पर्यटन मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

“एयर इंडिया के साथ साझेदारी से भारतीय पर्यटन को नई गति मिलेगी और पर्यटकों को अधिक सुगम अनुभव प्राप्त होगा”: श्री गजेंद्र सिंह शेखावत


पर्यटन मंत्रालय ने भारत को एक पसंदीदा वैश्विक पर्यटन केन्द्र के रूप में बढ़ावा देने के लिए एयर इंडिया के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए

यह सहयोग 'इंक्रेडिबल इंडिया' ब्रांड के तहत पर्यटन स्थलों के प्रचार, पर्यटन से जुड़े लोकसंपर्क और आगंतुकों की सहभागिता को मजबूत करेगा

प्रविष्टि तिथि: 27 JUL 2026 6:01PM by PIB Delhi

पर्यटन मंत्रालय ने आज नई दिल्ली में एयर इंडिया लिमिटेड के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए, जिसका उद्देश्य 'इंक्रेडिबल इंडिया' ब्रांड के तहत भारत को एक पसंदीदा वैश्विक पर्यटन केन्द्र के रूप में बढ़ावा देने के लिए एक रणनीतिक ढांचा स्थापित करना है।

केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत की उपस्थिति में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पर्यटन मंत्रालय के सचिव श्री भुवनेश कुमार, अपर सचिव एवं महानिदेशक (पर्यटन) श्री सुमन बिल्ला, संयुक्त सचिव श्री हरिकिशोर एस, एयर इंडिया के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी श्री निपुण अग्रवाल और एयर इंडिया के ग्रुप हेड (शासन, जोखिम, अनुपालन एवं कंपनी मामले) श्री पी. बालाजी सहित पर्यटन मंत्रालय और एयर इंडिया के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

इस सहयोग का उद्देश्य पर्यटन मंत्रालय की पर्यटन स्थल प्रचार पहलों और एयर इंडिया के व्यापक घरेलू और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का लाभ उठाकर भारत की पर्यटन दृश्यता को बढ़ाना, विदेशी पर्यटन को मजबूत करना और देश को वैश्विक पारगमन और यात्रा केंद्र के रूप में स्थापित करना है। यह साझेदारी गैर-व्यावसायिक, गैर-बाध्यकारी और गैर-विशिष्ट है, जिसमें किसी भी पक्ष पर कोई वित्तीय प्रतिबद्धता नहीं है।

इस अवसर पर केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा, “इस साझेदारी का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि एयर इंडिया की उड़ानों से भारत की यात्रा करने वाले यात्रियों को देश के विविध पर्यटन स्थलों के बारे में जानकारी मिले और उन्हें अपनी यात्रा के दौरान भारत को बेहतर ढंग से जानने के अधिक अवसर प्राप्त हों। इस प्रकार की पहल भारतीय पर्यटन को नई गति प्रदान करेगी और आगंतुकों को एक सुगम और निर्बाध यात्रा का अनुभव प्रदान करेगी।

 

इस समझौता ज्ञापन के तहत पर्यटन मंत्रालय और एयर इंडिया के बीच पर्यटन को बढ़ावा, गंतव्य ब्रांडिंग, सामग्री विकास, अंतरराष्ट्रीय विपणन और हितधारकों के साथ जुड़ाव जैसे क्षेत्रों में सहयोग के लिए एक ढांचा तैयार किया गया है। वे भारत को विश्व स्तरीय पर्यटन स्थल के रूप में बढ़ावा देने और अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की संख्या बढ़ाने में योगदान देने के लिए अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म, वैश्विक नेटवर्क और पहुंच क्षमताओं का लाभ उठाएंगे।

इस सहयोग के तहत, पर्यटन मंत्रालय और एयर इंडिया 'इंक्रेडिबल इंडिया' ब्रांड के अंतर्गत संयुक्त वैश्विक प्रचार अभियान चलाएंगे और डिजिटल एवं ऑफलाइन प्लेटफॉर्मों पर सह-ब्रांडेड मार्केटिंग और डेस्टिनेशन स्टोरीटेलिंग के तरीकों पर काम करेंगे। पर्यटन से संबंधित सामग्री विकसित की जाएगी और एयर इंडिया के ग्राहक संपर्क केंद्रों के माध्यम से प्रसारित की जाएगी, जिनमें इन-फ्लाइट एंटरटेनमेंट प्लेटफॉर्म भी शामिल हैं।

इस साझेदारी के तहत अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए संयुक्त रूप से "विजिट इंडिया पास" शुरू करने के साथ-साथ ट्रांजिट टूरिज्म को बढ़ावा देने और भारत से होकर गुजरने वाले यात्रियों को देश के पर्यटन स्थलों का अनुभव करने के लिए प्रोत्साहित करने हेतु स्टॉपओवर पहल की परिकल्पना की गई है। दोनों संगठन अंतरराष्ट्रीय यात्रा मेलों, रोड शो, परिचयात्मक दौरों और व्यापारिक आयोजनों में भी संयुक्त रूप से भाग लेंगे।

पर्यटन मंत्रालय और एयर इंडिया, देश भर के पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देने के लिए राज्य पर्यटन बोर्डों और अन्य पर्यटन हितधारकों के साथ मिलकर काम करेंगे। वे व्यवहार्यता और आपसी सहमति के अधीन, विमान की बाहरी सजावट, बोर्डिंग पास और उड़ान के दौरान मीडिया सहित एयर इंडिया के सभी प्लेटफार्मों पर ब्रांडिंग के अवसरों का भी पता लगाएंगे।

पर्यटन मंत्रालय और एयर इंडिया के प्रतिनिधियों से मिलकर बना एक संयुक्त कार्य समूह समझौता ज्ञापन के कार्यान्वयन की देखरेख करेगा, सहयोग के संभावित क्षेत्रों की पहचान करेगा और प्रस्तावित गतिविधियों की प्रगति की समय-समय पर समीक्षा करेगा।

इस समझौता ज्ञापन में किसी भी पक्ष पर कोई वित्तीय प्रतिबद्धता नहीं है। प्रत्येक संगठन अपने-अपने खर्च वहन करेगा, जबकि विशिष्ट सहयोगात्मक पहलों को आवश्यकतानुसार अलग-अलग स्वीकृतियों और व्यवस्थाओं के माध्यम से क्रियान्वित किया जाएगा।

यह समझौता ज्ञापन प्रभावी तिथि से प्रारंभ में दो वर्षों की अवधि के लिए वैध रहेगा और दोनों पक्षों की आपसी सहमति से इसे एक अतिरिक्त वर्ष के लिए बढ़ाया जा सकता है।

इस साझेदारी से भारत की वैश्विक पर्यटन पहुंच को मजबूत करने, गंतव्य की दृश्यता बढ़ाने और समन्वित प्रचार प्रयासों के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को देश को जानने के अधिक अवसर प्रदान करने के लिए एक सुव्यवस्थित मंच मिलने की उम्मीद है।

                                    ****

 

पीके/केसी/एसकेएस/एसवी


(रिलीज़ आईडी: 2290106) आगंतुक पटल : 72
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: Urdu , English , Tamil