राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने महाराष्ट्र के अमरावती स्थित जिला महिला अस्पताल की नवजात शिशु देखभाल इकाई में लगी आग में तीन नवजात शिशुओं की मृत्यु और चार अन्य के घायल होने की घटना का स्वतः संज्ञान लिया
महाराष्ट्र के मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी
रिपोर्ट में घायल शिशुओं के स्वास्थ्य की स्थिति और सरकार द्वारा घोषित मुआवजे के संवितरण का विवरण शामिल होने की उम्मीद
प्रविष्टि तिथि:
27 AUG 2026 12:55PM by PIB Delhi
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने उन मीडिया रिपोर्टों का स्वतः संज्ञान लिया है, जिसमें कहा गया है कि 24 अगस्त 2026 को महाराष्ट्र के अमरावती स्थित जिला महिला अस्पताल की नवजात शिशु देखभाल इकाई (एसएनसीयू) में लगी आग में तीन नवजात शिशुओं की मृत्यु हो गई और चार अन्य घायल हो गए। बताया जाता है कि यह घटना वेंटिलेटर मशीन में विस्फोट के कारण हुई।
आयोग ने पाया कि समाचार रिपोर्ट में उल्लिखित तथ्य यदि सत्य हैं, तो यह मानवाधिकार उल्लंघन का गंभीर मामला है। आयोग ने महाराष्ट्र के मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट में घायल शिशुओं के स्वास्थ्य की स्थिति और सरकार द्वारा घोषित मुआवजे के संवितरण का विवरण अपेक्षित है।
25 अगस्त 2026 को प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, घटना के समय एसएनसीयू में नौ शिशु भर्ती थे। घायल चार शिशुओं में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
***
पीके/केसी/एसकेजे/एसके
(रिलीज़ आईडी: 2303678)
आगंतुक पटल : 110