पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

सीएक्यूएम ने एचएसपीसीबी द्वारा अपने निर्देशों का पालन न करने का संज्ञान लिया; समीक्षा बैठक में स्पष्टीकरण मांगा गया

प्रविष्टि तिथि: 09 SEP 2026 12:39PM by PIB Delhi

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के अध्यक्ष श्री राजेश वर्मा की अध्यक्षता में 8 सितंबर 2026 को हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एचएसपीसीबी) के साथ दिल्‍ली एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों में आयोग के वैधानिक निर्देशों के अनुपालन के संबंध में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इन वैधानिक निर्देशों में 500 वर्ग मीटर या उससे अधिक के भूखंड क्षेत्र में स्थित सभी निर्माण एवं विकास परियोजनाओं का पंजीकरण और धूल नियंत्रण उपायों की दूरस्थ निगरानी के लिए राज्य/जीएनसीटीडी वेब पोर्टल पर कार्यात्मक वीडियो निगरानी प्रणाली की स्थापना करना अनिवार्य है।

सीएक्यूएम 2024 से एचएसपीसीबी के वेब पोर्टल के माध्यम से निर्माण एवं विध्वंस स्थलों की नमूना-आधारित दूरस्थ निगरानी कर रहा है। निगरानी के दौरान कई विसंगतियां देखी गई हैं, जिनमें अपूर्ण/अपर्याप्त वेब-कैमरा लिंक, गलत यूजर आईडी/पासवर्ड, मोबाइल एप्लिकेशन इंस्टॉल करने के लिए प्रेरित करने वाले लिंक, काम न करने वाले वेब लिंक और सफल लॉगिन के बावजूद कैमरों का ऑफ़लाइन रहना शामिल हैं। इन विसंगतियों की जानकारी समय-समय पर एचएसपीसीबी को आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई के लिए दी गई है।

सीएक्यूएम द्वारा एचएसपीसीबी पोर्टल के माध्यम से 19.06.2026 से 22.06.2026 तक किए गए दूरस्थ निगरानी अभ्यास के दौरान यह पाया गया कि पानीपत में पंजीकृत 213 सक्रिय निर्माण एवं विध्वंस (सी एंड डी) स्थलों, सोनीपत में 457, फरीदाबाद में 168, गुरुग्राम (उत्तर) में 691 और गुरुग्राम (दक्षिण) में 484 स्थलों में से अधिकांश स्थलों पर वेबकैम लिंक काम नहीं कर रहे थे। फरीदाबाद में केवल 4, गुरुग्राम (उत्तर) में 6 और गुरुग्राम (दक्षिण) में 5 स्थलों पर ही वेबकैम लिंक काम कर रहे थे। इन निष्कर्षों की जानकारी 08.07.2026 को एचएसपीसीबी को दी गई।

सीएक्यूएम ने पहले भी एचएसपीसीबी को पोर्टल के माध्यम से प्रभावी रिमोट मॉनिटरिंग के लिए एक समर्पित टीम तैनात करने की सलाह दी थी। हालांकि, न तो ऐसी कोई टीम तैनात की गई और न ही कोई ठोस सुधार देखने को मिला। वेब-कैमरा लिंक के काम न करने से निर्माण एवं विध्वंस स्थलों की प्रभावी रिमोट मॉनिटरिंग और धूल नियंत्रण उपायों के सत्यापन के लिए वेब पोर्टल का मूल उद्देश्य ही विफल हो गया है।

आयोग ने लगातार जारी अनियमितताओं और एचएसपीसीबी द्वारा निर्देशों का पालन न करने को गंभीरता से लेते हुए, इस मामले को आयोग के निर्देशों के प्रवर्तन के लिए जिम्मेदार नामित प्राधिकरण द्वारा जानबूझकर निर्देशों का पालन न करने के रूप में माना है। सीएक्यूएम ने एचएसपीसीबी को समीक्षा बैठक के लिए बुलाया, ताकि वह आवश्यक जानकारी, विस्तृत जवाब और उसे जारी किए गए नोटिसों के संबंध में रिपोर्ट प्रस्तुत करे, जिसमें अनुपालन की पूरी स्थिति बताई गई हो। प्रत्‍युत्‍तर में, एचएसपीसीबी ने आयोग को अनुपालन की स्थिति और सीएक्यूएम के वैधानिक निर्देशों के कार्यान्वयन की दिशा में उठाए गए कदमों से अवगत कराया।

इसके अतिरिक्‍त, समीक्षा बैठक में, एचएसपीसीबी को आयोग द्वारा जारी सभी आदेशों/वैधानिक निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने और निर्माण एवं विध्वंस स्थलों की प्रभावी तथा निर्बाध दूरस्थ निगरानी सुनिश्चित करने के लिए गैर-अनुपालन स्थलों को बंद करने सहित आवश्यक सुधारात्मक उपाय करने का निर्देश दिया गया है। संबंधित अधिकारियों को निगरानी और प्रवर्तन तंत्र को मजबूत करने का भी निर्देश दिया गया ताकि निर्माण एवं विध्वंस स्थलों पर निर्धारित धूल नियंत्रण उपायों को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके।

आयोग ने दोहराया कि एनसीआर में वायु प्रदूषण की रोकथाम और उसे कम करने के लिए संबंधित एजेंसियों द्वारा उसके वैधानिक निर्देशों का प्रभावी कार्यान्वयन अत्यंत महत्वपूर्ण है। सीएक्यूएम ने इस बात पर जोर दिया कि संबंधित एजेंसियों को सीएक्यूएम द्वारा जारी आदेशों/वैधानिक निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करना चाहिए। साथ ही, प्रभावी जमीनी कार्यान्वयन के लिए निगरानी और प्रवर्तन तंत्र को मजबूत करना चाहिए। आयोग अनुपालन की बारीकी से निगरानी करना जारी रखेगा और क्षेत्र में वायु प्रदूषण को प्रभावी ढंग से कम करने के लिए आवश्यक उपाय करेगा।

***

पीके/केसी/एसकेजे/वाईबी  
 


(रिलीज़ आईडी: 2308241) आगंतुक पटल : 53
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu