सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
केंद्र सरकार 'वंचितों को प्राथमिकता' देने के लिए प्रतिबद्ध है : केंद्रीय राज्य मंत्री श्री बी.एल. वर्मा
उत्तर प्रदेश के बदायूं में 40 सीवर और सेप्टिक टैंक कर्मचारियों तथा 30 कचरा बीनने वालों को पीपीई किट वितरित किए गए; 31 सफाई मित्रों को आयुष्मान कार्ड और 6 सफाई मित्रों को ऑटो-रिक्शा की चाबियां दी गईं
प्रविष्टि तिथि:
18 SEP 2026 2:08PM by PIB Delhi
सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री श्री बी.एल. वर्मा ने कहा है कि केंद्र सरकार 'वंचितों को प्राथमिकता' देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि जिन लोगों को कम सेवा मिली है या जिनकी उपेक्षा की गई है, उन्हें वह सहायता और समर्थन प्राप्त हो जिसके वे हकदार हैं।

श्री बी.एल. वर्मा ने उत्तर प्रदेश के बदायूं में 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य 'सफाई मित्रों का सम्मान, स्वच्छ भारत का संकल्प' संदेश को बढ़ावा देना है। श्री वर्मा ने राष्ट्रीय मशीनीकृत स्वच्छता इकोसिस्टम (नमस्ते) योजना पर प्रकाश डाला। इसका उद्देश्य स्वच्छता कर्मचारियों की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित करना और उन्हें सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

श्री वर्मा ने कहा कि वंचित समुदायों पर केंद्रित यह पहल सरकार के विकसित भारत के व्यापक दृष्टिकोण को दर्शाती है, जिसमें प्रत्येक नागरिक को भारत की विकास यात्रा में योगदान देने और उससे लाभ उठाने का अवसर मिलता है।

श्री वर्मा ने 40 सीवर और सेप्टिक टैंक कर्मचारियों और 30 कचरा बीनने वालों को पीपीई किट वितरित कीं। इसके अतिरिक्त, 31 सफाई मित्रों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए, जबकि छह सफाई मित्रों को ऑटो-रिक्शा की चाबियां सौंपी गईं।

श्री वर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय मशीनीकृत स्वच्छता इकोसिस्टम (नमस्ते) योजना के तहत 90,157 सीवर और सेप्टिक टैंक कर्मचारियों में से 87,078 को व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) किट प्राप्त हुए हैं और 76,920 को स्वास्थ्य बीमा सुरक्षा प्रदान की गई है।


श्री वर्मा ने कहा कि 5 लाख (5,00,013) से अधिक कचरा बीनने वालों की प्रोफाइलिंग की गई है, जिनमें से 3,15,593 की पुष्टि हो चुकी है और कुल 1,79,269 कचरा बीनने वालों को पीपीई किट उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि बदायूं में प्रोफाइलिंग प्रक्रिया के माध्यम से 146 सीवर और सेप्टिक टैंक कर्मचारियों और 339 कचरा बीनने वालों की पुष्टि की गई है।

राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी वित्त एवं विकास निगम (एनएसकेएफडीसी) के प्रबंध निदेशक श्री प्रभात कुमार सिंह ने भी इस कार्यक्रम को संबोधित किया।

इस अवसर पर दातागंज से विधायक श्री राजीव सिंह; बिल्सी से विधायक श्री हरीश चंद्र; उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य श्री वागीश पाठक और बदायूं जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती वर्षा यादव उपस्थित थीं।
****
पीके/केसी/जेके/जीआरएस
(रिलीज़ आईडी: 2312029)
आगंतुक पटल : 39