वाणिज्‍य एवं उद्योग मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

ब्रिटेन में हुई सफल बैठकों के बाद, केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल उच्च स्तरीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने ग्रीस पहुंचे


भारत-ग्रीस स्टार्टअप वार्ता से सीमा पार नवाचार संबंधी साझेदारी को प्रोत्साहन मिलेगा

उच्च स्तरीय व्यापार वार्ता से भारत-ग्रीस के मध्य निवेश और औद्योगिक सहयोग को विशेष प्रोत्साहन मिलेगा

प्रविष्टि तिथि: 28 JUN 2026 7:35PM by PIB Delhi

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल युनाइटेड किंगडम में अपनी सफल बैठकों के बाद अब एक उच्च स्तरीय भारतीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए ग्रीस के एथेंस जा रहे हैं, जिसका मुख्य उद्देश्य द्विपक्षीय व्यापार, निवेश प्रवाह और रणनीतिक आर्थिक सहयोग का विस्तार करना है।

श्री गोयल ने लंदन में आयोजित भारत-ब्रिटेन: प्रगति में भागीदार व्यापार सम्मेलन के साथ ब्रिटेन की अपनी यात्रा का समापन किया। इस सम्मेलन ने द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों में मजबूत प्रगति की पुष्टि की, जिसमें दोनों देशों के प्रमुख उद्योग हितधारकों ने प्रस्तावित व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते (सीईटीए) के लिए मजबूत सहयोग जताया, जिसे व्यापार और निवेश संबंधों को गहरा करने के लिए एक बदलावकारी फ्रेमवर्क बताया गया।

युनाइटेड किंगडम में हुई बैठकों के बाद ग्रीस की यह यात्रा, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार की वैश्विक आर्थिक साझेदारियों को सुदृढ़ करने, नवाचार-आधारित विकास को प्रोत्साहन देने और प्रमुख अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में भारत की व्यापार और निवेश कूटनीति को आगे बढ़ाने की निरंतर प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करती है।

ग्रीस की यात्रा के दौरान, प्रतिनिधिमंडल एथेंस स्टार्टअप बिजनेस इनक्यूबेटर (टीएचईए) में प्रस्तुतियों और स्टार्टअप पिच में हिस्सा लेगा, जो अगली पीढ़ी के उद्यमों को प्रदर्शित करने और सीमा पार नवाचार साझेदारी को प्रोत्साहन के लिए एक मंच प्रदान करता है।

प्रतिनिधिमंडल एथेंस चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एसीसीआई) में भारतीय और ग्रीक उद्योगपतियों के साथ केंद्रित गोलमेज चर्चा भी करेगा। इन चर्चाओं में बुनियादी ढांचा, डिजिटलीकरण और रक्षा, तथा खाद्य एवं कृषि जैसे प्रमुख क्षेत्रों को शामिल किया जाएगा, जिससे सहयोग के नए रास्ते खोजे जा सकें और निजी क्षेत्र की साझेदारियों को सुदृढ़ किया जा सके।

इस कार्यक्रम में दोनों देशों के प्रमुख हितधारकों को एक साथ लाने के लिए उच्च स्तरीय व्यापारिक वार्ता शामिल होगी, जिसका उद्देश्य प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में निवेश और वाणिज्यिक साझेदारी बढ़ाने के नए मौकों का पता लगाना है। प्रतिनिधिमंडल एडवांस विनिर्माण और प्रौद्योगिकी-आधारित क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं को तलाशने के लिए ग्रीस की प्रमुख कंपनियों का दौरा भी करेगा, जिससे दोनों देशों के बीच औद्योगिक तालमेल बेहतर होगा।

यह दौरा प्रमुख व्यावसायिक और संस्थागत हितधारकों के साथ बातचीत के साथ पूरा होगा, जिसका उद्देश्य उद्योग साझेदारी को गहरा करना और द्विपक्षीय व्यापार संबंधों का विस्तार करना है।

***

पीके/केसी/एमएम


(रिलीज़ आईडी: 2278683) आगंतुक पटल : 91
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Gujarati , Malayalam