57th International Film Festival of India 2026
20 – 28 Nov 2026

वेव्स फिल्म बाजार ने वैश्विक फिल्म सहयोग को बढ़ावा देने के 20 साल पूरे किए

20वें संस्करण के जरिए भारतीय फिल्म निर्माताओं को वैश्विक बाजारों से जोड़ने की पहल; उद्घाटन समारोह कल गोवा में आयोजित होगा

پوسٹ کرنے کی تاریخ: 19 NOV 2026 8:22PMby PIB Delhiریلیز آئی ڈی: 2338842Views: 4

2007 में 18 देशों के 204 प्रतिनिधियों के एक मामूली जमघट से शुरू होकर 2025 में 40 से अधिक देशों के 2,500 से ज्यादा प्रतिनिधियों का स्वागत करने वाले एक बड़े अंतरराष्ट्रीय बाजार तक, 'फिल्म बाज़ार' भारतीय सिनेमा को वैश्विक फिल्म उद्योग से जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। अपने 20वें वर्ष में वेव्स फिल्म बाजार 2026 रचनात्मक सहयोग को बढ़ावा देने, नई कहानियों को तलाशने और भारतीय सिनेमा के लिए वैश्विक अवसर खोलने के दो दशकों का जश्न मना रहा है।

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) द्वारा भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) के हिस्से के रूप में आयोजित वेव्स फिल्म बाजार, व्यापक विश्व ऑडियो विजुअल एवं मनोरंजन शिखर सम्मेलन (वेव्स) पहल का हिस्सा है। ‘क्रिएट इन इंडिया, क्रिएट फॉर द वर्ल्ड’ के दृष्टिकोण से प्रेरित यह मंच सह-उत्पादन, वित्तपोषण, वितरण और अंतर्राष्ट्रीय भागीदारी के माध्यम से भारत की रचनात्मक क्षमता को वैश्विक अवसरों में बदलने का प्रयास करता है।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/Picture13_20261119202615_b30771.jpg

 

वेव्स फिल्म बाजार के 20वें संस्करण का उद्घाटन 20 नवंबर 2026 को 'द बॉलरूम, ताज सिदादे दे गोवा हॉराइजन' में होगा। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव श्री चंचल कुमार स्वागत भाषण देंगे, जिसके बाद महोत्सव के निदेशक श्री आशुतोष गोवारिकर सम्मानित अतिथि के रूप में संबोधन देंगे। एनएफडीसी के अध्यक्ष श्री जी. कृष्णकुमार उद्घाटन भाषण देंगे, जबकि सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अपर सचिव श्री प्रभात कुमार धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत करेंगे। एनएफडीसी के प्रबंध निदेशक श्री धीरज सिंह भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे। औपचारिक कार्यक्रम के बाद फिल्म बाजार की टीम ‘वेव्स फिल्म बाजार को समझना’ विषय पर प्रस्तुति देगी।

कहानियों और अवसरों का बड़ा बाजार

दो दशकों में फिल्म बाजार एक नेटवर्किंग कार्यक्रम से विकसित होकर ऐसे सुव्यवस्थित बाजार में बदल गया है, जो फिल्म निर्माताओं, प्रोड्यूसरों, निवेशकों, वितरकों, बिक्री एजेंटों और महोत्सव कार्यक्रमकर्ताओं को जोड़ता है। इसके कार्यक्रम एनएफडीसी पटकथा लेखक प्रयोगशाला, सह-निर्माण बाजार और वर्क-इन-प्रोग्रेस लैब जैसी पहलों के जरिए फिल्मों को विकास के विभिन्न चरणों में सहायता प्रदान करते हैं। व्यूइंग रूम, बाजार स्क्रीनिंग, विशेष रूप से आयोजित बी2बी बैठकें और ज्ञान श्रृंखला परियोजनाओं की पहचान, उद्योग के साथ जुड़ाव और संभावित सहयोग को आगे बढ़ाने में मदद करते हैं।

