शिक्षा मंत्रालय
शिक्षा मंत्रालय ने एनएमएमएसएस 2026-27 छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर, 2026 तक बढ़ाई
प्रविष्टि तिथि:
01 SEP 2026 6:25PM by PIB Delhi
राष्ट्रीय साधन सह योग्यता छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएसएस) 2026-27 के लिए चयनित मेधावी छात्रों द्वारा राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (एनएसपी) पर आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर, 2026 तक बढ़ा दी गई है। विस्तारित समय सीमा इस प्रकार है:
|
विवरण
|
विस्तारित समयसीमा
|
|
आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि
|
30.09.2026
|
|
ईएनओ सत्यापन (एल1) की अंतिम तिथि
|
15.10.2026
|
|
डीएनओ सत्यापन (एल2) की अंतिम तिथि
|
31.10.2026
|
एनएसपी पोर्टल पर छात्रों द्वारा आवेदन जमा करने की प्रक्रिया 1 जून, 2026 से शुरू हो गई है। इस परियोजना वर्ष, यानी 2026-27 में, चयनित छात्रों को एनएसपी पर एक बार पंजीकरण (ओटीआर) कराना होगा, जिसके बाद उन्हें अपनी चुनी हुई छात्रवृत्ति योजना के लिए आवेदन करना होगा।
केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के विद्यालय शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा कार्यान्वित राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता छात्रवृत्ति योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के मेधावी छात्रों को छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है ताकि प्राथमिक स्तर यानी कक्षा आठवीं के बाद छात्रों के स्कूल छोड़ने से रोका जा सके और उन्हें उच्च माध्यमिक स्तर यानी कक्षा बारहवीं तक अपनी स्कूली शिक्षा पूरी करने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके।
इस योजना के तहत कक्षा नौ के उन विद्यार्थियों को प्रतिवर्ष एक लाख नई छात्रवृत्तियां प्रदान की जाती हैं जो राज्य/केंद्र शासित प्रदेश सरकारों द्वारा आयोजित छात्रवृत्ति परीक्षा उत्तीर्ण करते हैं। विद्यार्थी के शैक्षणिक प्रदर्शन के आधार पर यह छात्रवृत्ति कक्षा दस से बारह तक नवीनीकरण के माध्यम से जारी रहती है। यह योजना केवल राज्य सरकार, सरकारी सहायता प्राप्त और स्थानीय निकाय विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों पर लागू होती है। छात्रवृत्ति की राशि प्रति विद्यार्थी प्रति वर्ष 12,000 रुपये है।
एनएमएमएसएस छात्रवृत्ति चयनित छात्रों के बैंक खातों में सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन प्रणाली (पीएफएमएस) के माध्यम से डीबीटी मोड का पालन करते हुए इलेक्ट्रॉनिक हस्तांतरण द्वारा सीधे वितरित की जाती है। छात्रवृत्ति प्राप्त करने के लिए पात्रता मानदंडों में माता-पिता की वार्षिक आय 3.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए, और छात्रवृत्ति के लिए चयन परीक्षा में बैठने के लिए कक्षा सातवीं की परीक्षा में न्यूनतम 55% अंक या समकक्ष ग्रेड होना आवश्यक है (अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति के छात्रों के लिए 5% की छूट)।
एनएमएमएसएस को राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (एनएसपी) के माध्यम से कार्यान्वित किया जाता है - जो भारत सरकार द्वारा छात्रों को दी जाने वाली छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने वाला मंच है। 31.08.2026 तक, 79,398 नए और 1,87,208 नवीनीकरण आवेदन जमा किए जा चुके हैं।
सभी पात्र छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे विस्तारित समय सीमा के भीतर राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (एनएसपी) पर अपने छात्रवृत्ति आवेदन पूर्ण करें। जिन छात्रों ने पहले ही अपने आवेदन जमा कर दिए हैं, उन्हें यह भी सुनिश्चित करना चाहिए कि उनके आवेदन संबंधित संस्थान/जिला/राज्य नोडल अधिकारियों द्वारा विधिवत सत्यापित किए गए हों।
एनएसपी पोर्टल पर चयनित छात्रों के छात्रवृत्ति आवेदन के सत्यापन के दो स्तर हैं: पहला स्तर (एल1) संस्थान नोडल अधिकारी (आईएनओ) द्वारा और दूसरा स्तर (एल2) जिला नोडल अधिकारी (डीएनओ) द्वारा। आईएनओ द्वारा एल1 स्तर के सत्यापन की अंतिम तिथि 15.10.2026 है और डीएनओ द्वारा एल2 स्तर के सत्यापन की अंतिम तिथि 31.10.2026 है।
******
पीके/केसी/जीके
(रिलीज़ आईडी: 2305716)
आगंतुक पटल : 69