वित्त मंत्रालय
सोने की तस्करी पर कार्रवाई करते हुए डीआरआई ने 65 करोड़ रुपये से अधिक कीमत का 42 किलोग्राम से अधिक विदेशी मूल का सोना जब्त किया
कोलकाता, मुंबई, केरल और अन्य जगहों पर खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए विभिन्न अभियानों में 25 लोगों को गिरफ्तार किया गया
प्रविष्टि तिथि:
31 AUG 2026 9:30PM by PIB Delhi
संगठित तरीके से तस्करी किए गए सोने पर अपनी लगातार कार्रवाई जारी रखते हुए, राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने हाल ही के दिनों में खुफिया जानकारी के आधार पर देश भर में चलाए गए कई अभियानों में 42 किलोग्राम से अधिक विदेशी मूल का सोना और लगभग 10 किलोग्राम चांदी जब्त की, जिनकी कुल कीमत 65 करोड़ रुपये से अधिक है, और इसमें 5 विदेशी नागरिकों के साथ कुल 25 लोगों को गिरफ्तार किया है।
इन अभियानों से विविध और जटिल कार्यप्रणाली का खुलासा हुआ है, जिसमें विशेष तरीके से तैयार की गई वाहन गुहाओं में छिपना, शरीर को छिपाना, पारगमन यात्रियों और हवाई अड्डे के कर्मचारियों का इस्तेमाल करना और भूमि व तटीय मार्गों के माध्यम से तस्करी करना शामिल है।
मुंबई हवाई अड्डे पर बड़ा अभियान
28/29.08.2026 को, डीआरआई ने मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के जरिए विदेशी मूल के सोने की तस्करी में शामिल एक सुनियोजित गिरोह का भंडाफोड़ किया। इस गिरोह में दुबई, बैंकॉक और माले जैसी जगहों से मुंबई होते हुए आने-जाने वाले विदेशी नागरिक और हवाई अड्डे का एक कर्मचारी शामिल थे, जो मुंबई में तस्करी किए गए सोने को गुप्त तरीके से निकालने में मदद कर रहे थे। 24 कैरेट सोने की धूल से भरे 6.85 किलोग्राम के मोम जैसे कुल 16 कैप्सूल बरामद कर जब्त किए गए।
|
मुंबई हवाई अड्डे पर मोम के रूप में जब्त किया गया 6.85 किलोग्राम सोना
|
इस अभियान के फलस्वरूप छः लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें मुंबई से होकर जा रहे पांच विदेशी नागरिक और हवाई अड्डे का एक कर्मचारी शामिल थे। यह अभियान एक बार फिर इस बात को उजागर करता है कि संगठित गिरोह तस्करी किए गए सोने को गुप्त तरीके से निकालने के लिए पारगमन मार्गों और हवाई अड्डे के कर्मचारियों का तेजी से दुरुपयोग कर रहे हैं।
कोलकाता/ पश्चिम बंगाल में बड़ी मात्रा में जब्ती
29.08.26 को, कोलकाता के एनएससीबीआई हवाई अड्डे पर दो अलग-अलग खुफिया-आधारित अभियानों में, डीआरआई के अधिकारियों ने बैंकॉक और दुबई से यात्रा कर रहे दो यात्रियों को रोका, जिन पर सोने की तस्करी करने वाले गिरोहों का हिस्सा होने का संदेह था।
|
डीआरआई ने बीएसएफ की मदद से नादिया जिले में 15.61 किलोग्राम सोना जब्त किया
|
दुबई से आ रहे दो यात्रियों से जुड़े एक मामले में, उनके अंडरगारमेंट्स और जींस में छिपाकर रखे गए अर्ध-ठोस सोने के पेस्ट को बरामद कर 4.87 किलोग्राम सोना प्राप्त हुआ। इस पेस्ट को पिघलाकर उससे प्राप्त सोने की छड़ों को जब्त कर लिया गया। सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की संबंधित धाराओं के अंतर्गत दोनों यात्रियों को गिरफ्तार किया गया।
एक अन्य मामले में, बैंकॉक से आ रही एक उड़ान में, एक यात्री से 3.36 किलोग्राम विदेशी मूल का सोना बरामद किया गया, जो 11 कच्ची जंजीरों के रूप में था। आरोप है कि दूसरे यात्री ने ग्रीन चैनल पार करने के लिए उसे ये जंजीरें सौंपी थीं। दोनों यात्रियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
