संचार मंत्रालय
ट्राई ने मध्य प्रदेश एलएसए के अंतर्गत भोपाल शहर, इंदौर से नीमच राजमार्ग तथा बिलासपुर से अंबिकापुर राजमार्ग पर मोबाइल नेटवर्क गुणवत्ता का आकलन किया
प्रविष्टि तिथि:
20 JUL 2026 4:11PM by PIB Delhi
भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने आम दूरसंचार उपभोक्ताओं की जानकारी के लिए जून 2026 के दौरान मध्य प्रदेश एलएसए (लाइसेंस सेवा क्षेत्र) के अंतर्गत भोपाल शहर, इंदौर से नीमच राजमार्ग तथा बिलासपुर से अंबिकापुर राजमार्ग पर अपनी नियुक्त एजेंसी के जरिये किए गए स्वतंत्र ड्राइव टेस्ट (आईडीटी) के निष्कर्ष जारी किए हैं। इन ड्राइव टेस्ट का उद्देश्य दूरसंचार सेवा प्रदाताओं (टीएसपी) द्वारा उपलब्ध कराई जा रही मोबाइल नेटवर्क सेवाओं (वॉयस एवं डेटा) का वास्तविक समय में गुणवत्ता आकलन एवं सत्यापन करना है। आईडीटी के दौरान दर्ज की गई सेवा की गुणवत्ता (क्यूओएस) के प्रमुख मानकों पर टीएसपी का प्रदर्शन प्रकाशित किया जाता है, ताकि उपभोक्ताओं को जानकारी उपलब्ध हो सके तथा सेवा प्रदाताओं को अपनी सेवाओं में सुधार के लिए प्रोत्साहित किया जा सके। इन आईडीटी को इस प्रकार तैयार किया गया है कि शहरों, हॉटस्पॉट क्षेत्रों, सार्वजनिक परिवहन केन्द्रों तथा अन्य विविध उपयोग वाले स्थानों पर सभी टीएसपी के मोबाइल नेटवर्क के वास्तविक प्रदर्शन का आकलन किया जा सके।
ये परीक्षण ट्राई के क्षेत्रीय कार्यालय, भोपाल की निगरानी में कराए गए। ड्राइव टेस्ट रिपोर्ट में प्रस्तुत निष्कर्ष परीक्षण किए गए क्षेत्र अथवा मार्ग पर परीक्षण के दिन और समय के दौरान दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के प्रदर्शन को दर्शाते हैं।
मध्य प्रदेश एलएसए में 8 जून 2026 से 12 जून 2026 तथा 16 जून 2026 के दौरान किए गए इन ड्राइव टेस्टों में भोपाल शहर तथा इंदौर से नीमच (रतलाम एवं मंदसौर होते हुए) राजमार्ग और बिलासपुर अंबिकापुर राजमार्ग को शामिल किया गया। इस दौरान 301.2 किलोमीटर का सिटी ड्राइव टेस्ट, 9 हॉटस्पॉट स्थानों पर परीक्षण, 7.9 किलोमीटर का वॉक टेस्ट तथा 506.3 किलोमीटर का राजमार्ग ड्राइव टेस्ट किया गया।
ड्राइव टेस्ट रूट मैप: निम्नलिखित मानचित्र में ड्राइव टेस्ट मार्गों का अवलोकन प्रस्तुत किया गया है, जिसमें मानचित्र पर दिए गए संकेतकों के अनुसार सिटी ड्राइव, इंटर-ऑपरेटर कॉलिंग, हॉटस्पॉट तथा वॉक टेस्ट के मार्ग दर्शाए गए हैं : -


आकलित प्रमुख मानक
- कवरेज गैप : उन नमूनों का प्रतिशत, जिनमें संबंधित प्रौद्योगिकी (2जी/3जी/4जी/5जी) के लिए निर्धारित न्यूनतम सिग्नल शक्ति से कम सिग्नल स्तर दर्ज किया गया।
- वॉयस सेवाएँ : कॉल सेटअप सफलता दर (सीएसएसआर), ड्रॉप कॉल रेट (डीसीआर), कॉल सेटअप टाइम, कॉल साइलेंस (म्यूट) रेट, स्पीच क्वालिटी (एमओएस).