20 से 24 नवंबर 2025 तक गोवा में 56वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) के साथ आयोजित संस्करण में 40 से अधिक देशों के 2,500 से ज्यादा प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया था। इसमें 320 परियोजनाओं को प्रदर्शित किया गया और 220 से अधिक खरीदारों के साथ 1,200 से ज्यादा व्यक्तिगत कारोबारी बैठकें आयोजित की गईं। कारोबारी चर्चाओं और बातचीत का मूल्य लगभग 1,050 करोड़ रुपये आंका गया था, जिसमें कार्यक्रम के इतर रिपोर्ट किए गए लगभग ₹100 करोड़ के समझौता ज्ञापन (एमओयू) भी शामिल थे।

वेव्स बाजार: सालाना आयोजन से आगे भारत की रचनात्मक पहुंच का विस्तार

वेव्स पहल सालाना फिल्म बाजार से आगे वेव्स बाजार के जरिए भी विस्तार कर रही है। जनवरी 2025 में शुरू किया गया वेव्स बाजार साल भर चलने वाला अंतरराष्ट्रीय बी2बी मंच है। इसमें फिल्म, टेलीविजन, ओटीटी, एनीमेशन, वीएफएक्स, गेमिंग, संगीत और अन्य रचनात्मक क्षेत्र शामिल हैं। यह मंच रचनाकारों और व्यवसायों को संभावित खरीदारों और सहयोगियों से जोड़ता है।

अक्टूबर 2026 की प्रगति रिपोर्ट के अनुसार, वेव्स बाजार में 12,500 से अधिक सक्रिय उपयोगकर्ता थे, जिनमें 5,000 से ज्यादा खरीदार और लगभग 6,500 विक्रेता शामिल थे। इस मंच पर 2,800 से अधिक सक्रिय परियोजनाएं थीं। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित अर्थ-संबंधी खोज, संपर्क मिलान, वर्चुअल प्रस्तुति और ऑनलाइन बी2बी बैठक सुविधाएं रचनाकारों तथा व्यवसायों को संभावित साझेदारों की पहचान करने और भौतिक आयोजनों के अलावा भी उद्योग के साथ जुड़ाव बनाए रखने में मदद करती हैं।

ऑस्ट्रेलिया, जापान, दक्षिण कोरिया, इटली, जर्मनी, कनाडा, फ्रांस और स्पेन जैसे देशों में इसकी अंतरराष्ट्रीय पहुंच ने भारतीय रचनात्मक उद्यमों के लिए अवसरों का और विस्तार किया है। गेम्सकॉम, टोरंटो अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव, वेनिस और एमआईपीसीओएम (MIPCOM) समेत वैश्विक उद्योग मंचों में भागीदारी से अंतरराष्ट्रीय हितधारकों के साथ जुड़ाव मजबूत हुआ है।

ये पहल ‘रचनात्मक कौशल से कारोबार’ तक भारतीय रचनात्मकता को पहुंचाने के व्यापक प्रयास को दर्शाती हैं। इससे भारत की वैश्विक स्तर पर कंटेंट निर्माण, बौद्धिक संपदा और रचनात्मक उद्योगों के केंद्र के रूप में स्थिति मजबूत करने में मदद मिल रही है।

वेव्स फिल्म बाजार अपनी यात्रा के दो दशक पूरे कर रहा है और स्वतंत्र फिल्म निर्माताओं, क्षेत्रीय भाषा के सिनेमा तथा उभरती रचनात्मक प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचने, साझेदारी बनाने और भारतीय कहानियों को दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचाने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बना हुआ है।

 

 

****

पीके / केसी / आरटी/ केजे


Great films resonate through passionate voices. Share your love for cinema with #IFFI2026 and #StoriesWithoutBorders. Tag us @pibindia on Instagram and @PIB_India on X, and we will help amplify your festival moments!

For accredited journalists, critics, bloggers, and vloggers seeking 1-on-1 interviews with filmmakers and festival juries, write to us at:
iffi.mediadesk@pib.gov.in with the subject line: Take One with PIB.


Official Release ID: 2338842
•
Media Centre: Goa
•
Festival Dates: Nov 20 – 28, 2026