युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
मेरा युवा भारत ने नशामुक्त युवा अभियान के पांचवें सप्ताह के तहत 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 1,174 कार्यक्रम आयोजित किए
3.43 लाख युवाओं और नागरिकों ने योग, ध्यान और नशामुक्त भारत जागरूकता गतिविधियों में हिस्सा लिया
प्रविष्टि तिथि:
19 OCT 2026 4:41PM by PIB Delhi
मेरा युवा भारत ने विकसित भारत हेतु नशा मुक्त युवा अभियान के तहत 17 अक्टूबर, 2026 को नशामुक्त युवा के लिए योग और ध्यान तथा विकसित भारत हेतु नशामुक्त युवा पर चर्चा (पड़ोस की युवा संसद) विषय के तहत 100 सप्ताह के व्यापक अभियान का पांचवां सप्ताह आयोजित किया। आध्यात्मिक संगठनों, विश्वविद्यालयों और उद्योग संघों के सहयोग से आयोजित इस पहल में 36 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश शामिल हुए, जिसमें 1,174 कार्यक्रमों के माध्यम से 3,43,288 युवाओं और नागरिकों की भागीदारी रही।

आयोजन में कई गतिविधियां संचालित की गईं, जिनमें नशामुक्त युवा संकल्प, योग और ध्यान सत्र, जागरूकता चर्चाएं और युवा जुड़ाव गतिविधियां शामिल रहीं। इन सभी पहल का उद्देश्य स्वस्थ जीवन शैली के प्रति प्रेरित करना, शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देना और मादक पदार्थों के सेवन की रोकथाम के बारे में जागरूकता बढ़ाना है। पड़ोस की युवा संसद चर्चा से संवाद और नशामुक्त भारत के प्रति युवाओं की भागीदारी को मंच मिला।
इस अभियान का आयोजन हार्टफुलनेस, प्रोजेक्ट पॉइंट, सीआईपीयू, एसोचैम, फिक्की, सीआईआई और ब्रह्माकुमारीज़ इत्यादि साझेदार संगठनों के सहयोग से किया गया। इन संगठनों की भागीदारी युवाओं और नागरिकों को स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने और जागरूकता बढ़ाने में आध्यात्मिक संस्थानों, उद्योग संगठनों और अन्य हितधारकों के सामूहिक प्रयास को दर्शाती है।

पूरे अभियान में, 3,380 गतिविधियां आयोजित की गईं और 3,43,288 संकल्प लिए गए, जो नशामुक्त भारत की प्रतिबद्धता दोहराने में युवाओं और नागरिकों की व्यापक भागीदारी दर्शाती हैं। इन कार्यक्रमों में नशीले पदार्थें के सेवन रोकने और सामुदायिक स्तर पर जागरूकता बढ़ाने के सामूहिक दायित्व को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न हितधारक साथ आए।
जनप्रतिनिधियों और साझेदार संगठनों के सहयोग से राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में इस व्यापक भागीदारी ने स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण में निरंतर सामुदायिक जुड़ाव के महत्व को रेखांकित किया। सौ सप्ताह के अभियान द्वारा मेरा युवा भारत, विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा दृष्टिकोण के साथ युवाओं की भागीदारी और सामूहिक कार्रवाई को प्रोत्साहित करना जारी रखे हुए है।
***
पीके/केसी/आरटी/एकेवी/एसके
(रिलीज़ आईडी: 2325215)
आगंतुक पटल : 66