प्रविष्टि तिथि:
12 NOV 2026 7:14PM by PIB Delhi
रक्षा मंत्रालय के अंतर्गत रक्षा लेखा महानियंत्रक (सीजीडीए) ने ‘राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र (डीएलसी) अभियान 5.0’ के तहत व्यापक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष कार्यक्रम शुरू किया है। कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय के पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग (डीओपीएंडपीडब्ल्यू) के समन्वय से यह अभियान 1 नवंबर से 30 नवंबर, 2026 तक देशभर में चलाया जा रहा है। 11 नवंबर, 2026 तक 20.48 लाख से अधिक रक्षा पेंशनभोगियों ने सफलतापूर्वक अपना डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जमा कर दिया है। यह अभियान में भाग लेने वाले सभी विभागों में सबसे अधिक योगदान है।
इस पहल का उद्देश्य उन्नत तकनीक आधारित समाधानों के माध्यम से रक्षा पेंशनभोगियों व पारिवारिक पेंशनभोगियों को डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र आसानी से और बिना किसी परेशानी के जमा करने की सुविधा प्रदान करना है। इस पहल की प्रमुख प्राथमिकताओं में यह सुनिश्चित करना शामिल है कि बुजुर्ग, अति वरिष्ठ और दिव्यांग पेंशनभोगी बिना किसी प्रक्रियागत कठिनाई के अपनी वार्षिक पहचान की प्रक्रिया पूरी कर सकें।
देशभर में व्यापक स्तर पर भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रयास
रक्षा लेखा विभाग (डीएडी) ने व्यापक जनभागीदारी और जमीनी स्तर पर सहायता सुनिश्चित करने के लिए निम्नलिखित कदम उठाए हैं:
- 194 स्पर्श सेवा केंद्र (एसएससी) पूरी तरह सुसज्जित हैं। ये केंद्र पेंशनभोगियों को डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र तैयार करने और स्पर्श मंच की विभिन्न सेवाओं का लाभ उठाने में सहायता प्रदान करते हैं।
- पेंशनभोगियों को डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र (डीएलसी) तैयार करने में सहायता प्रदान करने के लिए 4.63 लाख सामान्य सेवा केंद्र (सीएससी), 13 साझेदार बैंक/भारतीय डाक भुगतान बैंक और 29 नोडल अधिकारी तैनात हैं।
- देश भर में लगभग 80 आउटरीच कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
- मेगा शिविर: 23 नवंबर, 2026 को कोच्चि में एक ‘मेगा डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र शिविर’ आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में पेंशनभोगियों को मौके पर ही डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र (डीएलसी) बनवाने के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
चेहरा प्रमाणीकरण तकनीक को प्रोत्साहन
अभियान 5.0 का एक प्रमुख उद्देश्य जीवन प्रमाण पोर्टल और मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से आधार संख्या पर आधारित चेहरा प्रमाणीकरण तकनीक को बढ़ावा देना है। वर्तमान में 80 प्रतिशत से अधिक डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र चेहरे की पहचान के जरिए तैयार किए जा रहे हैं। इस सुविधा के माध्यम से पेंशनभोगी अपने स्मार्टफोन का उपयोग करके जीवन प्रमाणपत्र का प्रमाणीकरण कर सकते हैं। इससे उन्हें किसी बाहरी जैवमितीय उपकरण की आवश्यकता नहीं पड़ती और पूरी प्रक्रिया अधिक सरल एवं सुविधाजनक हो जाती है।
मुख्य लाभों में शामिल हैं:
घर बैठे प्रमाणपत्र जमा करने की सुविधा: यह सुविधा पेंशनभोगियों को घर बैठे ही अपना जीवन प्रमाणपत्र तैयार करने और जमा करने की सुविधा प्रदान करती है। इससे उनका यात्रा में लगने वाला समय बचता है और उन्हें बैंक शाखाओं या रक्षा कार्यालयों में व्यक्तिगत रूप से जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती।
बायोमेट्रिक संबंधी कठिनाइयों का समाधान: यह सुविधा उन अत्यधिक बुजुर्ग पेंशनभोगियों की समस्याओं को दूर करती है, जिनकी बढ़ती उम्र और समय के साथ उंगलियों के निशान धुंधले पड़ जाने के कारण बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण में कठिनाई आती है।
दिव्यांग पूर्व सैनिकों के लिए सहायता: यह सुविधा चलने-फिरने में कठिनाई का सामना कर रहे पेंशनभोगियों के लिए जीवन प्रमाणपत्र तैयार करने और जमा करने की प्रक्रिया को काफी आसान बनाती है।
डिजिटल आत्मनिर्भरता: पेंशनभोगियों और उनके परिवारों को डिजिटल प्रक्रियाएं अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना, ताकि वे भविष्य में हर साल आवश्यक दस्तावेज जमा करने के मामले में आत्मनिर्भर बन सकें। साथ ही, अब तक हासिल की गई उपलब्धियों को आधार बनाकर आगे की पहल को और प्रभावी बनाना।
रक्षा लेखा विभाग ने देशव्यापी डिजिटल शासन संबंधी गतिविधियों को व्यापक स्तर पर अपनाने में लगातार महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। नवंबर 2025 में आयोजित डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अभियान 4.0 के दौरान, विभाग ने अपने स्पर्श सेवा केंद्रों, सामान्य सेवा केंद्रों और सहयोगी बैंकों के देशव्यापी नेटवर्क के माध्यम से 20.94 लाख से अधिक डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जारी किए।
स्पर्श के तहत पहुंच का दायरा भी काफी बढ़ा है। अक्टूबर 2026 तक 35.11 लाख रक्षा पेंशनभोगियों को इससे जोड़ा जा चुका है। इसके लिए 301 स्पर्श जनसंपर्क कार्यक्रम और 204 रक्षा पेंशन समाधान शिविर आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से 8,000 से अधिक शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया।
रक्षा लेखा विभाग ने अपने मूल सिद्धांत ‘सही पेंशनभोगी को सही समय पर सही पेंशन’ को दोहराते हुए सभी रक्षा पेंशनभोगियों और पारिवारिक पेंशनभोगियों से आग्रह किया है कि वे नवंबर 2026 के दौरान अपने नजदीकी स्पर्श सेवा केंद्र, बैंक या 80 जनसंपर्क कार्यक्रमों में से किसी एक में जाएं। वहां वे जीवन प्रमाणपत्र जमा करने की पूरी तरह डिजिटल और परेशानी मुक्त प्रक्रिया का अनुभव कर सकते हैं।
*******
पीके/केसी/आरटी/एनके