प्रविष्टि तिथि:
21 NOV 2026 4:18PM by PIB Delhi
केन्द्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण तथा रसायन और उर्वरक मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा ने कल पुडुचेरी स्थित जवाहरलाल स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (जिपमर) में स्वास्थ्य सेवा, अनुसंधान और छात्र कल्याण से जुड़ी सात सुविधाओं और इकाइयों को राष्ट्र को समर्पित किया। जिपमर, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अंतर्गत 'राष्ट्रीय महत्व का संस्थान' है। इसके बाद उन्होंने 15वें दीक्षांत समारोह में संस्थान के छात्रों को डिग्रियां प्रदान कीं, दीक्षांत भाषण दिया और 88 पुरस्कार श्रेणियों में पदक तथा एंडोमेंट पुरस्कार वितरित किए।
जिपमर में 172.27 करोड़ रुपये के कुल निवेश से शुरू की गई ये सात सुविधाएं, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुँच बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। इसके साथ ही ये चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और रोगी देखभाल के एक प्रमुख केन्द्र के रूप में संस्थान की भूमिका को और सुदृढ़ करती हैं। राष्ट्र को समर्पित ये सुविधाएँ इस प्रकार हैं:

- सेंटर फॉर रिसर्च, इनोवेशन एंड आंत्रप्रेन्योरशिप (₹30.28 करोड़): इसका उद्देश्य जीनोमिक्स, प्रोटिओमिक्स और मेटाबोलोमिक्स में उन्नत सुविधाओं के साथ-साथ फ्लो साइटोमेट्री, सेल कल्चर, कॉन्फोकल माइक्रोस्कोपी और एडवांस्ड इमेजिंग जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए जिपमर के बहुविषयक अनुसंधान पारिस्थतिकी तंत्र को मजबूत करना है। यह सहयोगात्मक जैव चिकित्सा अनुसंधान को बढ़ावा देगा और वैज्ञानिक खोजों को मरीजों की बेहतर देखभाल में बदलने में मदद करेगा।
- धन्वंतरि हाउस (₹42.26 करोड़): यह पुरुषों के लिए 400 बिस्तरों वाला छात्रावास है जो सात मंजिला इमारत में बना है। इसमें 200 दो बिस्तरों वाले कमरे, एसी भोजन कक्ष और अध्ययन कक्ष, पैसेंजर लिफ्ट, सोलर वॉटर हीटिंग और पहुँच को सुलभ बनाने से जुड़ी सुविधाएँ मौजूद हैं।
- यानम की मल्टी-स्पेशियलिटी परामर्श इकाई में 64-स्लाइस वाला CT स्कैनर (₹4.73 करोड़): यह यानम और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को उन्नत डायग्नोस्टिक इमेजिंग की सुविधा देगा, जिससे उन्हें दूर के स्वास्थ्य केन्द्रों में भेजे जाने की जरूरत कम हो जाएगी।
- वेरियन ट्रूबीम हाई-एनर्जी लीनियर एक्सीलरेटर (₹26 करोड़): क्षेत्रीय कैंसर केन्द्र में स्थापित यह मशीन आईएमआरटी, वीएमएटी, स्टीरियोटैक्टिक रेडियोसर्जरी और स्टीरियोटैक्टिक बॉडी रेडियोथेरेपी सहित उन्नत रेडियोथेरेपी तकनीक से इलाज उपलब्ध कराएगी। इससे प्रभावित हिस्से के आसपास के स्वस्थ ऊतकों को सुरक्षित रखते हुए सटीक इलाज संभव हो पाता है। इसकी क्षमता प्रतिदिन लगभग 70 मरीजों के इलाज की है।
- एडवांस्ड 4 डी सीटी सिम्युलेटर (₹9 करोड़): यह भी क्षेत्रीय कैंसर केन्द्र में स्थित है। यह ट्यूमर की सटीक स्थिति का पता लगाने, सांस लेने के दौरान होने वाली हलचल का आकलन करने और सटीक रेडियोथेरेपी की योजना बनाने में मदद करता है। इसे ट्रूबीम प्रणाली के साथ जोड़ा गया है। कैंसर देखभाल की इन दोनों सुविधाओं में कुल ₹35 करोड़ का निवेश किया गया है।
- अत्याधुनिक कार्डियक कैथेटेराइजेशन प्रयोगशाला परिसर (लगभग ₹60 करोड़): इसमें बाइप्लेन और सिंगल-प्लेन कैथ लैब, 16 बिस्तरों वाली पोस्ट-कैथ कार्डियक क्रिटिकल केयर इकाई (जो पहले 8 बिस्तरों का था) और एक समर्पित रेडियल सुइट शामिल है। इससे बच्चों और वयस्कों में हृदय संबंधी जटिल स्थितियों के इलाज प्रबंधन में काफी सुधार होगा।
- तीन अमृत फार्मेसी केन्द्र :सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक, एसएसबी एनेक्स ब्लॉक और क्षेत्रीय कैंसर केन्द्र एनेक्स ब्लॉक में ये तीन अमृत फार्मेसी स्थित हैं। ये फार्मेसियां किफायती दवाएं, सर्जिकल सामग्री और इम्प्लांट उपलब्ध कराती हैं, जिन पर 50% तक की बचत होती है, जिससे मरीजों की जेब पर पड़ने वाला बोझ कम होता है।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में श्री नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में, भारत दृढ़ संकल्प के साथ विकसित भारत बनने की ओर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का स्वस्थ होना भी आवश्यक है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार और पहुँच बढ़ाकर, मजबूत सार्वजनिक स्वास्थ्य अधोसंरचना तैयार कर और गुणवत्तापूर्ण व किफायती चिकित्सा सेवाएँ उपलब्ध कराकर सभी को स्वास्थ्य सुविधाएँ प्रदान करने की व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार एक ऐसी स्वास्थ्य प्रणाली बनाना चाहती है जो अधिक लचीली, समावेशी और भविष्य के लिए तैयार हो। मंत्री ने कहा कि इन लक्ष्यों को पूरा करने के लिए सरकार देश भर के प्रमुख सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थानों को लगातार सशक्त बना रही है।
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हाल ही में शुरू की गई ये पहल लोगों के स्वास्थ्य और भविष्य में किया गया निवेश हैं। उन्होंने बताया कि इन पहलों का दायरा काफी व्यापक है, जिसमें उन्नत जैव चिकित्सा अनुसंधान और नवाचार, शैक्षिक अधोसरंचना, आधुनिक डायग्नोस्टिक्स, कैंसर का सटीक इलाज, हृदय रोग देखभाल और दवाओं तक बेहतर पहुँच जैसे कई क्षेत्र शामिल हैं। उन्होंने विशेष रूप से सेंटर फॉर रिसर्च, इनोवेशन एंड आंत्रप्रेन्योरशिप के महत्व पर जोर दिया। यह केन्द्र अनुसंधान पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने और वैज्ञानिक खोजों को व्यावहारिक स्वास्थ्य समाधानों में बदलने में अहम भूमिका निभाएगा।

