रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारतीय नौसेना अकादमी, एझीमाला, स्प्रिंग टर्म 2026 की पासिंग आउट परेड की मेजबानी करने के लिए तत्पर

प्रविष्टि तिथि: 25 MAY 2026 5:00PM by PIB Delhi

भारतीय नौसेना अकादमी (आईएनए), एझिमाला में 28 मई 2026 को स्प्रिंग टर्म 2026 की पासिंग आउट परेड आयोजित की जाएगी। समारोह में मुख्य अतिथि और पर्यवेक्षक के रूप में दक्षिणी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ वाइस एडमिरल समीर सक्सेना उपस्थित रहेंगे, जिससे इस समारोह की गरिमा और भी बढ़ जाएगी। पासिंग आउट परेड हर कैडेट के जीवन का एक ऐतिहासिक और भावनात्मक पड़ाव होती है। कठोर सैन्य एवं समुद्री प्रशिक्षण की लंबी यात्रा पूरी करने के बाद युवा कैडेट भारतीय नौसेना, भारतीय तटरक्षक बल तथा मित्र देशों की समुद्री सेनाओं में कमीशंड अधिकारी के रूप में अपने नए दायित्वों की शुरुआत करेंगे।

यह समारोह भारतीय सशस्त्र बलों की सबसे प्रतिष्ठित सैन्य परंपराओं में से एक माना जाता है, जो त्रुटिहीन सैन्य अनुशासन, गौरव एवं देशभक्ति की भावना का अद्भुत संगम प्रस्तुत करता है। कठोर प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर चुके कैडेट परेड ग्राउंड पर सधे कदमों से मार्च करेंगे, जो राष्ट्र की समुद्री सीमाओं और सामरिक हितों की रक्षा के लिए उनकी पूर्ण तत्परता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। स्प्रिंग टर्म 2026 की इस पासिंग आउट परेड में भारतीय नौसेना और भारतीय तटरक्षक बल के प्रशिक्षुओं के साथ-साथ तीन मित्र देशों — सेशेल्स, तंजानिआ और वियतनाम — के अंतरराष्ट्रीय कैडेट भी भाग लेंगे। उनकी सहभागिता वैश्विक समुद्री सहयोग को सुदृढ़ बनाने तथा मित्र देशों के साथ रक्षा संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में भारत की अटूट प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।

इस गौरवपूर्ण अवसर पर रक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी, विदेशी सैन्य अटैची, गौरवान्वित अभिभावक और भारतीय नौसेना अकादमी के प्रशिक्षक एवं मार्गदर्शक उपस्थित रहेंगे, जिन्होंने इन युवा कैडेट्स को भविष्य के सक्षम नौसैनिक नेताओं के रूप में तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। समारोह की गरिमा को और बढ़ाते हुए परेड के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को विभिन्न पदक एवं ट्रॉफियां प्रदान की जाएंगी। इसके उपरांत प्रशिक्षु से सैन्य अधिकारी बनने की ऐतिहासिक यात्रा का प्रतीक मानी जाने वाली सदियों पुरानी परंपरा ‘शिपिंग ऑफ स्ट्राइप्स’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें नव-कमीशंड अधिकारियों को उनके रैंक स्ट्राइप्स पहनाए जाएंगे।

इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भारतीय नौसेना के आधिकारिक फेसबुक और यूट्यूब चैनलों पर किया जाएगा, जिससे दुनिया भर के दर्शक इस महत्वपूर्ण समारोह को वर्चुअल रूप से देख सकेंगे।

****

पीके/केसी/एनके


(रिलीज़ आईडी: 2265304) आगंतुक पटल : 135
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Tamil , Malayalam