विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

टीडीबी-डीएसटी ने स्वदेशी कॉम्पैक्ट स्वचालित रोटी बनाने की मशीन के व्यावसायीकरण के लिए मैसर्स फूडटेक्निक्स प्राइवेट लिमिटेड, बेंगलुरु का समर्थन किया

प्रविष्टि तिथि: 31 JUL 2026 12:56PM by PIB Delhi

केंद्र सरकार के विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) के अंतर्गत प्रौद्योगिकी विकास बोर्ड (टीडीबी) ने स्वदेशी किचन ऑटोमेशन और स्मार्ट फ़ूड प्रोसेसिंग टेक्नोलॉजी को आगे बढ़ाते हुए, मैसर्स फूडटेक्निक्स प्राइवेट लिमिटेड, बेंगलुरु एक प्रोजेक्ट के लिए आर्थिक मदद दी है। इस प्रोजेक्ट का नाम है "रोटिडो – कॉम्पैक्ट ऑटोमैटिक रोटी मेकिंग मशीन जिसमें आटा गूंथने, दबाने और सेंकने की सुविधा एक साथ है।" इस प्रोजेक्ट का मकसद घरों, छोटे व्यवसायों, रेस्टोरेंट और संस्थागत किचन के लिए पूरी तरह से देश में बने, कॉम्पैक्ट और ऑटोमैटिक रोटी बनाने वाले सिस्टम को कमर्शियल स्तर पर लाना है। यह कदम घरेलू विनिर्माण और नवाचार के माध्यम भारत के 'आत्मनिर्भर भारत' के विज़न को समर्थन करता है।

यह परियोजना रोटिडो सी -150 के विकास और व्यावसायीकरण पर केंद्रित है। यह एक कॉम्पैक्ट और स्मार्ट रोटी बनाने वाली मशीन है। जो आटा गूंथने, आटे को संभालने, दबाने, सेंकने और रोटी को बाहर निकालने (इजेक्शन) के कामों को एक ही ऑटोमेटेड सिस्टम में जोड़ती है। यह मशीन हर घंटे 150 रोटियां बना सकती है और लगातार अच्छी क्वालिटी देती है। साथ ही, यह इंसानी मेहनत को काफी कम करती है, साफ़-सफ़ाई बेहतर बनाती है और काम करने की क्षमता को बढ़ाती है।

तकनीक को पूरी तरह से कंपनी के इन-हाउस अनुसंधान और विकास प्रयासों के माध्यम से विकसित किया गया है। अपने बड़े औद्योगिक मॉडल, रोटिडो आर -1000 और आर यस -1000 के सफल व्यावसायीकरण के आधार पर, फूडटेक्निक अब विशेष रूप से घरेलू उपयोगकर्ताओं और छोटे वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों के लिए तैयार किया गया एक कॉम्पैक्ट समाधान पेश कर रहा है। इस परियोजना को प्रोटोटाइप विकास के लिए निधि प्रयास योजना के अंतर्गत भी समर्थन मिला है, जो प्रारंभिक चरण के प्रौद्योगिकी विकास से व्यावसायीकरण तक एक सफल नवाचार यात्रा का प्रदर्शन करता है।

रोटिडो सी-150 की एक खास बात यह है कि इसमें 2 किलो का इनबिल्ट नीडर (आटा गूंथने वाला), ऑटोमेटेड आटा बॉल फीडिंग सिस्टम, सटीक प्रेसिंग मैकेनिज्म और तीन-लेयर वाली कंट्रोल्ड रोस्टिंग टेक्नोलॉजी को एक कॉम्पैक्ट जगह में बहुत अच्छे से जोड़ा गया है। स्मार्ट प्रोसेस सिंक्रोनाइज़ेशन, प्रोग्राम करने लायक कंट्रोल और आटे का वज़न करने वाले इंटीग्रेटेड सिस्टम की वजह से रोटी की मोटाई एक जैसी रहती है, सेंकना एक जैसा होता है और प्रोडक्ट की क्वालिटी बार-बार एक जैसी बनी रहती है। इसमें इंसानी दखल बहुत कम होता है। इसका मॉड्यूलर और एनर्जी-एफ़िशिएंट डिज़ाइन साफ़-सुथरे तरीके से काम करने में मदद करता है और साथ ही ऑटोमेटेड रोटी बनाने की सुविधा को ज़्यादा लोगों के लिए आसान और सस्ता बनाता है।

इस परियोजना से आयातित स्वचालित रसोई समाधानों के लिए एक स्वदेशी विकल्प की पेशकश करके खाद्य प्रसंस्करण उपकरणों के लिए भारत के घरेलू विनिर्माण इकोसिस्टम को मजबूत करने की उम्मीद है। सुविधा और प्रोडक्टिविटी बढ़ाने के अलावा, इस टेक्नोलॉजी में रेस्टोरेंट, क्लाउड किचन, हॉस्टल, हॉस्पिटल, कैंटीन और छोटे फ़ूड एंटरप्राइज़ की मदद करने की क्षमता है। यह लेबर पर निर्भरता कम करके, खाने की क्वालिटी में एकरूपता लाकर और ऑपरेशनल क्षमता को बेहतर बनाकर ऐसा कर सकती है।

इस अवसर पर टीडीबी के सचिव श्री राजेश कुमार पाठक ने कहा, "भारत में विश्व स्तर पर प्रतिस्पर्धी विनिर्माण क्षमताओं का निर्माण करते हुए उत्पादकता, स्वच्छता और जीवन को आसान बनाने के लिए खाद्य प्रसंस्करण उपकरणों में नवाचार आवश्यक है। रोटिडो जैसी स्वदेशी प्रौद्योगिकियां प्रदर्शित करती हैं कि कैसे इंजीनियरिंग नवाचार किफायती स्वचालन के माध्यम से रोजमर्रा की चुनौतियों का समाधान कर सकता है। टीडीबी उन उद्यमों का समर्थन करने के लिए प्रतिबद्ध है जो मजबूत व्यावसायिक क्षमता और सामाजिक प्रभाव के साथ बाजार के लिए तैयार प्रौद्योगिकियों का विकास कर रहे हैं।

इस समर्थन के लिए आभार व्यक्त करते हुए, मैसर्स फूडटेक्निक्स प्राइवेट लिमिटेड के नेतृत्व ने कहा कि टीडीबी की सहायता से रोटीडो सी-150 प्लेटफॉर्म के व्यावसायीकरण में तेजी आएगी, घरेलू विनिर्माण क्षमताओं को मजबूत किया जाएगा और भारतीय घरों और छोटे व्यवसायों में स्वदेशी स्वचालित खाद्य प्रसंस्करण प्रौद्योगिकियों को व्यापक रूप से अपनाने में मदद मिलेगी।

*****

एनकेआर/एफटी


(रिलीज़ आईडी: 2292352) आगंतुक पटल : 46
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Kannada