उन्होंने सेडारापेट में बहु-अंग प्रत्यारोपण केन्द्र और आघात देखभाल एवं पुनर्वास केन्द्र स्थापित करने की जिपमर की भावी योजनाओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि ये प्रस्तावित सुविधाएँ इस क्षेत्र में उच्च-विशेषज्ञता वाली स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुँच को बदल देंगी, वंचित समुदायों तक उन्नत चिकित्सा सेवाएँ पहुँचाएंगी और कमजोर परिवारों पर पड़ने वाले वित्तीय बोझ को कम करेंगी। श्री नड्डा ने समाज के सबसे गरीब और कमजोर वर्गों तक गुणवत्तापूर्ण और उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच सुनिश्चित करने में जिपमर की भूमिका की सराहना की। इन सेवाओं में आयुष्मान भारत और अन्य सार्वजनिक स्वास्थ्य कार्यक्रम भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि हजारों परिवारों के लिए यह संस्थान उम्मीद, सम्मान और वित्तीय सुरक्षा का स्रोत है। उन्होंने जिपमर परिवार को मरीजों की देखभाल, शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में लगातार उच्च मानक स्थापित करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया।
श्री नड्डा ने संस्थान की पत्रिका 'वनक्कम जिपमर' का भी विमोचन किया जो विकसित भारत 2047' पर केन्द्रित एक विशेष संस्करण है। साथ ही उन्होंने वहां मौजूद गणमान्य व्यक्तियों और जिपमर के अधिकारियों के साथ बातचीत भी की।
इसके बाद केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री दीक्षांत समारोह में शामिल हुए, जहां उन्होंने डिग्रियां प्रदान कीं, पुरस्कार बांटे और दीक्षांत भाषण दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने स्नातक छात्रों, संकाय के सदस्यों और अभिभावकों को बधाई दी। उन्होंने इस अवसर को सीखने के चरण से नेतृत्व के चरण में प्रवेश का प्रतीक और एक महत्वपूर्ण पड़ाव बताया। उन्होंने राष्ट्रीय महत्व के संस्थान के रूप में जिपमर की विरासत की सराहना करते हुए इसे चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान तथा स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में एक प्रमुख संस्थान बताया। उन्होंने उन्नत चिकित्सा देखभाल, विशेष रूप से अंग दान और प्रत्यारोपण में संस्थान की उपलब्धियों की प्रशंसा की। साथ ही उन्होंने रोबोटिक सर्जरी में संस्थान के अग्रणी कार्यों और जटिल कैंसर के इलाज में उसकी विशेषज्ञता का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि 2025-26 में संस्थान में 46,815 से अधिक सर्जरी की गईं।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा में हुई क्रांतिकारी प्रगति पर प्रकाश डालते हुए श्री नड्डा ने भारत के चिकित्सा शिक्षा अधोसंरचना के व्यापक विस्तार को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि एम्स 6 से बढ़कर 23, मेडिकल कॉलेज 387 से बढ़कर 863 हो गए हैं। एमबीबीएस सीटों की संख्या 51,000 से बढ़कर 1.43 लाख हो गई है। उन्होंने आगे कहा कि सरकार प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप 2029 तक 75,000 स्नातक और स्नातकोत्तर मेडिकल सीटें जोड़ने की दिशा में काम कर रही है। इस दौरान गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और स्नातक एवं स्नातकोत्तर सीटों के बीच संतुलन सुनिश्चित किया जा रहा है।

