महिला एवं बाल विकास मंत्रालय
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय विशेष अभियान के छठे चरण के कार्यान्वयन के लिए तैयार
विशेष अभियान के पांचवे चरण के तहत देशभर में 1,95,000 से अधिक स्वच्छता अभियान आयोजित किए गए
10,126 जन शिकायतों और 1,877 शिकायत अपीलों का निपटारा किया गया
प्रविष्टि तिथि:
18 SEP 2026 2:43PM by PIB Delhi
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय विशेष अभियान के छठे चरण के कार्यान्वयन के लिए तैयारियों में जुटा है। इस अभियान के तहत मंत्रालय के सभी कार्यालयों और संस्थानों में सक्रिय भागीदारी, मापनीय परिणाम और दीर्घकालिक प्रभाव सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मंत्रालय अभियान के प्रमुख मानकों और लक्ष्यों के अनुरूप गतिविधियों को सुव्यवस्थित कर रहा है। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सचिव श्री अनिल मलिक ने मंत्रालय के सभी कार्यालयों से अभियान में उत्साह और सक्रियता के साथ भाग लेने का आग्रह किया है।

विशेष अभियान के पांचवें चरण की उपलब्धियां
विशेष अभियान का पांचवां चरण 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर, 2025 तक चला। इसके बाद अभियान 1 नवंबर, 2025 से 31 अगस्त, 2026 तक जारी रहा। इस दौरान मंत्रालय द्वारा स्वच्छता, अभिलेख प्रबंधन तथा लंबित संदर्भों के निपटान के लिए विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की गईं।
मंत्रालय ने आंगनवाड़ी केंद्रों, बाल देखभाल संस्थानों, वन स्टॉप सेंटरों, सखी निवासों और शक्ति सदनों सहित देश भर में 1,95,620 स्वच्छता अभियान चलाए। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप 26,506 वर्ग फुट कार्यालय स्थान खाली हुआ। कबाड़ और ई-कचरे के निपटान से 14,29,703 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
मंत्रालय ने रिकॉर्ड प्रबंधन के अंतर्गत, 6,267 भौतिक फाइलों और 3,874 ई-फाइलों की समीक्षा की, जिनमें से 3,591 ई-फाइलें बंद कर दी गईं। मंत्रालय ने 35 सांसद संबंधी संदर्भों, 11 संसदीय आश्वासनों और अभियान के दौरान 28 राज्य सरकार संबंधी संदर्भों का भी निपटारा किया। इसके अतिरिक्त, 10,126 जन शिकायतों और 1,877 शिकायत अपीलों का समाधान किया गया।
जीवन को सुगम बनाने के लिए पोषण ट्रैकर का उपयोग
मंत्रालय ने विशेष अभियान के पांचवें चरण के तहत एक सर्वोत्तम प्रक्रिया के रूप में, पोषण ट्रैकर डेटाबेस का उपयोग करके प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई) के संभावित लाभार्थियों की "सूची" तैयार की। यह पहल पात्र लाभार्थियों के लिए लाभों तक पहुंच को आसान बनाने के प्रयासों का समर्थन करती है।

विशेष अभियान के पांचवें चरण के दौरान, मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर आयोजित गतिविधियों में भाग लिया और उनकी समीक्षा की। महिला एवं बाल विकास मंत्री ने सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए नई दिल्ली स्थित शास्त्री भवन, जीवन विहार और जीवन तारा बिल्डिंग में मंत्रालय के कार्यालयों का दौरा किया। महिला एवं बाल विकास विभाग के अपर सचिव और सावित्रीबाई फुले राष्ट्रीय महिला एवं बाल विकास संस्थान (एसपीएनआईडब्ल्यूसीडी) की निदेशक ने लखनऊ स्थित एसपीएनआईडब्ल्यूसीडी के क्षेत्रीय केंद्र का निरीक्षण किया और अभियान की प्रगति की समीक्षा की।
मंत्रालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने कार्यालय परिसर और दिल्ली स्थित एसपीएनआईडब्ल्यूसीडी में आयोजित स्वच्छता अभियान में सक्रिय रूप से भाग लिया। विशेष अभियान के छठें चरण में समन्वित भागीदारी, स्पष्ट लक्ष्य और ऐसे परिणाम सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा जो अभियान अवधि के बाद भी जारी रह सकें।
*****
पीके/केसी/जेके/जीआरएस
(रिलीज़ आईडी: 2312079)
आगंतुक पटल : 34