प्रविष्टि तिथि:
16 NOV 2026 11:33AM by PIB Delhi
भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) ने 12–13 नवंबर, 2026 को आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में सीआईआई पार्टनरशिप समिट 2026 के 31वें संस्करण का आयोजन किया। इस वर्ष सम्मेलन का विषय - “नए विश्व व्यवस्था के परिदृश्य में आगे बढ़ना: व्यापार, प्रौद्योगिकी, विश्वास, विचार नेतृत्व” था । भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) के सहयोग से आयोजित और आंध्र प्रदेश सरकार की मेजबानी में हुए इस सम्मेलन में नीति-निर्माताओं, अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों, व्यापार जगत के दिग्गजों और निवेशकों ने भाग लिया। सम्मेलन में व्यापार, प्रौद्योगिकी और आर्थिक सहयोग के क्षेत्र में उभरते अवसरों पर विचार-विमर्श किया गया।
इस सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री एन. चंद्रबाबू नायडू, आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री कोनिडाला पवन कल्याण और केंद्रीय नागर विमानन मंत्री श्री किंजरापु राम मोहन नायडू शामिल हुए। आंध्र प्रदेश सरकार के मानव संसाधन विकास, आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार तथा आरटीजी मंत्री श्री नारा लोकेश ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
उद्घाटन सत्र में कई वरिष्ठ नेताओं, केंद्रीय एवं राज्य मंत्रियों, विदेशी व्यापार मंत्रियों, वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों, नीति-निर्माताओं और भारत तथा विदेशों के प्रमुख उद्योग प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। इस भागीदारी से अंतरराष्ट्रीय व्यापार, निवेश, औद्योगिक सहयोग और रणनीतिक साझेदारियों को मजबूत करने के प्रयासों में व्यापक सहभागिता परिलक्षित हुई।
इस सम्मेलन में अंतरराष्ट्रीय व्यापार, वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं, मजबूत आपूर्ति श्रृंखलाओं, उन्नत विनिर्माण, रक्षा प्रौद्योगिकी, महत्वपूर्ण खनिजों, एआई, क्वांटम प्रौद्योगिकी, स्मार्ट विनिर्माण, हरित ऊर्जा, भविष्य की परिवहन प्रणालियों और उभरती प्रौद्योगिकियों जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। चर्चाओं में अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों को मजबूत करने, निवेश आकर्षित करने और वैश्विक विनिर्माण एवं नवाचार के लिए भारत को एक प्रतिस्पर्धी गंतव्य के रूप में स्थापित करने पर ध्यान केंद्रित किया गया।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने सम्मेलन के दौरान राष्ट्रीय औद्योगिक गलियारा विकास निगम (एनआईसीडीसी) के पवेलियन का दौरा किया। एनआईसीडीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और प्रबंध निदेशक श्री रजत कुमार सैनी ने गणमान्य व्यक्तियों को आंध्र प्रदेश में एनआईसीडीसी की तीन ग्रीनफील्ड औद्योगिक स्मार्ट सिटी परियोजनाओं- कृष्णापट्टनम, ओरवाकल और कोप्पार्थी के विकास एवं प्रगति की जानकारी दी।
एनआईसीडीसी के पवेलियन में विभिन्न पहलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से भारत के विकसित होते औद्योगिक अवसंरचना परिदृश्य और निवेश के अवसरों को प्रदर्शित किया गया। इसमें ग्रीनफील्ड औद्योगिक स्मार्ट शहरों का विकास, भव्या (भारत औद्योगिक विकास योजना), औद्योगिक गलियारा भूमि प्लेटफॉर्म (आईसीएलपी) और कोयला शक्ति जैसे प्रमुख आकर्षण शामिल थे। आईसीएलपी निवेशकों को देशभर में सत्यापित औद्योगिक भूमि के अवसरों को तलाशने और उनकी तुलना करने में सक्षम बनाता है, जबकि कोयला शक्ति एक स्मार्ट कोयला विश्लेषण डैशबोर्ड है। पवेलियन में 360 डिग्री वर्चुअल रियलिटी (वीआर) टूर भी प्रदर्शित किया गया, जिसके माध्यम से आगंतुकों को एनआईसीडीसी की औद्योगिक गलियारा परियोजनाओं का व्यापक और जीवंत अनुभव प्राप्त हुआ।
श्री रजत कुमार सैनी ने गणमान्य व्यक्तियों को तीनों औद्योगिक नोड्स के विकास की प्रगति से अवगत कराया। इनमें परियोजनाओं के अंतर्गत अवसंरचना विकास की प्रगति और राज्य में निवेश के लिए तैयार औद्योगिक केंद्र विकसित करने की दिशा में एनआईसीडीसी के निरंतर प्रयासों को रेखांकित किया गया।
पवेलियन में आंध्र प्रदेश की औद्योगिक क्षमता को भी प्रदर्शित किया गया। तीनों नोड्स का कुल परियोजना क्षेत्रफल 7,223 एकड़, निवेश की संभावित क्षमता 31,360 करोड़ रुपये और 2 लाख रोजगार सृजन की संभावित क्षमता है। इन तीनों नोड्स का विकास विभिन्न औद्योगिक गलियारों के अंतर्गत किया जा रहा है। इन्हें विश्वस्तरीय अवसंरचना और कनेक्टिविटी से युक्त एकीकृत औद्योगिक इकोसिस्टम के रूप में विकसित करने की परिकल्पना की गई है। इनके विकास का उद्देश्य बड़े पैमाने पर निवेश को बढ़ावा देना, विनिर्माण क्षमताओं को मजबूत करना, रोजगार के अवसर सृजित करना और आंध्र प्रदेश में औद्योगिक विकास को गति देना है।
