स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जेपी नड्डा ने नजफगढ़ ग्रामीण स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र की कार्य प्रगति की समीक्षा की
समयबद्ध रूप से कार्य पूरा करने और जांच तथा इलाज, शैक्षणिक और प्रशिक्षण आधारभूत ढांचा मजबूत बनाने का निर्देश दिया
प्रविष्टि तिथि:
31 AUG 2026 4:38PM by PIB Delhi
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जेपी नड्डा ने आज नजफगढ़ स्थित ग्रामीण स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र की प्रगति आकलन बैठक की अध्यक्षता की और केंद्र में रोगी देखभाल, आधारभूत अवसंरचना, मानव संसाधन, शैक्षणिक गतिविधियों और डिजिटल स्वास्थ्य प्रणाली मजबूत बनाने के उद्देश्य से आरंभ पहल के कार्यान्वयन की समीक्षा की।
श्री नड्डा ने 13 अप्रैल, 2026 को हुई बैठक के बाद कार्यों में हुई प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित एजेंसियों और संस्थानों को चल रहे कार्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया और योजनाबद्ध पहल से समन्वित कार्यान्वयन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने तय किये गए कामों की कड़ी निगरानी, मानव संसाधन और उपकरणों की समय पर उपलब्धता और गुणवत्तापूर्ण रोगी देखभाल और चिकित्सा प्रशिक्षण पर ध्यान केंद्रित करने पर जोर दिया।
केंद्र का बाह्य रोगी विभाग-ओपीडी और आपातकालीन सेवाएं पूरी तरह संचालित हैं, साथ ही संक्रमित जानवरों के काटने पर लगाए जाने वाले रेबीज रोधी टीकाकरण केंद्र, सर्प विष रोधी केंद्र और जन औषधि केंद्र, केंद्रीय रोगाणु-मुक्ति सेवा विभाग-सीएसडी, जांच प्रयोगशाला और एम्बुलेंस सेवाएं सहित अन्य सहायक सुविधाएं भी संचालित हैं। वहां लघु शल्य चिकित्सा कक्ष भी कार्यान्वित है।
ग्रामीण स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र नजफगढ़ को मेडिको-लीगल एग्जामिनेशन एंड पोस्ट मॉर्टम रिपोर्टिंग-मेडलीप आर से भी जोड़ा गया है, जिससे रोगियों की इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड सुविधा उपलब्ध होगी। यह केन्द्र आयुष्मान भारत के तहत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना- पीएम-जेएवाई योजना से भी जोड़ा गया है, जिससे पात्र लाभार्थियों को इसकी सेवाओं तक पहुंच आसान होगी। यह ग्रामीण स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन प्रमाणीकरण और मॉडल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनने की दिशा में अग्रसर है।
इस ग्रामीण स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र में मासिक आधार पर औसतन, लगभग 47,000 ओपीडी परामर्श और 9,000 आपातकालीन मामलों के अलावा अगस्त 2026 में 221 लघु इलाज प्रक्रियाएं संचालित हुईं। टीबी (तपेदिक) मुक्त भारत अभियान के तहत टीबी के लक्षणों की जांच नियमित ओपीडी और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा जांच सलाह में शामिल किया गया है।
यह ग्रामीण स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र इलाज संबंधी मानव संसाधन, प्रशिक्षण, डिजिटल प्रणाली खरीद और चिकित्सा अनुसंधान मजबूत करने के लिए सफदरजंग अस्पताल, अटल बिहारी वाजपेयी आयुर्विज्ञान संस्थान-एबीवीआईएमएस, डॉ. आरएमएल अस्पताल और राष्ट्रीय मलेरिया अनुसंधान संस्थान-एनआईएमआर सहित अन्य केंद्रीय सरकारी संस्थानों के साथ सहयोग ले रहा है। यह केंद्र वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन-ओएनओएस पहल में भी शामिल है।
श्री नड्डा ने समीक्षा बैठक में कहा कि आरएचटीसी नजफगढ़ में नैदानिक प्रबंध और सेवाएं सुदृढ बनाने में काफी प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र नजफगढ़ को रोगी देखभाल, चिकित्सा शिक्षा, नर्सिंग और संबद्ध स्वास्थ्य प्रशिक्षण तथा समुदाय-उन्मुख स्वास्थ्य सेवा प्रदाने करने वाले केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए समन्वित और समयबद्ध कार्रवाई की आवश्यकता है।
समीक्षा बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव श्रीमती पुण्य सलीला श्रीवास्तव; केन्द्रीय स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक डॉ. लवनीश जी कृष्णा; संयुक्त सचिव श्री सौरभ जैन, डॉ. मनश्वी कुमार और जी.एस. चित्रा के साथ ही वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज और सफदरजंग अस्पताल की निदेशक डॉ. कविता रानी शर्मा; ग्रामीण स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र-आरएचटीसी नजफगढ़ के निदेशक डॉ. बी.के. कुंडू तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
***
पीके/केसी/एकेवी/पीके
(रिलीज़ आईडी: 2305122)
आगंतुक पटल : 45