उसी दिन, एक अन्य मामले में, डीआरआई ने कुल 15.61 किलोग्राम वजन की 125 विदेशी मूल की सोने की छड़ें जब्त कीं। ये छड़ें सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने नादिया जिले के बनपुर गांव में एक महिला के घर की अचानक तलाशी के दौरान बरामद कीं। डीआरआई की पूछताछ के दौरान, महिला ने घर के पुरुषों के साथ कथित तस्करी गतिविधि में अपनी संलिप्तता को स्वीकार किया। महिला को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की संबंधित धाराओं के अंतर्गत गिरफ्तार किया गया।
|
डीआरआई ने बीएसएफ की मदद से 1.74 किलोग्राम सोना जब्त किया
|
केरल में दो और जब्ती
29 अगस्त, 2026 को केरल में दो अलग-अलग अभियानों में, डीआरआई कोचीन क्षेत्रीय इकाई और इसकी कालीकट क्षेत्रीय इकाई ने क्रमशः रास अल खैमाह और जेद्दा से आने वाले यात्रियों को रोका। कोचीन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर, रास अल खैमाह से आने वाले एक यात्री के पास छिपाए गए सोने के दो पैकेटों से 1.78 किलोग्राम सोना बरामद किया गया; यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया।
कालीकट अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर, डीआरआई अधिकारियों ने एयर इंटेलीजेंस इकाई के साथ मिलकर जेद्दा से आ रहे एक यात्री के लोहे के बक्से के भारी मिश्र धातु वाले हिस्से में विशेष तरीके से बनाई गई खोखली जगहों में छिपाए गए 549 ग्राम 24 कैरेट विदेशी मूल के सोने का पता लगाया। सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के अंतर्गत सोने को जब्त कर लिया गया और यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया।
इससे पहले सप्ताह में, 26-27 अगस्त 2026 को, डीआरआई ने बीएसएफ के समन्वय से भारत-बांग्लादेश सीमा पर विदेशी मूल के सोने की कई महत्वपूर्ण खेप जब्त कीं। डीआरआई यूनिट के अधिकारियों ने दो अलग-अलग अभियानों में 935 ग्राम और 1.74 किलोग्राम विदेशी मूल का सोना जब्त किया, जिसके परिणामस्वरूप हर मामले में एक शख्स को गिरफ्तार किया गया।
कोलकाता में एक अन्य अभियान में, डीआरआई के अधिकारियों ने थाईलैंड से तस्करी करके लाए गए 1.48 किलोग्राम विदेशी-मूल (एफओ) के सोने का पेस्ट बरामद किया। यह एफओ सोना घरेलू सड़क यात्रा के दौरान चार लोगों के मलाशय/ शरीर में 5 कैप्सूलों में छिपाकर ले जाया जा रहा था। चारों लोगों और उनके सहायक को गिरफ्तार कर लिया गया।
गुवाहाटी में, डीआरआई ने त्रिपुरा सेक्टर में भारत-बांग्लादेश सीमा के माध्यम से कथित तौर पर तस्करी किए गए 3.84 किलोग्राम विदेशी-मूल के सोने के बिस्कुट जब्त किए और एक महिला सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया।
इसके साथ ही, तमिलनाडु के रामनाथपुरम में, डीआरआई ने 1.360 किलोग्राम विदेशी-मूल का सोना और 9.99 किलोग्राम विदेशी-मूल की चांदी जब्त की, जिसे कथित तौर पर श्रीलंका से तटीय मार्ग के माध्यम से तस्करी करके लाया गया था, और तीन लोगों को गिरफ्तार किया।
|
तमिलनाडु के रामनाथपुरम में जब्त किया गया सोना और चांदी
|
डीआरआई की खुफिया जानकारी पर आधारित और समन्वित प्रवर्तन कार्रवाइयां तस्करी श्रृंखला के कई चरणों में इन नेटवर्कों को बाधित करना जारी रखती हैं और देश में कीमती धातुओं की अवैध आवाजाही को रोकती हैं।
***
पीके/केसी/एमएम
(रिलीज़ आईडी: 2305295)
आगंतुक पटल : 90