पृथ्‍वी विज्ञान मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय ने एससीडीपीएम 5.0 के अंतर्गत प्रभावशाली प्रगति दर्ज कीः स्वच्छता और कार्यकुशलता प्राप्त करने की ओर उल्लेखनीय कदम

प्रविष्टि तिथि: 17 SEP 2026 8:43AM by PIB Delhi

पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय और उसके संस्थानों ने लंबित मामलों के निपटारे के लिए विशेष अभियान के पांचवें संस्करण (एससीडीपीएम 5.0) के अंतर्गत उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। मंत्रालय ने स्वच्छता को संस्थागत रूप देने, कार्यालय स्थान के इष्टतम उपयोग, कबाड़ के निपटान से राजस्व सृजन और शिकायतों के त्वरित निवारण पर विशेष जोर देते हुए अपने संस्थानों के साथ मिलकर असाधारण प्रशासनिक दक्षता का प्रदर्शन किया है।

मंत्रालय ने एससीडीपीएम 5.0 के हिस्से के रूप में दिसंबर 2025 से अगस्त 2026 तक अपने 10 कार्यालयों और संस्थानों में 20 स्वच्छता अभियान चलाए। इन निरंतर प्रयासों से संसाधन अनुकूलन और राजस्व सृजन में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल हुईं। इस दौरान बेहतर उत्पादक उपयोग के लिए 54,815 वर्ग फीट कार्यालय स्थान खाली कराया गया। इसके अलावा कबाड़ और कचरे के निपटान की पहलकदमियों से सरकारी राजकोष के लिए 1.57 करोड़ रुपये का संचयी राजस्व प्राप्त हुआ। साथ ही कार्यालय के दस्तावेजों को व्यवस्थित करने और डिजिटल परिवर्तन को बढ़ावा देने के लिए फाइलों की व्यवस्थित छंटनी की गई और 750 कागजी तथा 177 ई-फाइलों को सफलतापूर्वक बंद किया गया।

मंत्रालय ने जन शिकायतों, गणमान्य व्यक्तियों के परामर्शों और अंतर-मंत्रालयी प्रस्तावों के निष्पादन में भी उच्च सक्रियता और दक्षता का प्रदर्शन किया। उसने 1 संसदीय आश्वासन तथा प्रधानमंत्री कार्यालय के 17 और सांसदों के 37 परामर्शों के साथ ही 304 जन शिकायतों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया। अंतर मंत्रालयी समिति (मंत्रिमंडल) के सभी प्रस्तावों और जन शिकायत अपीलों का समाधान कर 100 प्रतिशत निराकरण दर हासिल की गई।

पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय एससीडीपीएम 5.0 के मूल आदर्शों- प्रशासनिक पारदर्शिता और नौकरशाही की दक्षता बढ़ाने तथा अपने सभी कार्यालयों और संस्थानों में एक स्वच्छ, हरित और नागरिक-केंद्रित कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

****

पीके/केसी/एसके


(रिलीज़ आईडी: 2311288) आगंतुक पटल : 74
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Gujarati , Urdu , Tamil