वित्‍त मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

वित्तीय सेवा विभाग ने त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में ऋण सहायता कार्यक्रम का आयोजन किया


भारत सरकार की प्रमुख योजनाओं के तहत 10,162 लाभार्थियों को 419.11 करोड़ रुपये के ऋण वितरित किए गए

प्रविष्टि तिथि: 27 MAY 2026 4:01PM by PIB Delhi

वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग के सचिव श्री एम. नागराजू की अध्यक्षता में 26 मई, 2026 को त्रिपुरा पश्चिम जिले में एक ऋण सहायता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें राज्य सरकार के मुख्य सचिव श्री जितेंद्र कुमार सिन्हा की गरिमामयी उपस्थिति बनी रही।

अगरतला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विभिन्न भागीदार बैंकों द्वारा 10,162 लाभार्थियों को 419.11 करोड़ रुपये के ऋण जारी किए गए। नाबार्ड और सिडबी ने विभिन्न परियोजनाओं के लिए स्वीकृति और वितरण चेक भी सौंपे। पंजाब नेशनल बैंक और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया द्वारा अपने कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) कार्यक्रमों के तहत सीएमओ को स्वीकृत एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया द्वारा अपने सीएसआर कार्यक्रम के तहत चिकित्सा उपकरण खरीदने के लिए 36.28 लाख रुपये के चेक का वितरण भी किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान दक्षिण त्रिपुरा के शांतिबाजार में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की एक शाखा, पेचारथल, उनाकोटी में पंजाब नेशनल बैंक का एटीएम और त्रिपुरा के पांच स्थानों पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के ग्राहक सेवा केंद्रों का वर्चुअल उद्घाटन किया गया।

राज्य वित्त सचिव (डीएफएस) ने अपने संबोधन में त्रिपुरा पश्चिम जिले और पूरे त्रिपुरा राज्य में भारत सरकार की कई प्रमुख योजनाओं के तहत हासिल की गई महत्वपूर्ण उपलब्धियों पर जोर दिया। इनमें प्रधानमंत्री जन धन योजना (पीएमजेडीवाई), पीएम मुद्रा योजना, पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना, पीएम सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना शामिल हैं।

अगरतला में आयोजित इस कार्यक्रम में त्रिपुरा के वित्त सचिव श्री प्रशांत गोयल, एसबीआई के एमडी श्री अश्विनी कुमार तिवारी, पीएनबी के ईडी श्री एम परमशिवम, नाबार्ड के डीएमडी जी रावत, डीएफएस, राज्य सरकार, जिला प्रशासन और बैंकों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

***

पीके/केसी/पीसी/एसके

 


(रिलीज़ आईडी: 2265947) आगंतुक पटल : 94
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Tamil