पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय
सागरमाला स्टार्टअप और नवाचार पहल
प्रविष्टि तिथि:
11 AUG 2026 3:47PM by PIB Delhi
सागरमाला स्टार्टअप और नवाचार पहल (एस2आई2) का शुभारंभ 19 मार्च, 2025 को भारत में समुद्री क्षेत्र के लिए नवाचार और उद्यमिता इकोसिस्टम स्थापित करने के उद्देश्य से किया गया था। तमिलनाडु सोसायटी पंजीकरण अधिनियम, 1975 के तहत पंजीकृत और पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के अधीन कार्यरत मैरीटाइम इंडिया फाउंडेशन (एमआईएफ) को एस2आई2 के कार्यान्वयन के लिए नामित एजेंसी बनाया गया है।
एस2आई2 के अंतर्गत, प्रौद्योगिकी विकास, परीक्षण, सत्यापन, क्षमता निर्माण और स्टार्टअप को नवीन समुद्री समाधानों के विकास और प्रदर्शन में सहयोग प्रदान करने के लिए आईआईटी मद्रास, आईआईटी बॉम्बे, आईआईटी खड़गपुर और भारतीय मरीन विश्वविद्यालय (आईएमयू), चेन्नई में समुद्री नवाचार केंद्र (एमआईएच) स्थापित किए गए हैं। यह ढांचा बंदरगाह-आधारित समस्या की पहचान से लेकर पायलट कार्यान्वयन और स्टार्टअप समाधानों के विस्तार तक एक सुव्यवस्थित मार्ग प्रदान करता है, जिससे समुद्री इकोसिस्टम की प्राथमिकताओं के साथ बेहतर तालमेल स्थापित होता है।
एमआईएफ ने चेन्नई पोर्ट अथॉरिटी (सीएचपीए) और नेशनल टेक्नोलॉजी सेंटर फॉर पोर्ट्स, वाटरवेज एंड कोस्ट्स (एनटीसीपीडब्ल्यूसी, आईआईटी मद्रास) के सहयोग से एस2आई2 के तहत 25 अगस्त, 2025 को आईआईटी मद्रास में भारत का पहला मेरीटाइम हैकाथॉन - एमएआर-ए-थॉन 2025 लॉन्च किया।
हैकाथॉन के शुभारंभ के बाद, 16 और 17 अक्टूबर, 2025 को आईआईटी मद्रास रिसर्च पार्क में एमएआर-ए-थॉन बूट कैंप 2025 का आयोजन किया गया, जिसमें स्टार्टअप उद्यमों, शिक्षाविदों, उद्योगपतियों और समुद्री क्षेत्र से जुड़े हितधारकों को समुद्री चुनौतियों के समाधान के लिए एक साथ लाया गया। इस पहल के प्रति जबरदस्त रूचि दिखाई गई, जिसमें देश भर के स्टार्टअप उद्यमों से छह विषयगत क्षेत्रों में फैली 51 समस्या संबंधी विवरणों के लिए 330 आवेदन प्राप्त हुए।
पत्तन इन्फ्रास्ट्रक्चर,
स्मार्ट और एकीकृत पत्तन संचालन,
एकीकृत लॉजिस्टिक और मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी,
हरित और टिकाऊ समुद्री क्षेत्र,
उन्नत सुरक्षा, संरक्षा और नियामक अनुपालन,
जहाज निर्माण और जीवनचक्र प्रबंधन
कई विशेषज्ञ समितियों द्वारा मूल्यांकन के बाद, इस कार्यक्रम का समापन 40 परियोजनाओं के लिए 36 स्टार्टअप के चयन के साथ हुआ, जिनमें से प्रत्येक भारत के समुद्री क्षेत्र में परिवर्तन लाने के लिए तैयार अभिनव, स्केलेबल समाधानों के साथ वास्तविक दुनिया की परिचालन चुनौतियों का समाधान कर रहा है।
एस2आई2 परियोजना के अंतर्गत, आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम पत्तन ने 04 विशिष्ट समस्या संबंधी विवरणों की पहचान की है।
इसके अलावा, समस्या संबंधी विवरणों के लिए अभिनव समाधान विकसित करने और उन्हें लागू करने के लिए आंध्र प्रदेश के 2 स्टार्टअप को शामिल किया गया है ।
केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री श्री सर्बानंद सोनोवाल ने राज्यसभा में एक लिखित प्रश्न के उत्तर में यह जानकारी दी।
*****
पीके/केसी/एसकेएस/केके
(रिलीज़ आईडी: 2297691)
आगंतुक पटल : 158