- कॉल साइलेंस (म्यूट) घटनाएँ : कॉल के दौरान कॉल साइलेंस (म्यूट) की घटनाओं की संख्या।
- डेटा सेवाएं : डाउनलोड/अपलोड थ्रूपुट, विलंबता, जिटर, पैकेट ड्रॉप दर
प्रमुख मानकों के लिए भोपाल शहर, इंदौर से नीमच राजमार्ग तथा बिलासपुर से अंबिकापुर राजमार्ग पर मोबाइल नेटवर्क का समग्र प्रदर्शन का सारांश नीचे दिया गया है:-
- कवरेज गैप - ऑटो-सेलेक्शन मोड (5जी/4जी/3जी/2जी) में ड्राइव टेस्ट मार्ग पर वॉयस परीक्षण के दौरान दर्ज सिग्नल शक्ति के आधार पर, कुल एकत्रित नमूनों में से कमजोर सिग्नल शक्ति वाले नमूनों की संख्या निम्नानुसार रही— भोपाल शहर में एयरटेल के लिए 55,360 में से 293, बीएसएनएल के लिए 54,034 में से 1,532, आरजेआईएल (रिलायंस जियो) के लिए 51,838 में से 131 तथा वीआईएल (वोडाफोन आइडिया) के लिए 55,208 में से 473 नमूनों में सिग्नल शक्ति निर्धारित न्यूनतम स्तर से कम पाई गई।
इंदौर–नीमच राजमार्ग पर एयरटेल के लिए 23,802 में से 442, बीएसएनएल के लिए 22,818 में से 7,023, आरजेआईएल के लिए 25,022 में से 822 तथा वीआईएल के लिए 23,734 में से 557 नमूनों में कमजोर सिग्नल शक्ति दर्ज की गई। बिलासपुर–अंबिकापुर राजमार्ग पर एयरटेल के लिए 17,114 में से 3,293, बीएसएनएल के लिए 15,288 में से 5,201, आरजेआईएल के लिए 17,806 में से 2,114 तथा वीआईएल के लिए 14,622 में से 4,548 नमूनों में सिग्नल शक्ति निर्धारित न्यूनतम स्तर से कम दर्ज की गई।
कवरेज गैप का विस्तृत विवरण संलग्न मानचित्र में उपलब्ध कराया गया है।
- ड्रॉप कॉल : सफलतापूर्वक स्थापित कॉलों में से ड्रॉप हुई कॉलों की संख्या के आधार पर प्राप्त परिणाम इस प्रकार रहे, भोपाल शहर में एयरटेल के लिए 494 में से 3, बीएसएनएल के लिए 432 में से 16, आरजेआईएल (रिलायंस जियो) के लिए 495 में से 1 तथा वीआईएल (वोडाफोन आइडिया) के लिए 494 में से 1 कॉल ड्रॉप हुई। इंदौर–नीमच राजमार्ग पर एयरटेल के लिए 120 में से 1, बीएसएनएल के लिए 116 में से 14, आरजेआईएल के लिए 125 में से 0 तथा वीआईएल के लिए 118 में से 1 कॉल ड्रॉप दर्ज की गई। बिलासपुर–अंबिकापुर राजमार्ग पर एयरटेल के लिए 86 में से 4, बीएसएनएल के लिए 71 में से 14, आरजेआईएल के लिए 90 में से 2 तथा वीआईएल के लिए 74 में से 6 कॉल ड्रॉप दर्ज की गई।
ड्रॉप कॉल वाले स्थानों का विस्तृत विवरण संलग्न मानचित्र में उपलब्ध कराया गया है।
ग) कॉल साइलेंस घटनाएँ: कॉल के दौरान 3 सेकंड से अधिक समय तक आवाज़ न आने (साइलेंस/म्यूट) की घटनाओं की संख्या, कुल स्थापित कॉलों के सापेक्ष, निम्नानुसार दर्ज की गई—भोपाल शहर में एयरटेल के लिए 476 में से 4, बीएसएनएल के लिए 419 में से 21, आरजेआईएल (रिलायंस जियो) के लिए 478 में से 3 तथा वीआईएल (वोडाफोन आइडिया) के लिए 481 में से 4 कॉल साइलेंस घटनाएँ दर्ज की गईं। इंदौर–नीमच राजमार्ग पर एयरटेल के लिए 101 में से 0, बीएसएनएल के लिए 117 में से 10, आरजेआईएल के लिए 101 में से 1 तथा वीआईएल के लिए 101 में से 4 कॉल साइलेंस घटनाएँ दर्ज की गईं। बिलासपुर–अंबिकापुर राजमार्ग पर एयरटेल के लिए 77 में से 7, बीएसएनएल के लिए 87 में से 8, आरजेआईएल के लिए 78 में से 4 तथा वीआईएल के लिए 63 में से 3 कॉल साइलेंस घटनाएँ दर्ज की गईं। कॉल साइलेंस (म्यूट) घटनाओं के स्थानों का विस्तृत विवरण संलग्न मानचित्र में उपलब्ध कराया गया है।
- ) डेटा डाउनलोड और अपलोड थ्रूपुट:
