पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय
सीएक्यूएम ने एनसीआर में अनुपालन स्थिति और प्रवर्तन कार्रवाइयों की समीक्षा की; 25.09.2026 से 09.10.2026 के बीच 124 निरीक्षण किए गए
उड़न दस्तों को निरीक्षण के दौरान 'रेड' और 'ऑरेंज' श्रेणी के उद्योगों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए
प्रविष्टि तिथि:
17 OCT 2026 6:03PM by PIB Delhi
एनसीआर और आस-पास के क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने 16.10.2026 को आयोजित अपनी 'प्रवर्तन कार्यबल/एनफोर्समेंट टास्क फोर्स' (ईटीएफ) की 141वीं बैठक में, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में की गई प्रवर्तन कार्रवाइयों, निरीक्षण के नतीजों और नियमों के पालन की स्थिति की समीक्षा की।
25.09.2026 से 09.10.2026 तक की 15 दिनों की रिपोर्टिंग अवधि के दौरान, कुल 124 निरीक्षण किए गए। इनमें निर्माण और विध्वंस (सीएंडडी) स्थलों पर 6, औद्योगिक क्षेत्र में 54, और डीजल जनरेटर (डीजी) सेट से जुड़े 64 निरीक्षण शामिल थे। इन निरीक्षणों में नियमों के उल्लंघन के 55 मामले सामने आए, जिनमें सीएंडडी स्थलों पर 5, औद्योगिक क्षेत्र में 35 और डीजी सेट से जुड़े 15 मामले शामिल हैं।


सामने आए उल्लंघनों के आधार पर, कई तरह की प्रवर्तन कार्रवाई प्रस्तावित की गई हैं। इनमें दो सीएंडडी परियोजनाओं और तीन औद्योगिक इकाइयों को बंद करना; औद्योगिक और डीजी क्षेत्रों में 12 इकाइयों को सील करना; तथा एक सीएंडडी मामले, पांच औद्योगिक मामलों और डीजी से जुड़े एक मामले में नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए आदेश या निर्देश जारी करना शामिल है। अन्य प्रस्तावित उपायों में पर्यावरण मुआवजा (ईसी) लगाना, दोबारा निरीक्षण करना, मामलों को केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) और राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्डों (एसपीसीबी) को भेजना, तथा परियोजना प्रस्तावक और संबंधित प्राधिकरणों को सलाह और पत्र जारी करना शामिल है।
ईटीएफ ने अपनी 140वीं बैठक में विचार किए गए मामलों पर की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की। इसमें विभिन्न प्रवर्तन उपायों की स्थिति की समीक्षा की गई, जिनमें काम बंद कराना, डीजी सेट को सील करना, ईसी पत्र और परामर्श जारी करना, मामलों को सीपीसीबी/एसपीसीबी को भेजना और दोबारा निरीक्षण करना शामिल है। कार्यबल ने पिछली बैठक के बाद जारी किए गए काम फिर से शुरू करने के आदेशों की भी समीक्षा की। 15.10.2026 तक, काम फिर से शुरू करने के तीन आदेश जारी किए गए थे, जो सभी सीएंडडी के मामलों से संबंधित थे। इनमें से दो हरियाणा में और एक उत्तर प्रदेश में था। इसके अलावा, अंतिम निर्णय के लिए तीन मामलों को संबंधित एसपीसीबी या प्राधिकरणों को भेज दिया गया। इनमें एक औद्योगिक मामला और दो सीएंडडी मामले शामिल थे; इनमें से एक मामला दिल्ली से और दो हरियाणा से जुड़े थे।
ईटीएफ ने आयोग के 'फ्लाइंग स्क्वॉड' (उड़न दस्तों) की प्रवर्तन कार्रवाई की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। 16.10.2026 तक, फ्लाइंग स्क्वॉड ने एनसीआर भर में 28,868 इकाइयों, परियोजनाओं और संस्थाओं का निरीक्षण किया था। इन निरीक्षणों के आधार पर, 1,837 'बंद करने के निर्देश' जारी किए गए थे। इनमें से, नियमों के पालन की पुष्टि होने के बाद 1,491 'काम फिर से शुरू करने के आदेश' जारी किए गए। इसके अलावा, 130 मामलों को अंतिम निर्णय के लिए संबंधित राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्डों (एसपीसीबी) या दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) को भेज दिया गया, जबकि 216 संस्थाओं के लिए काम फिर से शुरू करने के आदेश जारी किए जाने बाकी थे।
ईटीएफ ने संबंधित क्षेत्रों में जारी किए गए प्रवर्तन आदेशों की स्थिति की भी समीक्षा की। 15.10.2026 तक, औद्योगिक क्षेत्र में कुल 34 आदेश, सीएंडडी क्षेत्र में 29 आदेश और डीजी सेट के संबंध में 27 आदेश जारी किए गए थे। कार्यबल ने इन मामलों के निपटान और प्रसंस्करण पर ध्यान दिया, जिसमें वे मामले भी शामिल थे जिनमें अतिरिक्त जानकारी, व्यक्तिगत सुनवाई और पुनः निरीक्षण की आवश्यकता थी।
आयोग ने दोहराया कि निरीक्षण मुख्य रूप से रेड (लाल) और ऑरेंज (नारंगी) श्रेणी के उद्योगों -विशेषकर उन उद्योगों पर जिनमें भट्टियां और बॉयलर -पर केंद्रित होने चाहिए। उड़न दस्तों को निर्देश दिया गया कि वे निरीक्षण रिपोर्ट प्रस्तुत करने से पहले पूर्ण और सटीक पतों के सत्यापन के लिए निर्धारित निर्देशों का सख्ती से पालन करें, विशेष रूप से बंद करने के निर्देशों और पत्रों के वापस आ जाने की घटनाओं को देखते हुए।
आयोग ने प्रवर्तन को और मजबूत करने, अनुपालन के समय पर सत्यापन को सुनिश्चित करने और कार्यान्वयन एजेंसियों के बीच व्यापक समन्वय बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया। इसने औद्योगिक इकाइयों, निर्माण एवं विकास गतिविधियों और डीजी सेट सहित प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में त्वरित प्रवर्तन कार्रवाई, सख्त अनुपालन निगरानी और निरंतर निरीक्षण पर भी बल दिया, ताकि एनसीआर में वायु प्रदूषण को प्रभावी ढंग से कम किया जा सके।
*****
पीके/केसी/आरटी/एमपी
(रिलीज़ आईडी: 2324760)
आगंतुक पटल : 63