आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 10वें स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 पुरस्कार प्रदान करेंगी


स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कारों के माध्यम से देश के सबसे स्वच्छ शहरों को सम्मानित किया जाएगा

 ‘स्वच्छ शहर जोड़ी’ पहल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शहरों को भी स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार 2025-26 में सम्मानित किया जाएगा

प्रविष्टि तिथि: 09 NOV 2026 1:15PM by PIB Delhi

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु 11 नवंबर, 2026 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित एक समारोह में स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के पुरस्कार प्रदान करेंगी।

‘स्वच्छता की नई पहल- बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ विषय पर आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण का 10वां संस्करण सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के शहरी विकास विभाग के तत्वावधान में आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण (एसएस) पुरस्कार 2025-26 के अंतर्गत स्वच्छ भारत मिशन-शहरी में उत्कृष्ट योगदान देने वाले देश के सबसे स्वच्छ शहरों को सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में विभिन्न श्रेणियों के अंतर्गत पुरस्कार प्रदान करेंगी। इस अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य तथा विद्युत मंत्री श्री मनोहर लाल और आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू भी उपस्थित रहेंगे।

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के पुरस्कार पिछले एक दशक में शहरों और राज्यों की सामूहिक उपलब्धियों का उत्सव मनाने के साथ-साथ जमीनी स्तर पर हासिल की गई उपलब्धियों को निरंतर बनाए रखने की नई प्रतिबद्धता को भी दर्शाते हैं।

स्वच्छ भारत मिशन-शहरी के प्रमुख स्वच्छता मूल्यांकन कार्यक्रम स्वच्छ सर्वेक्षण का दायरा वर्ष 2016 में 73 शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) से बढ़कर इसके नवीनतम संस्करण में 4,751 से अधिक शहरों तक पहुंच गया है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में कई महत्वपूर्ण सुधार किए गए हैं। इन सुधारों में नागरिकों की प्रतिक्रिया को अधिक महत्व देना, शहरी नदी तटों, समुद्र तटों और जल निकायों के मूल्यांकन का दायरा बढ़ाना तथा खुले में शौच एवं खुले में पेशाब की रोकथाम, पर्यटन एवं विरासत स्थलों की स्वच्छता और विद्यालयों में व्यवहार परिवर्तन सम्बंधी पहलों पर विशेष ध्यान देना शामिल है।

स्वच्छ सर्वेक्षण के 10वें संस्करण के अंतर्गत शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) का मूल्यांकन 10 प्रमुख आकलन क्षेत्रों के 43 संकेतकों के आधार पर किया गया। इन क्षेत्रों में कचरे का पृथक्करण, संग्रहण एवं परिवहन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, प्रत्यक्ष स्वच्छता, स्वच्छता सुविधाओं तक पहुंच, मल-कीचड़ निष्कासन सेवाओं का मशीनीकरण, संस्थागत व्यवस्था एवं इको-सिस्टम को सुदृढ़ करना, प्रयुक्त जल प्रबंधन, स्वच्छता के प्रति जागरूकता एवं जनभागीदारी, सफाई कर्मचारियों का समग्र कल्याण तथा नागरिकों की प्रतिक्रिया एवं शिकायतों का निवारण शामिल हैं। देशभर में 3,000 से अधिक प्रशिक्षित मूल्यांकनकर्ताओं ने व्यापक स्तर पर जमीनी आकलन किया। इस प्रक्रिया में वास्तविक समय में जीपीएस आधारित निगरानी की भी सहायता ली गई। साक्ष्य प्रस्तुत करने से लेकर उनके सत्यापन तक, संपूर्ण मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी रही तथा प्रत्येक चरण में कड़े गुणवत्ता मानकों का पालन किया गया।

देश के शीर्ष स्वच्छ शहरों के साथ-साथ इस वर्ष के पुरस्कारों में ‘स्वच्छ शहर जोड़ी’ पहल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शहरों को भी सम्मानित किया जाएगा। इस पहल के माध्यम से 33 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के 70 मार्गदर्शक शहरों और 191 सहभागी शहरों के बीच आपसी सीख एवं अनुभव साझा करने को प्रोत्साहित किया गया है। इसका उद्देश्य शहरी अपशिष्ट प्रबंधन में उत्कृष्टता को गति देना है। ‘स्वच्छ शहर जोड़ी’ पहल का शुभारंभ 27 सितंबर, 2025 को केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल ने किया था। यह शहरी अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में अपनी तरह का पहला मार्गदर्शन एवं परस्पर सीखने का कार्यक्रम है। इस पहल की शुरुआत के अवसर पर सभी मार्गदर्शक और सहभागी शहरों के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए थे।

स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 और 2025 के बीच प्रमुख स्वच्छता संकेतकों पर सहभागी शहरों के प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के नवीनतम संस्करण में भी इन शहरों के प्रदर्शन में महत्वपूर्ण प्रगति देखने को मिली है।

‘प्रत्यक्ष स्वच्छता’ के मानक पर सहभागी शहरों का प्रदर्शन स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 के 48 प्रतिशत से बढ़कर नवीनतम संस्करण में 70 प्रतिशत हो गया है। इसी प्रकार, ‘घर-घर कचरा संग्रहण’ के मामले में इन शहरों का प्रदर्शन वर्ष 2024 के 52 प्रतिशत से बढ़कर अब कुल 74 प्रतिशत तक पहुंच गया है।

सहभागी शहरों ने अन्य प्रमुख मानकों पर भी उल्लेखनीय सुधार किया है। इनमें स्रोत पर कचरे का पृथक्करण 16 प्रतिशत से बढ़कर 30 प्रतिशत, स्वच्छता सुविधाओं तक पहुंच 11 प्रतिशत से बढ़कर 38 प्रतिशत, प्रयुक्त जल प्रबंधन 32 प्रतिशत से बढ़कर 53 प्रतिशत तथा स्वच्छता के प्रति जागरूकता एवं जनभागीदारी 48 प्रतिशत से बढ़कर 66 प्रतिशत हो गई है। ये उपलब्धियां उच्च प्रदर्शन करने वाले शहरों से मिले समर्पित मार्गदर्शन के माध्यम से स्वच्छता प्रणालियों को सुदृढ़ बनाने और सेवा वितरण के परिणामों में सुधार को दर्शाती हैं।

समर्पित प्रयासों, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और स्वच्छता के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता का एक वर्ष पूरा होने पर अब 11 नवंबर, 2026 को स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के पुरस्कार विजेता शहरों की घोषणा की जाएगी।

 

***

पीके/केसी/आरटी/वीके/एसके


(रिलीज़ आईडी: 2334339) आगंतुक पटल : 23
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: Kannada , English , Gujarati , Malayalam