i) डेटा डाउनलोड प्रदर्शन (समग्र): औसत डाउनलोड गति इस प्रकार दर्ज की गई— भोपाल शहर में एयरटेल (5जी) के लिए 44.25 एमपीबीएस, बीएसएनएल (4जी) के लिए 10.68 एमपीबीएस, आरजेआईएल (रिलायंस जियो) (5जी) के लिए 291.53 एमपीबीएस तथा वीआईएल (वोडाफोन आइडिया) (4जी) के लिए 63.96 एमपीबीएस । इंदौर–नीमच राजमार्ग पर एयरटेल (5जी) के लिए 86.90 एमपीबीएस, बीएसएनएल (4जी) के लिए 9.13 एमपीबीएस, आरजेआईएल (5जी) के लिए 216.50 एमपीबीएस तथा वीआईएल (4जी) के लिए 21.44 एमपीबीएस। बिलासपुर–अंबिकापुर राजमार्ग पर एयरटेल (5जी) के लिए 40.32 एमपीबीएस, बीएसएनएल (4जी) के लिए 10.76 एमपीबीएस, आरजेआईएल (5जी) के लिए 150.95 एमपीबीएस तथा वीआईएल (4जी) के लिए 17.99 एमपीबीएस की औसत डाउनलोड गति दर्ज की गई। डाउनलोड थ्रूपुट का विस्तृत विवरण संलग्न मानचित्र में उपलब्ध कराया गया है।
ii) डेटा अपलोड प्रदर्शन (समग्र): औसत अपलोड गति इस प्रकार दर्ज की गई— भोपाल शहर में एयरटेल (5जी) के लिए 15.49 एमपीबीएस, बीएसएनएल (4जी) के लिए 7.20 एमपीबीएस, आरजेआईएल (रिलायंस जियो) (5जी) के लिए 34.92 एमपीबीएस तथा वीआईएल (वोडाफोन आइडिया) (5जी) के लिए 12.50 एमपीबीएस की औसत अपलोड गति दर्ज की गई। इंदौर–नीमच राजमार्ग पर एयरटेल (5जी) के लिए 20.84 एमपीबीएस, बीएसएनएल (4जी) के लिए 5.80 एमपीबीएस, आरजेआईएल (5जी) के लिए 19.30 एमपीबीएस तथा वीआईएल (4जी) के लिए 10.71 एमपीबीएस की औसत अपलोड गति दर्ज की गई। बिलासपुर–अंबिकापुर राजमार्ग पर एयरटेल (5जी) के लिए 11.53 एमपीबीएस, बीएसएनएल (4जी) के लिए 4.99 एमपीबीएस, आरजेआईएल (5जी) के लिए 15.93 एमपीबीएस तथा वीआईएल (4जी) के लिए 12.06 एमपीबीएस की औसत अपलोड गति दर्ज की गई। अपलोड थ्रूपुट का विस्तृत विवरण संलग्न मानचित्र में उपलब्ध कराया गया है।
संलग्न मानचित्र में लाल बिंदु पर क्लिक करके ड्रॉप कॉल तथा कॉल साइलेंस घटनाओं के स्थान देखे जा सकते हैं।
आईडीटी के दौरान कवर किए गए ड्राइव टेस्ट मार्ग एवं क्षेत्र का विवरण नीचे दिया गया है—
क. शहर: भोपाल शहर में ड्राइव टेस्ट के दौरान बैरागढ़, लालघाटी, गांधीनगर, करोंद, भानपुर, जेपी नगर, काली बस्ती, खुशीपुरा, अशोका गार्डन, गोविंदपुरा, मीनाल रेजिडेंसी, इंद्रपुरी, अयोध्या नगर, पिपलानी, अवधपुरी, साकेत नगर, पिपलिया कुजड़गढ़, इंद्रा नगर, झालर कलां, मिसरोद, अरेरा कॉलोनी, महाराणा प्रताप नगर, शिवाजी नगर, चार इमली, ललिता नगर, डॉ. आंबेडकर नगर तथा रातीबड़ सहित अन्य क्षेत्रों को शामिल किया गया।
ख. हॉटस्पॉट: स्थिर उपयोगकर्ता अनुभव का आकलन करने के लिए जिन हॉटस्पॉट स्थानों पर परीक्षण किए गए, उनमें एम्स भोपाल, न्यू मार्केट, डीबी सिटी मॉल, हमीदिया अस्पताल, आईआईएसईआर भोपाल, मध्य प्रदेश जल एवं भूमि प्रबंधन संस्थान, मंडीदीप बस स्टैंड, एनएलआईयू भोपाल तथा ट्राई क्षेत्रीय कार्यालय, भोपाल शामिल हैं।
ग. वॉक टेस्ट: 10 एवं 11 जून 2026 को किए गए वॉक टेस्ट के दौरान भोपाल हवाई अड्डा, भोपाल रेलवे स्टेशन, चौक बाजार–पीर गेट क्षेत्र तथा आरकेएमपी रेलवे स्टेशन को शामिल किया गया, ताकि अधिक भीड़-भाड़ वाले पैदल यात्री क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क के प्रदर्शन का आकलन किया जा सके।
(घ) राजमार्ग मार्ग – इंदौर से रतलाम एवं मंदसौर होते हुए नीमच तक, जो घाटाबिल्लोद, नागदा, बदनावर, धराड़, जावरा, मंदसौर, भाटखेड़ा आदि से होकर गुजरता है; तथा बिलासपुर से टेकर, बकसाही, पोटापानी, चैतमा, इराफ, कटघोरा, तनाखार, दादर, बरपाली, लेपरा, बांगो, सरभोका, चोटिया, मोरगा, प्रेमनगर, उदयपुर एवं जजगा आदि से होते हुए अंबिकापुर तक।
अनुलग्नक के लिए यहां क्लिक करें
***
पीके/केसी/केपी /डीके
(रिलीज़ आईडी: 2286793)
आगंतुक पटल : 82