राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग
गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में, एक महिला के किसी दूसरे पुरुष के साथ रहने से नाराज होकर उसके पति और परिवार वालों ने उसके साथ मारपीट की और अमानवीय व्यवहार किया, भारत के राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने इस घटना स्वतः संज्ञान लिया
आयोग ने सुरेंद्रनगर के जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा
इस रिपोर्ट में पीड़िता के स्वास्थ्य की स्थिति और उसे दिए गए किसी भी मुआवजे (यदि कोई हो) के बारे में जानकारी भी मांगी गई
प्रविष्टि तिथि:
16 OCT 2026 5:50PM by PIB Delhi
भारत के राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने एक मीडिया रिपोर्ट पर स्वतः संज्ञान लिया है। इस रिपोर्ट के अनुसार, गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में एक विवाहित महिला, किसी दूसरे पुरुष के साथ रह रही थी। उस महिला के साथ उसके पति और परिवार वालों ने क्रूर और अमानवीय बर्ताव किया। बताया गया है कि महिला और उस पुरुष को ढूंढ निकाला गया और 'शुद्धिकरण अनुष्ठान' कराने के बहाने वापस ले आया गया। महिला को डंडों से पीटा गया, लात मारी गई और एक पेड़ से बांध दिया गया। आरोपियों पर महिला के साथ मौजूद पुरुष को ही उस महिला के साथ बलात्कार करने के लिए मजबूर करने का आरोप है।
आयोग ने कहा है कि अगर मीडिया रिपोर्ट में दी गई बातें सच हैं, तो यह मानवाधिकारों के उल्लंघन का एक गंभीर मामला है। इसके चलते, आयोग ने सुरेंद्रनगर के जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। इस रिपोर्ट में पीड़िता के स्वास्थ्य की स्थिति और उसे दिए गए किसी भी मुआवजे (यदि कोई हो) के बारे में जानकारी भी मांगी गई है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 को इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर यह घटना सामने आई थी।
***
पीके/केसी/आरटी/एमकेएस/डीके
(रिलीज़ आईडी: 2324504)
आगंतुक पटल : 91