प्रविष्टि तिथि:
19 NOV 2026 11:09AM by PIB Delhi
भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के भारतीय ज्ञान प्रणाली (आईकेएस) प्रभाग और सीएसआईआर-परंपरागत ज्ञान डिजिटल लाइब्रेरी (सीएसआईआर-टीकेडीएल) इकाई ने गुरुवार को परंपरागत ज्ञान (टीके), बौद्धिक संपदा अधिकारों (आईपीआर), परंपरागत ज्ञान पर लोगों के अधिकारों तथा परंपरागत ज्ञान डिजिटल लाइब्रेरी (टीकेडीएल) के क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।
इस समझौता ज्ञापन पर भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), इंदौर के प्रोफेसर एवं शिक्षा मंत्रालय के भारतीय ज्ञान प्रणाली प्रभाग के राष्ट्रीय समन्वयक प्रो. गंटी एस. मूर्ति और सीएसआईआर-टीकेडीएल इकाई की प्रमुख एवं वैज्ञानिक-एच डॉ. विश्वजननी जे. सत्तिगेरी ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर आईकेएस प्रभाग के प्रशासन नियंत्रक डॉ. रघुराम भट्टा तथा दोनों संगठनों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
यह समझौता 29 जून, 2023 को हस्ताक्षरित पूर्व समझौता ज्ञापन पर आधारित है। उस समय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के स्वतंत्र प्रभार वाले माननीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और सीएसआईआर के महानिदेशक एवं वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान विभाग (डीएसआईआर) के सचिव डॉ. एन. कलईसेल्वी की उपस्थिति में इस समझौते पर हस्ताक्षर किए गए थे।

पूर्व सहयोग के अंतर्गत दोनों संगठनों ने परंपरागत ज्ञान, बौद्धिक संपदा अधिकारों और लोगों के अधिकारों से संबंधित 11 कार्यशालाओं का संयुक्त रूप से आयोजन किया। इन कार्यशालाओं से विद्यार्थियों, शोधार्थियों, संकाय सदस्यों, वैज्ञानिकों, सेना के जवानों, योग प्रशिक्षकों और परियोजना सहयोगियों सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिभागियों को लाभ मिला। इन कार्यशालाओं में तमिलनाडु, कर्नाटक, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, केरल, गुजरात, आंध्र प्रदेश, राजस्थान, पुडुचेरी और छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिभागियों ने भाग लिया।
इस सहयोग के अंतर्गत आपसी हित के विषयों पर शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों, सेमिनारों, वेबिनारों, सम्मेलनों, प्रदर्शनियों और संयुक्त प्रकाशनों का भी आयोजन किया गया है। इनका मुख्य उद्देश्य भारत के परंपरागत ज्ञान के प्रति जागरूकता और समझ को बढ़ावा देना तथा उसके जिम्मेदार उपयोग को प्रोत्साहित करना है।
इस अवसर पर प्रो. गंटी एस. मूर्ति ने दोनों संगठनों के संयुक्त प्रयासों की सराहना की और राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के उद्देश्यों तथा भारतीय ज्ञान परंपरा पर आधारित आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने में इस सहयोग के महत्व को रेखांकित किया।
उन्होंने भारतीय ज्ञान प्रणाली और परंपरागत ज्ञान के बौद्धिक संपदा संबंधी पहलुओं, विशेष रूप से पेटेंट, कॉपीराइट और भौगोलिक संकेतकों के संबंध में मार्गदर्शन को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने परंपरागत ज्ञान के धारकों के अधिकारों की रक्षा के लिए अधिक सुदृढ़ श्रेय निर्धारण व्यवस्था विकसित करने तथा भारतीय परंपरागत ज्ञान के संरक्षण के लिए उपयुक्त कानूनी उपाय तलाशने के महत्व को भी रेखांकित किया।
सीएसआईआर-टीकेडीएल इकाई की प्रमुख डॉ. विश्वजननी जे. सत्तिगेरी ने बताया कि इस सहयोग के तहत आयोजित कार्यशालाओं को युवा संकाय सदस्यों, विद्यार्थियों और भाग लेने वाले संस्थानों से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली है। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी भारतीय परंपरागत ज्ञान पर आधारित अनुसंधान एवं विकास, नवाचार और इसके उपयोग को बढ़ावा देने के साथ-साथ देश के सामाजिक-आर्थिक विकास में भी योगदान देगी।
उन्होंने परंपरागत ज्ञान के धारकों के साथ लाभों का न्यायसंगत बंटवारा सुनिश्चित करने और भारत की समृद्ध ज्ञान विरासत को संरक्षित रखने के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने इसके साथ ही इस ज्ञान को समकालीन आवश्यकताओं और भावी पीढ़ियों के लिए अधिक प्रासंगिक बनाने की आवश्यकता को रेखांकित किया।
दोनों संगठनों ने शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और संस्थागत सहयोग के माध्यम से भारत की परंपरागत ज्ञान प्रणालियों के पुनरुत्थान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस साझेदारी का उद्देश्य भारतीय ज्ञान सरिता और परंपरागत ज्ञान डिजिटल लाइब्रेरी की क्षमताओं का उपयोग करते हुए भारत के परंपरागत ज्ञान के संरक्षण, सुरक्षा और जिम्मेदार उपयोग को बढ़ावा देना है। इससे वर्ष 2047 तक विकसित भारत के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने में योगदान मिलेगा।
****
पीके/केसी/आरटी/पीसी/एमवाई