राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले के नोएडा स्थित एक आवासीय सोसायटी में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट में जहरीली गैस से दो लोगों की मौत का स्वतः संज्ञान लिया
गौतम बुद्ध नगर के जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस आयुक्त को नोटिस जारी कर दो सप्ताह में इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है
रिपोर्ट में जांच की स्थिति के साथ-साथ पीड़ितों के परिजनों को दिए गए मुआवजे (यदि कोई हो) का विवरण भी शामिल होना चाहिए
प्रविष्टि तिथि:
29 JUL 2026 11:18AM by PIB Delhi
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने 26 जुलाई 2026 को उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले के नोएडा स्थित एक आवासीय सोसायटी के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट में जहरीली गैसों के कारण एक सफाईकर्मी और एक सुरक्षा गार्ड की मौत से जुड़ी मीडिया रिपोर्ट का स्वतः संज्ञान लिया है। खबरों के अनुसार, सफाईकर्मी एक टैंक की सफाई करने के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट में दाखिल हुआ और बेहोश हो गया। जब वह बाहर नहीं आया, तो आवासीय सोसायटी का एक सुरक्षा गार्ड उसे बचाने के लिए टैंक में उतरा, लेकिन वह भी बेहोश हो गया।
आयोग ने कहा है कि यह मीडिया रिपोर्ट यदि सत्य है, तो यह मानवाधिकारों के उल्लंघन का गंभीर मामला बनता है। आयोग ने गौतम बुद्ध नगर के जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस आयुक्त को नोटिस जारी कर दो सप्ताह में इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा है। रिपोर्ट में जांच की प्रगति और पीड़ितों के परिवारों को प्रदान किए गए मुआवजे (अगर दिया गया है) का विवरण शामिल होना चाहिए।
27 जुलाई 2026 को प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस और अग्निशमन कर्मियों ने दोनों पीड़ितों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी इलाज के दौरान मृत्यु हो गई।
***
पीके/केसी/बीयू/एमपी
(रिलीज़ आईडी: 2290934)
आगंतुक पटल : 146