उन्होंने आयुष्मान आरोग्य मंदिर, पीएम-एबीएचआईएम, आयुष्मान भारत पीएम-जेएवाई और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन जैसी पहलों के माध्यम से रोकथाम संबंधी और प्राथमिक से लेकर अगले चरणों तक की देखभाल तक, पूरी स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को मजबूत करने के सरकार के प्रयासों पर प्रकाश डाला। आयुष्मान भारत पीएम-जेएवाई के प्रभाव को रेखांकित करते हुए उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत अस्पताल में भर्ती के 13 करोड़ से ज्यादा मामले पूरे किए गए हैं और इसने स्वास्थ्य सेवा पर होने वाले निजी खर्च को 64 प्रतिशत से घटाकर 42 प्रतिशत करने में योगदान दिया है। सुलभ, किफायती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा के महत्व पर जोर देते हुए, उन्होंने युवा डॉक्टरों से ई-प्रिस्क्रिप्शन और डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड जैसे डिजिटल स्वास्थ्य समाधानों को अपनाने और देश के स्वास्थ्य सेवा पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने में योगदान देने का आह्वान किया।
श्री नड्डा ने स्नातक होने वाले छात्रों से यह भी आग्रह किया कि वे उन लोगों और संस्थानों के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझें जिन्होंने उनकी इस यात्रा में योगदान दिया है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पेशेवर चिकित्सा शिक्षा एक ऐसा अवसर है जो समाज के सामूहिक प्रयासों और संसाधनों के माध्यम से ही संभव हो पाया है। उन्होंने छात्रों से कहा कि उनकी उपलब्धियाँ केवल उनकी अपनी कड़ी मेहनत का परिणाम नहीं हैं, बल्कि इनमें माता-पिता, शिक्षकों, संकाय के सदस्यों और संस्थागत पारिस्थितिकी तंत्र से जुड़े अन्य कई लोगों का भी सहयोग शामिल है। श्री नड्डा ने अपना संबोधन समाप्त करते हुए स्नातक छात्रों से अपनी पेशेवर और सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाने का आह्वान किया। उन्होंने उनसे आग्रह किया कि वे मरीजों और समुदायों की सेवा पूरी लगन, करुणा और प्रतिबद्धता के साथ करें और समाज को वापस कुछ न कुछ योगदान दें।

पुडुचेरी के उपराज्यपाल श्री के. कैलाशनाथन ने जिपमेर को पुडुचेरी का गौरव और चिकित्सा शिक्षा तथा स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्टता का प्रतीक बताया। उन्होंने पुडुचेरी और पड़ोसी राज्यों में सार्वजनिक स्वास्थ्य और सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं में जिपमर के योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की कल्याणकारी योजनाओं, विशेष रूप से आयुष्मान भारत को लागू करने और लोगों तक सुलभ व गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में संस्थान की भूमिका की सराहना की। स्नातक होने वाले छात्रों और पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए, उन्होंने उनसे मरीजों और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि वे जहां भी जाएं, जिपमर के एम्बेसडर के रूप में कार्य करें। उन्होंने छात्रों को प्रोत्साहित किया कि वे अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग वंचित लोगों की सेवा करने और एक स्वस्थ व मजबूत भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए करें। उन्होंने स्नातकों की उपलब्धियों को आकार देने में संस्थान के संकाय के सदस्यों और अभिभावकों के समर्पण और योगदान को भी सराहा।
दीक्षांत समारोह में कुल 816 छात्रों को डिग्रियां प्रदान की गईं। इनमें से 592 डिग्रियां डॉक्टोरल, मेडिकल, डेंटल और सुपर-स्पेशियलिटी पाठ्यक्रमों के लिए दी गईं। इसके अलावा, 224 डिग्रियां नर्सिंग, जन स्वास्थ्य और संबद्ध स्वास्थ्य पाठ्यक्रमों के लिए प्रदान की गईं। शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले और अपने-अपने विषयों में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्रों को 88 पुरस्कार श्रेणियों के अंतर्गत पदक और विशेष पुरस्कार दिए गए।

स्नातक होने वाले छात्रों की उपलब्धियों को लेकर कार्यक्रम में उल्लास का वातावरण था। चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान तथा रोगी देखभाल के क्षेत्र में उत्कृष्टता के प्रति जिपमर की प्रतिबद्धता को भी दोहराया गया।
जिपमर की अध्यक्ष डॉ. चित्रा सरकार ने दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता की, और जिपमर के निदेशक डॉ. वीर सिंह नेगी ने संस्थान की रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें चिकित्सा शिक्षा, रोगी देखभाल और अनुसंधान के क्षेत्र में जिपमर की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर संकाय सदस्य, स्नातक होने वाले छात्र और उनके परिवारजन, तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
***
एसआर/एचएफडब्ल्यू/एए/जिपमर 15वां दीक्षांत समारोह