एनआईसीडीसी ने इन प्रदर्शनों और संवादों के माध्यम से विनिर्माण और उभरते क्षेत्रों में निवेश के अवसरों को रेखांकित किया तथा आंध्र प्रदेश को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के लिए एक आकर्षक निवेश गंतव्य के रूप में प्रस्तुत किया।
भारत में जापान के राजदूत श्री ओनो केइची ने जापान कंट्री सेशन के दौरान भारत-जापान के बढ़ते आर्थिक संबंधों को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि आंध्र प्रदेश के तीन शहरों में 31 जापानी कंपनियों ने 8,000 से अधिक स्थानीय रोजगार सृजित किए हैं। उन्होंने इस्पात, फार्मास्यूटिकल्स, स्वच्छ ऊर्जा और सेमीकंडक्टर के क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं का भी उल्लेख किया।
आंध्र प्रदेश सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य तथा खाद्य प्रसंस्करण मंत्री श्री टी. जी. भरत ने राज्य की औद्योगिक अवसंरचना, सामरिक महत्व के बंदरगाहों, विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों और निवेश संबंधी प्रतिबद्धताओं को परियोजनाओं के कार्यान्वयन में बदलने पर राज्य के विशेष ध्यान को रेखांकित किया।
श्री रजत कुमार सैनी ने गहन सहयोग के लिए पांच प्रमुख क्षेत्रों की रूपरेखा प्रस्तुत की। इनमें विनिर्माण एवं औद्योगिक गलियारा विकास, मजबूत आपूर्ति श्रृंखलाएं, उन्नत प्रौद्योगिकियां, सतत औद्योगिक विकास तथा सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों के साथ साझेदारी और कौशल विकास शामिल हैं। उन्होंने निवेश के अवसरों को साझेदारियों में बदलने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही, भारत में अगले दशक के दौरान 10 लाख करोड़ जापानी येन (जेपीवाई 10 ट्रिलियन) का निवेश सुगम बनाने की जापान की प्रतिबद्धता का उल्लेख किया।
जेट्रो चेन्नई के महानिदेशक श्री कियोताका दोहो ने भारत और आंध्र प्रदेश में जापानी कंपनियों की बढ़ती रुचि को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि सर्वेक्षण में शामिल 80 प्रतिशत से अधिक कंपनियां अपने परिचालन का विस्तार करने की योजना बना रही हैं। इसुजु मोटर्स इंडिया के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री राजेश मित्तल ने जापानी विनिर्माण पद्धतियों, गुणवत्ता मानकों, कौशल विकास और स्थानीय आपूर्तिकर्ता इकोसिस्टम के महत्व पर जोर दिया।
विभिन्न औद्योगिक गलियारों के अंतर्गत ग्रीनफील्ड औद्योगिक स्मार्ट शहरों के विकास के माध्यम से एनआईसीडीसी भारत के विनिर्माण इकोसिस्टम को मजबूत करने, लॉजिस्टिक्स दक्षता बढ़ाने और निवेश के लिए तैयार औद्योगिक गंतव्य विकसित करने की दिशा में कार्य कर रहा है। इसकी पहलों का उद्देश्य घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय निवेश आकर्षित करना, रोजगार सृजित करना और भारतीय उद्योगों को वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं से जोड़ना है।
इस अवसर पर उपस्थित अन्य विशिष्ट गणमान्य व्यक्तियों में आंध्र प्रदेश सरकार के उद्योग एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री श्री टी. जी. भरत; सड़क एवं भवन, अवसंरचना तथा निवेश मंत्री श्री बी. सी. जनार्दन रेड्डी; आंध्र प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव श्री जी. साई प्रसाद; सीआईआई के अध्यक्ष एवं टाटा केमिकल्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री आर. मुकुंदन; तथा सीआईआई के महानिदेशक श्री चंद्रजीत बनर्जी उपस्थित थे।
31वें सीआईआई पार्टनरशिप समिट 2026 में एनआईसीडीसी को अपनी औद्योगिक गलियारा परियोजनाओं की प्रगति प्रदर्शित करने, वैश्विक हितधारकों के साथ संवाद करने और आंध्र प्रदेश में निवेश के अवसरों को रेखांकित करने का अवसर मिला। ये प्रयास घरेलू विनिर्माण क्षमताओं को मजबूत करने और विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को साकार करने के भारत सरकार के दृष्टिकोण में योगदान देते हैं।
राष्ट्रीय औद्योगिक गलियारा विकास निगम (एनआईसीडीसी), भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) के अंतर्गत कार्यरत है। इसे देशभर में विश्वस्तरीय ग्रीनफील्ड औद्योगिक स्मार्ट शहरों के विकास का दायित्व सौंपा गया है। एनआईसीडीसी का उद्देश्य एकीकृत औद्योगिक अवसंरचना और डिजिटल पहलों के माध्यम से विनिर्माण क्षेत्र की प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाना, निवेश आकर्षित करना और सतत आर्थिक विकास को बढ़ावा देना है।
पीके/केसी/आरटी/एसकेएस/केके