वित्त मंत्रालय
सीमा शुल्क अधिकारियों ने आईजीआई हवाई अड्डे के एयर कार्गो कॉम्प्लेक्स में बैंकॉक से आयात किए गए 148.67 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक मादक पदार्थ का पता लगाया
प्रविष्टि तिथि:
15 OCT 2026 6:31PM by PIB Delhi
नई दिल्ली स्थित न्यू कस्टम हाउस के एयर कार्गो कॉम्प्लेक्स इंपोर्ट स्थित एसआईआईबी शाखा के सीमा शुल्क अधिकारियों ने मादक पदार्थों की तस्करी के सबसे बड़े प्रयासों में से एक का भंडाफोड़ किया। स्थानीय स्तर पर प्राप्त खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए, अधिकारियों ने बैंकॉक से आ रही एक खेप को रोका और पीयू ट्यूबों के स्पूलों के अंदर छिपाए गए हरे रंग के एनडीपीएस पदार्थ की भारी मात्रा बरामद की, जिसके गांजा/ मारिजुआना होने का संदेह है।
19 डिब्बों में पैक किए गए पीयू ट्यूबों के रूप में घोषित की गई खेप को गलत घोषणा की संदिग्धता के कारण रोका गया था। आयातक के प्रतिनिधि की मौजूदगी में जांच करने पर, अधिकारियों को पीयू ट्यूबों से भरे प्लास्टिक के स्पूल मिले। स्पूलों को तोड़ने पर, अंदर छिपी हुई जगहों में पॉलीथीन में लिपटे हुए हरे रंग के ठोस पदार्थ के पैकेट मिले। ऐसे पैकेट 15 डिब्बे में पाए गए। प्रारंभिक जांच से पता चला कि यह पदार्थ गांजा/ मारिजुआना है।

कुल मिलाकर, 120 स्पूलों में 148.67 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक मादक पदार्थ छिपाया गया था। जब्त किए गए नशीले पदार्थों का मूल्य लगभग 52 करोड़ रुपये है, जबकि भारत में इसका अनुमानित बाजार मूल्य 150 करोड़ रुपये है। प्रतिबंधित सामग्री, साथ ही छिपाने और पैकेजिंग सामग्री को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के अंतर्गत जब्त कर लिया गया है। आगे की जांच जारी है।
यह अभियान 72 घंटे से अधिक समय तक चला और 15.10.2026 को एक शख्स की गिरफ्तारी के साथ समाप्त हुआ, जिसे उसी दिन मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। तीन राज्यों में स्थित पांच परिसरों में की गई तलाशी से चल रही जांच के लिए महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। पूरे अभियान की निगरानी एसीसी आयात के मुख्य आयुक्त और प्रधान आयुक्त स्तर के वरिष्ठ सीमा शुल्क अधिकारियों की ओर से की गई और एसीसी आयात के अतिरिक्त सीमा शुल्क आयुक्त ने इसका पर्यवेक्षण किया।

भारी मुनाफे के लालच में तस्कर ऐसे अवैध सामानों को देश में लाने का प्रयास करते हैं। सीमा शुल्क अधिकारी समाज को नशीले पदार्थों के खतरे से बचाने के लिए सतर्क और प्रतिबद्ध रहते हैं।
***
पीके/केसी/आरटी/एमएम/डीए
(रिलीज़ आईडी: 2324145)
आगंतुक पटल : 27