत मूल्यांकन ढांचे, पारदर्शी एवं प्रतिस्पर्धी नीलामियों, सुव्यवस्थित लेन-देन प्रक्रियाओं और प्रभावी अंतर-मंत्रालयी समन्वय के माध्यम से भारत सरकार के परिसंपत्ति मुद्रीकरण एजेंडे को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

एनएलएमसी सार्वजनिक क्षेत्र की अतिरिक्त भूमि और भवनों की आर्थिक क्षमता का उपयोग करने, उनका उत्पादक उपयोग सुनिश्चित करने तथा सरकार के व्यापक आर्थिक विकास लक्ष्यों में योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है।

एनएलएमसी के बारे में

राष्ट्रीय भूमि मुद्रीकरण निगम लिमिटेड (एनएलएमसी) वित्त मंत्रालय के लोक उद्यम विभाग के अंतर्गत भारत सरकार का पूर्ण स्वामित्व वाला उद्यम है। इसकी स्थापना केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों (सीपीएसई) और अन्य सरकारी संगठनों की अतिरिक्त भूमि एवं भवन परिसंपत्तियों के मुद्रीकरण का कार्य करने और इसमें सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से की गई है।

वेबसाइट : https://nlmc.dpe.gov.in

***

पीके/केसी/आरटी/एसकेजे/एचबी


(रिलीज़ आईडी: 2341881) आगंतुक पटल : 13
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Gujarati , Urdu , Assamese , Tamil