कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

वर्तमान क्लासरूम को भविष्य की नौकरियों के अनुरूप डिज़ाइन किया जाना चाहिए: श्री जयंत चौधरी


पीएम-सेतु के तहत सूरत आईटीआई क्लस्टर की घोषणा; आर्सेलरमित्तल निप्पॉन स्टील इंडिया 240 करोड़ रुपये की उद्योग-नेतृत्व वाली कौशल पहल को आगे बढ़ाएगी

प्रविष्टि तिथि: 10 JUL 2026 7:35PM by PIB Delhi

भारत सरकार के कौशल विकास और उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और शिक्षा राज्य मंत्री, श्री जयंत चौधरी ने आज आईटीआई सूरत के अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री कौशल विकास और रोजगार परिवर्तन के माध्यम से उन्नत आईटीआई (पीएम-सेतु) योजना के तहत गुजरात के सूरत आईटीआई क्लस्टर को मंजूरी देने की घोषणा की। आर्सेलरमित्तल निप्पॉन स्टील इंडिया (एएम/एनएस इंडिया) के नेतृत्व में यह क्‍लस्‍टर, अपने अकादमिक साझेदार एनएएमटेक के साथ मिलकर एंकर इंडस्ट्री पार्टनर (एआईपी) के रूप में, गुजरात में कार्यान्वयन के लिए अनुमोदित पहले प्रमुख पीएम-सेतु परियोजनाओं में से एक है।

इस अवसर पर, भारत सरकार के कौशल विकास और उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और शिक्षा राज्य मंत्री, श्री जयंत चौधरी ने कहा, "हम भारत में कौशल विकास के एक नए मॉडल को उभरते हुए देख रहे हैं, जिसमें उद्योग केवल नौकरी देने वाला ही नहीं, बल्कि इसके साथ ही प्रतिभा तैयार करने वाला भी है। पीएम-सेतु के तहत सूरत क्लस्टर को मंजूरी मिलना इस दृढ़ धारणा को दर्शाती है कि वर्तमान क्‍लासरूम को भविष्‍य की नौकरियों के अनुरूप डिजाइन किया जाना चाहिए। इस तरह की साझेदारी के माध्यम से, हम ऐसे विश्व स्तरीय संस्थानों की नींव रख रहे हैं, जो आने वाले दशकों तक भारत की विनिर्माण और नवाचार महत्वाकांक्षाओं को बढ़ावा दे सकते हैं।"

यह अनुमोदन राज्य सरकारों और प्रमुख उद्योगों के बीच मजबूत साझेदारी के माध्यम से सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों को उद्योग-संचालित, भविष्य के लिए तैयार उत्कृष्टता केंद्रों में बदलने के पीएम-सेतु के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह निर्णय गुजरात राज्य संचालन समिति द्वारा प्रस्ताव के सफल तकनीकी मूल्यांकन और अनुमोदन के बाद लिया गया है, जिसे अंततः राष्ट्रीय स्तर पर भी मंज़ूरी मिल गई है।

अनुमोदित हब-एंड-स्पोक मॉडल के तहत, आईटीआई सूरत हब संस्थान के रूप में कार्य करेगा, जिसे चार स्पोक संस्थानों, आईटीआई सूरत (महिला), आईटीआई हाजीरा, आईटीआई बारडोली और आईटीआई सचिन का सहयोग मिलेगा। इस क्लस्टर को एक ऐसा व्यापक कौशल परितंत्र तैयार करने के लिए डिज़ाइन किया गया है, जो गुजरात के औद्योगिक विकास और उन्‍नत विनिर्माण, स्टील, इंजीनियरिंग, प्रसंस्‍करण  उद्योग, वस्‍त्र  और उद्योग 4.0 प्रौद्योगिकियों जैसे क्षेत्रों के बदलते कार्यबल की ज़रूरतों के अनुरूप हो।

भारत के सबसे बड़े एकीकृत स्‍टील उत्पादकों में से एक, एएम/एनएस इंडिया, इस पहल में बड़े पैमाने पर ऑपरेशनल क्षमता, उद्योग की विशेषज्ञता, कौशल क्षमताएं और संस्थागत साझेदारी लेकर आ रही है। कंपनी वर्तमान में एक मजबूत कौशल विकास पारिस्थितिकी तंत्र का संचालन करती है जिसमें उद्योग-एकीकृत शिक्षण प्रणाली, प्रशिक्षुता (अप्रेंटिसशिप) से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रम, उद्योग 4.0 पहल, डिजिटल कौशल प्लेटफॉर्म और एनएएमटेक सहित प्रमुख शैक्षणिक और प्रशिक्षण संस्थानों के साथ सहयोग शामिल हैं।

