पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय
पृथ्वी प्रणाली विज्ञान और जन सेवा के 20 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय ने MyGov के सहयोग से ऑनलाइन राष्ट्रीय क्विज़ शुरू किया
नागरिकों को मौसम, महासागर, ध्रुवीय अनुसंधान और गहरे समुद्र की खोज के बारे में अपने ज्ञान को परखने के लिए आमंत्रित किया गया; शीर्ष विजेताओं को ₹10,000 का नकद पुरस्कार
प्रविष्टि तिथि:
01 SEP 2026 8:13PM by PIB Delhi
वैज्ञानिक उत्कृष्टता, नवाचार और राष्ट्र की सेवा के दो दशक पूरे होने के अवसर पर, पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय (एमओईएस) ने MyGov के सहयोग से एमओईएस फाउंडेशन डे क्विज़: एडवांसिंग अर्थ साइंसेज, एम्पावरिंग द नेशन आधिकारिक रूप से शुरू किया है। देशव्यापी ऑनलाइन प्रतियोगिता मंत्रालय की 20वीं वर्षगांठ के महत्वपूर्ण पड़ाव का उत्सव मनाते हुए नागरिकों को पृथ्वी प्रणाली विज्ञान के क्षेत्र में भारत की प्रमुख उपलब्धियों का परिचय प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करती है। इसमें मौसम और जलवायु अध्ययन, समुद्र विज्ञान, ध्रुवीय अध्ययन और भूकंप विज्ञान शामिल हैं तथा यह विकसित भारत 2047 के राष्ट्रीय विज़न के अनुरूप है।
क्विज़ का अवलोकन और संरचना
एमओईएस फाउंडेशन डे क्विज़ प्रतिभागियों की भारत की पृथ्वी विज्ञान संबंधी उपलब्धियों के बारे में जागरूकता का आकलन करने के लिए एक रोचक और समयबद्ध प्रारूप प्रदान करता है:
- प्रारूप: 100 बहुविकल्पीय प्रश्न।
- समय सीमा: 300 सेकंड (5 मिनट)।
- प्लेटफॉर्म: केवल MyGov पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध, जहां प्रमाणीकरण आवश्यक है।
- प्रयास: प्रत्येक प्रतिभागी के लिए एक प्रविष्टि तक सीमित (पंजीकृत मोबाइल नंबर या ईमेल आईडी के माध्यम से)।
पुरस्कार और प्रोत्साहन
सभी आयु वर्गों और क्षेत्रों से व्यापक भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए मंत्रालय ने प्रमुख पुरस्कारों की घोषणा की है:
- नकद पुरस्कार: 300 सेकंड की समय सीमा के भीतर सभी प्रश्नों का सही उत्तर देने वाले शीर्ष 3 (यादृच्छिक रूप से) चयनित विजेताओं में से प्रत्येक को ₹10,000 (केवल दस हजार रुपये) प्रदान किए जाएंगे।
- प्रमाण-पत्र: क्विज़ सफलतापूर्वक पूरा करने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को भागीदारी का तत्काल, स्वतः डाउनलोड होने वाला डिजिटल प्रमाण-पत्र प्राप्त होगा।
चयन मानदंड और दिशानिर्देश
प्रतिभागी आधिकारिक MyGov क्विज़ पोर्टल पर जाकर अपने पंजीकृत MyGov क्रेडेंशियल्स या प्रमाणीकरण विवरण का उपयोग करके लॉग इन कर क्विज़ में प्रवेश कर सकते हैं।
- पात्रता: भारत के सभी नागरिकों के लिए खुला है (एमओईएस और MyGov के प्रत्यक्ष/अप्रत्यक्ष कर्मचारियों तथा उनके निकटतम परिवार के सदस्यों को छोड़कर)।
- निष्पक्ष चयन प्रक्रिया: विजेताओं का चयन उच्चतम अंक प्राप्त करने वाली पात्र प्रविष्टियों के समूह में से पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए स्वचालित, सिस्टम-जनित यादृच्छिक प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा।
- प्रोफाइल सत्यापन: प्रतिभागियों को अपने MyGov प्रोफाइल को अपडेट रखने की सलाह दी जाती है, क्योंकि पुरस्कार के वितरण से पहले वैध पहचान सत्यापन आवश्यक है।
****
पीके/केसी/एके/डीए
(रिलीज़ आईडी: 2305769)
आगंतुक पटल : 92