युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने 93 विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता की, विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 में अधिक भागीदारी का आग्रह किया
विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027, नशा मुक्ति अभियान और युवा कनेक्ट कार्यक्रम में विश्वविद्यालयों से छात्रों को सक्रिय रूप से शामिल करने का आह्वान किया
प्रविष्टि तिथि:
18 SEP 2026 5:39PM by PIB Delhi
युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की प्रमुख युवा-केंद्रित पहल में उच्च शिक्षण संस्थानों की भागीदारी बढाने के उद्देश्य से देश भर के 93 विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की।

बैठक में युवा कार्यक्रम सचिव श्री सुनील पालीवाल, संयुक्त सचिव श्री शिव रतन, मेरा युवा भारत के निदेशक श्री सलिल कुमार और राष्ट्रीय सेवा योजना के निदेशक श्री प्रशांत प्रिया गौतम के साथ ही विश्वविद्यालयों के कुलपति और प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
इसमें 40 केंद्रीय विश्वविद्यालयों, 38 राज्य विश्वविद्यालयों और 13 डीम्ड एवं निजी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के साथ ही मणिपुर के राष्ट्रीय खेल विश्वविद्यालय और ग्वालियर के लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में विश्वविद्यालय नेतृत्व को विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027, नशा मुक्त अभियान और युवा कनेक्ट कार्यक्रम के बारे में जानकारी और इन पहल में उनकी सक्रिय भागीदारी पर चर्चा करने का अवसर मिला।

कुलपतियों को संबोधित करते हुए, सुश्री खडसे ने विकसित भारत @2047 की दृष्टि योजना आगे बढ़ाने में शैक्षणिक संस्थानों के सामूहिक दायित्व का उल्लेख किया और विश्वविद्यालयों से युवाओं की भागीदारी, नेतृत्व, सामुदायिक जुड़ाव और रचनात्मक संवाद के लिए अधिक अवसर सृजित करने का आह्वान किया।
युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री ने विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 के विविध पहलुओं की चर्चा की और विश्वविद्यालयों को इसमें छात्रों की सक्रिय भागीदारी बढाने के लिए प्रोत्साहित किया जिससे युवाओं को नीति निर्माताओं, विशेषज्ञों और राष्ट्रीय नेताओं के साथ जुड़कर विचारों, रचनात्मकता और समाधान प्रदर्शित करने का अवसर मिले।
सुश्री खडसे ने विश्वविद्यालयों से नशा मुक्त अभियान के तहत जागरूकता और युवा नेतृत्व सशक्त बनाने और युवा कनेक्ट कार्यक्रम द्वारा छात्रों को अवसरों से जोड़ने का भी आग्रह किया, साथ ही परिसरों से बाहर समुदायों में युवा पहल विस्तारित करने में संस्थानों की भूमिका पर बल दिया।

सुश्री खडसे ने कुलपतियों से कहा कि वे इन सभी पहल में अपने विश्वविद्यालयों और विद्यार्थियों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करें और युवा नेतृत्व, सामाजिक दायित्व और राष्ट्र निर्माण हेतु एक सुदृढ पारितंत्र निर्मित करने में मदद करें।
विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027, नशा मुक्ति अभियान और युवा कनेक्ट कार्यक्रम के साथ ही विश्वविद्यालय स्तर की भागीदारी बढाने के लिए प्रमुख चर्चाओं के साथ बैठक संपन्न हुई। बैठक में प्रोफेसर नीलोफर खान, प्रोफेसर दिवाकर सिंह राजपूत, प्रोफेसर कल्पना शर्मा, प्रोफेसर दिबाकर चंद्र डेका, दलजीत सिंह चौधरी और प्रोफेसर सुरेश गोसावी तथा कुलपतियों सहित शिक्षाविदों ने भाग लिया।
*****
पीके/केसी/एकेवी/एसके
(रिलीज़ आईडी: 2312217)
आगंतुक पटल : 32