सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्‍वयन मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

एनएसओ 17-18 जून 2026 को राष्ट्रीय स्तर के हैकाथॉन "स्टैटाथॉन - विकसित भारत के लिए एक डेटा यात्रा" के 36 घंटे के ग्रैंड फिनाले का आयोजन करेगा

प्रविष्टि तिथि: 16 JUN 2026 6:25PM by PIB Delhi

उभरती प्रौद्योगिकियों को अपनाकर और शिक्षा जगत, उद्योग और स्टार्टअप्स के साथ सहयोग करके राष्ट्रीय सांख्यिकी इकोसिस्टम का आधुनिकीकरण करना सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में से एक रहा है। एक सुदृढ़ और भविष्य के लिए तैयार सांख्यिकी प्रणाली के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध संगठन के रूप में एमओएसपीआई ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) सहित अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों के इर्द-गिर्द एक नवाचार इकोसिस्टम को बढ़ावा दे रहा है, ताकि बड़े पैमाने पर बुद्धिमत्तापूर्ण विश्लेषण को सक्षम बनाया जा सके।

राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ), एमओएसपीआई के अधीन, शिक्षा मंत्रालय के नवाचार प्रकोष्ठ के सहयोग से राष्ट्रीय स्तर के हैकाथॉन "स्टैटाथॉन - विकसित भारत के लिए एक डेटा यात्रा" का आयोजन किया है, जिसका 36 घंटे का ग्रैंड फिनाले 17-18 जून, 2026 को फरीदाबाद स्थित मानव रचना अंतर्राष्ट्रीय अनुसंधान एवं अध्ययन संस्थान (एमआरआईआईआरएस) के परिसर में आयोजित किया जाएगा। भारत में एनएसओ द्वारा आयोजित हैकाथॉन श्रृंखला में यह तीसरा आयोजन है।

स्टैटाथॉन के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता और आधुनिक डिजिटल प्रौद्योगिकियों के क्षेत्रों में आधिकारिक सांख्यिकी प्रणाली से सीधे संबंधित निम्नलिखित पांच समस्या विषयों की पहचान की गई है:

I. सर्वेक्षण डेटा संग्रहण के लिए एआई-संचालित स्मार्ट सर्वेक्षण उपकरण

बुद्धिमान प्रश्नावली प्रबंधन, वास्तविक समय सत्यापन, स्वचालित निगरानी और बहुभाषी क्षमताओं के माध्यम से सर्वेक्षण डेटा संग्रह की दक्षता, सटीकता और गुणवत्ता को बढ़ाना।

II. स्वचालित डेटा तैयारी, अनुमान और रिपोर्ट लेखन के लिए एप्लीकेशन

सर्वेक्षण डेटा के सांख्यिकीय प्रोसेसिंग में लगने वाले समय और प्रयास को कम करने के साथ-साथ विश्वसनीय अनुमानों और विश्लेषणात्मक रिपोर्टों को तेजी से तैयार करने में सक्षम बनाना।

III. एनएसएस यूनिट-स्तरीय डेटा के लिए अपनाए गए डेटा एन्क्रिप्शन/अनामीकरण का मूल्यांकन व संवर्धन तथा एक एन्क्रिप्शन/अनामीकरण उपकरण का विकास

यूनिट-स्तरीय डेटा की अनुसंधान उपयोगिता को अधिकतम करते हुए डेटा की गोपनीयता, गोपनीयता की सुरक्षा और सुरक्षित प्रसार को मजबूत करना।

IV. सर्वेक्षण डेटासेट पर एसक्यूएल क्वेरी चलाने और जेएसओएन जैसे उपयोगकर्ता-अनुकूल प्रारूपों में परिणाम प्राप्त करने के लिए एक एपीआई गेटवे बनाना

आधिकारिक सांख्यिकी तक अनुकूलित पहुंच को सुगम बनाना, अंतरसंचालनीयता को बढ़ावा देना और साक्ष्य-आधारित निर्णय लेने में सहायता करना।

V. राष्ट्रीय व्यवसाय वर्गीकरण (एनसीओ) के लिए एआई-सक्षम सिमेंटिक सर्च

प्राकृतिक भाषा आधारित खोज के माध्यम से व्यावसायिक वर्गीकरणों की खोजक्षमता और उपयोगिता को बढ़ाना।

इस हैकाथॉन ने देश भर के छात्रों और स्टार्ट-अप्स के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा किया है, जिसमें प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों और उभरते उद्यमों का प्रतिनिधित्व करने वाले नवोन्मेषकों से 5,000 से अधिक प्रविष्टियां प्राप्त हुई हैं।

मूल्यांकन के पहले चरण में 50 टीमों का चयन किया गया, जिनमें प्रत्येक समस्या - विषय के लिए दस टीमें शामिल थीं। इन टीमों को विषय क्षेत्र विशेषज्ञों और तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया गया, ताकि वे व्यवहार्य और व्यवहारिक समाधान विकसित कर सकें। इसके बाद सरकार और उद्योग जगत के विशेषज्ञों की कठोर मूल्यांकन प्रक्रिया के आधार पर 25 फाइनलिस्ट टीमों को 36 घंटे के ग्रैंड फिनाले में भाग लेने के लिए चुना गया है, जिनमें प्रत्येक समस्या विषय के लिए पाँच टीमें शामिल हैं। इन 25 फाइनलिस्ट टीमों में से 21 टीमें शैक्षणिक संस्थानों का प्रतिनिधित्व करती हैं, जबकि चार टीमें स्टार्टअप हैं।

ग्रैंड फिनाले के दौरान प्रतिभागी एनएसओ, शिक्षा जगत और उद्योग के सलाहकारों और विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में गहनता से काम करेंगे ताकि नवीन, स्केलेबल और प्रभावशाली समाधान विकसित कर सकें। हैकाथॉन का समापन 18 जून 2026 को फाइनलिस्ट टीमों की प्रस्तुतियों और विजेताओं की घोषणा के साथ होगा।

स्टैटाथॉन के माध्यम से एनएसओ का उद्देश्य नवाचार को बढ़ावा देना, सरकार, शिक्षा जगत और उद्योग के बीच सहयोग को मजबूत करना और उभरती प्रौद्योगिकियों की शक्ति का उपयोग करके विकसित भारत की परिकल्पना के समर्थन में भारत की आधिकारिक सांख्यिकीय प्रणाली को और मजबूत करना है।

****

पीके/केसी/आईएम/केके

 


(रिलीज़ आईडी: 2273739) आगंतुक पटल : 153
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Tamil