सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय
एनएचएआई ने टोल प्लाज़ा पर विश्व-स्तरीय सार्वजनिक शौचालय सुविधाएँ विकसित करने की पहल शुरू की
बेहतर साफ़-सफ़ाई, डिजिटल निगरानी और यात्रियों की सुविधा के अनुसार रखरखाव सुनिश्चित करने के लिए नया हाइब्रिड परफ़ॉर्मेंस-बेस्ड फ़्रेमवर्क
प्रविष्टि तिथि:
30 JUL 2026 5:41PM by PIB Delhi
राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क पर यात्रियों की सुविधा बढ़ाने और शौचालय सुविधाओं में सुधार की दिशा में एनएचएआई ने टोल प्लाज़ा पर विश्व-स्तरीय सार्वजनिक शौचालय सुविधाएँ विकसित करने के लिए एक राष्ट्रव्यापी पहल शुरू की है। इस पहल का उद्देश्य नवाचारी प्रदर्शन-आधारित अनुबंध फ़्रेमवर्क के ज़रिए टोल प्लाज़ा पर साफ़-सफ़ाई की सुविधाओं को बेहतर बनाना है, ताकि साफ़-सफ़ाई, कार्यक्षमता और लंबे समय तक रखरखाव के उच्च मानक सुनिश्चित किए जा सकें। इस पहल के अंतर्गत एनएचएआई वर्तमान शौचालय ब्लॉकों का नवीनीकरण करेगा और नई सुविधाएँ भी बनाएगा। इनमें ऐसे मानक और स्वदेशी रूप से विकसित डिज़ाइन अपनाए जाएँगे, जो मज़बूत संरचनात्मक विशेषताओं को टिकाऊ और ग्रीन बिल्डिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ जोड़ते हैं। बेहतर साफ़-सफ़ाई सुविधाएँ साफ़, सुरक्षित और आसानी से उपलब्ध सार्वजनिक सुविधाएँ प्रदान करेंगी और साथ ही पूरे राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क पर एक समान गुणवत्ता मानक सुनिश्चित करेंगी।
एनएचएआई लगातार अच्छी सर्विस क्वालिटी बनाए रखने के लिए तकनीक पर आधारित मेंटेनेंस का तरीका अपनाया है। इसके अंतर्गत सुविधाओं को चलाया और उनका रखरखाव किया जाएगा। इस ऑपरेशनल मॉडल में मेंटेनेंस से जुड़े पैरामीटर्स की रियल-टाइम मॉनिटरिंग के लिए इंटरनेट ऑफ़ थिंग्स आधारित लाइव टेलीमेट्री सिस्टम शामिल हैं। इससे समय रहते रखरखाव और बेहतर सर्विस देना मुमकिन हो पाता है।
इस फ्रेमवर्क में जवाबदेही तय करने के लिए परफॉर्मेंस से जुड़े पेमेंट का एक मजबूत सिस्टम भी शामिल है। मेंटेनेंस एजेंसियों का मूल्यांकन ऑटोमेटेड सर्विस लेवल एग्रीमेंट्स, समय-समय पर होने वाले स्वतंत्र ऑडिट और एनएचएआई के ‘राजमार्गयात्रा’ मोबाइल ऐप के ज़रिए यात्रियों से मिले वेरिफाइड फीडबैक के आधार पर किया जाएगा।
इसके अलावा दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 का पालन करते हुए, सभी नई सुविधाओं में दिव्यांग लोगों के लिए बिना किसी रुकावट के पहुँचने की सुविधा सुनिश्चित की जाएगी। इन सुविधाओं में साफ़ पानी, आधुनिक सैनिटेशन इंफ्रास्ट्रक्चर और साफ़-सफ़ाई के बेहतर मानकों को प्राथमिकता दी जाएगी और महिला यात्रियों की सुरक्षा और निजता सुनिश्चित करने के लिए खास इंतज़ाम भी किए जाएंगे।
डिजिटल मॉनिटरिंग और नतीजों पर आधारित मेंटेनेंस के साथ आधुनिक सैनिटेशन सुविधाएँ बनाकर, एनएचएआई का मकसद यात्रा के अनुभव को काफी बेहतर बनाना और नेशनल हाईवे नेटवर्क पर सार्वजनिक सुविधाओं के लिए नए मानक स्थापित करना है।
***
पीके/केसी/एसके
(रिलीज़ आईडी: 2291987)
आगंतुक पटल : 58