अनुमोदित रणनीतिक निवेश योजना के रूप में, सूरत क्लस्टर में पांच वर्षों में लगभग 240 करोड़ रुपये के बजट परिव्यय की परिकल्पना की गई है। आधुनिकीकरण के प्रयास में बुनियादी ढांचे का उन्नयन, उन्नत प्रयोगशालाएं और कार्यशालाएं, डिजिटल शिक्षण प्रणाली, स्मार्ट कक्षाएं, पाठ्यक्रम आधुनिकीकरण, संकाय विकास और उद्योग-नेतृत्व वाले शासन तंत्र पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

इस परियोजना का लक्ष्य पांच वर्षों में लगभग 25,000 प्रशिक्षुओं का नामांकन करना है और इससे अपग्रेड और नए शुरू किए गए कार्यक्रमों में 3,528 अतिरिक्त प्रशिक्षण सीटें सृजित होने की उम्मीद है। यह क्लस्टर मौजूदा व्यापारों को अपग्रेड करेगा, उभरती प्रौद्योगिकियों के अनुरूप नए दीर्घकालिक कार्यक्रम शुरू करेगा और क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार क्षमता परिणामों और प्रशिक्षुता के अवसरों को बढ़ाने के लिए अल्पकालिक उद्योग-उन्मुख पाठ्यक्रम शुरू करेगा।

एएम/एनएस इंडिया और इसके अकादमिक साझेदार एनएएमटेक के प्रतिनिधियों ने अनुमोदन का स्वागत किया और उद्योग के नेतृत्व वाली साझेदारी के माध्यम से भारत के कौशल एजेंडे में सहयोग करने के लिए कंपनी की प्रतिबद्धता को दोहराया। एएमएनएस इंडिया के कार्यकारी निदेशक और उप सीटीओ श्री संतोष मुंधडा ने कहा कि एएम/एनएस इंडिया के व्यापक दृष्टिकोण के अनुरूप यह पहल स्थानीय समुदायों को मजबूत करने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों को बढ़ाने के साथ ही भविष्य के लिए तैयार प्रतिभा पाइपलाइन बनाने के लिए है।

सूरत क्लस्टर की मंजूरी देश भर में पीएम-सेतु कार्यान्वयन की बढ़ती गति को और आगे बढ़ाती है और कौशल पारिस्थितिकी तंत्र को आकार देने में उद्योग की बढ़ती भूमिका को दर्शाती है। इससे तेजी से विकसित हो रही अर्थव्यवस्था की कार्यबल आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए सरकारी सहयोग, उद्योग नेतृत्व और संस्थागत उत्कृष्टता को संयोजित करने वाले सहयोगी कौशल मॉडल के लिए एक बेंचमार्क के रूप में काम करने की उम्मीद है।

पीएम-सेतु के बारे में

पीएम-सेतु, भारत सरकार की एक प्रमुख योजना है, जिसका उद्देश्य उद्योग के नेतृत्व वाले हब-एंड-स्पोक मॉडल के माध्यम से सरकारी आईटीआई में बदलाव लाना, बुनियादी ढांचे का आधुनिकीकरण करना, उद्योग की भागीदारी को मजबूत करना और रोजगार क्षमता को बेहतर बनाना है।  कुल 60,000 करोड़ रूपए के कार्यक्रम परिव्यय वाली इस योजना का उद्देश्य भविष्य के लिए एक ऐसा कौशल विकास परितंत्र तैयार करना है, जो भारत की विकास की महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने में मदद कर सकें और  इसके तहत 1000 आईटीआई को अपग्रेड किया जाएगा और 5 एनसीओई विकसित किए जाएंगे।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image001N4P1.jpg

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image002MDMU.jpg

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image003J2WQ.jpg

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image004JZTT.jpg

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image005XI1S.jpg

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image006LGRT.jpg

***

पीके/केसी/एमके


(रिलीज़ आईडी: 2283541) आगंतुक पटल : 91
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: Gujarati , English , Urdu , Tamil