इलेक्ट्रानिक्स एवं आईटी मंत्रालय
इंडियाएआई स्टार्टअप्स ग्लोबल एक्सेलरेशन प्रोग्राम के दूसरे बैच के लिए 10 अग्रणी भारतीय स्टार्टअप्स का चयन किया गया
दूसरे बैच में हेल्थ टेक, क्लाइमेट टेक, एडटेक, सैटेलाइट इंटेलिजेंस, कॉग्निटिव एआई और अन्य क्षेत्र शामिल हैं, यह स्टेशन एफ और एचईसी पेरिस के साथ इंडियाएआई मिशन की साझेदारी के जरिए वैश्विक एआई लीडर बनाने के भारत के प्रयासों को आगे बढ़ाता है
प्रविष्टि तिथि:
17 APR 2026 11:50AM by PIB Delhi
दुनिया भर में भारत की एआई क्षमताओं को आगे बढ़ाने की निरंतर प्रतिबद्धता के तहत, इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अंतर्गत इंडियाएआई मिशन ने स्टेशन एफ, पेरिस और एचईसी पेरिस के साथ साझेदारी में विकसित अंतरराष्ट्रीय पहल - इंडियाएआई स्टार्टअप्स ग्लोबल एक्सेलरेशन प्रोग्राम के दूसरे बैच के लिए 10 अत्याधुनिक भारतीय एआई स्टार्टअप्स के चयन की घोषणा की है।
इंडियाएआई स्टार्टअप्स ग्लोबल (आईएसजी) एक्सेलरेशन प्रोग्राम की शुरुआत इंडियाएआई मिशन, इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने अपने स्टार्टअप फाइनेंसिंग पिलर के तहत, दुनिया के सबसे बड़े स्टार्टअप कैंपस स्टेशन एफ और यूरोप के प्रमुख बिजनेस स्कूलों में से एक एचईसी पेरिस के सहयोग से की थी। प्रत्येक बैच में 10 चयनित भारतीय एआई स्टार्टअप्स को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार करने के लिए आवश्यक संसाधन, विशेषज्ञता और रणनीतिक संपर्क प्रदान किए जाते हैं।
यह कार्यक्रम भारत की राष्ट्रीय एआई रणनीति के अनुरूप है, जो सीमा पार ज्ञान आदान-प्रदान, उन्नत उद्यमशीलता परितंत्रों से जुड़ाव और वैश्विक बाजार एकीकरण पर जोर देता है। अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच को सुगम बनाकर, नवाचार को बढ़ावा देकर और वैश्विक निवेश को आकर्षित करके, यह पहल एआई-आधारित समाधानों में अग्रणी बनने के भारत के दृष्टिकोण का समर्थन करती है।
आईएसजी बैच II के लिए चयनित स्टार्टअप
- एआई हेल्थ हाईवे इंडिया प्राइवेट लिमिटेड : हृदय और श्वसन संबंधी विकारों की जांच, पहचान और भविष्यवाणी करने के लिए एआई-सक्षम स्मार्ट स्टेथोस्कोप
- अविरोस : एक विज़न एआई प्लेटफॉर्म जो बड़े पैमाने पर भौतिक वातावरण में एजेंटिक, संदर्भ-जागरूक बुद्धिमत्ता और स्वचालन को सक्षम बनाता है।
- कॉग्नेक्टो : एक एआई इन्फ्रास्ट्रक्चर इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म
- फ्लॉन्ट: सौंदर्य/फैशन ट्रेंड और लघु-फॉर्म वीडियो मार्केटिंग के लिए मल्टीमॉडल एआई एजेंट
- ग्रीनएफआई.एआई (क्लाइमेटफोर्स टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड) : पर्यावरण, सामाजिक और शासन अनुपालन के लिए एआई-सक्षम जोखिम प्रबंधन सॉफ्टवेयर
- इन्फीहील हेल्थटेक प्राइवेट लिमिटेड : हीलो, एक बहुभाषी एआई मानसिक स्वास्थ्य साथी है जिसमें मानव हस्तक्षेप की सुविधा है।
- इनलस्ट्रो लर्निंग प्राइवेट लिमिटेड : एआई-संचालित जॉब सिमुलेशन प्लेटफॉर्म जो वास्तविक दुनिया में तैनाती से पहले मनुष्यों और एआई एजेंटों की निष्पादन तत्परता का सत्यापन करता है।
- प्रेडको : मानव संसाधन, प्रक्रिया और उत्पाद के क्षेत्र में आधुनिक विनिर्माण के लिए एआई-संचालित अनुपालन
- स्काईसर्व (हाइस्पेस टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड) : पृथ्वी और अंतरिक्ष निगरानी के लिए एआई अवसंरचना
- टेस्टएआईएनजी सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड: एआई समाधानों के लिए एक व्यापक क्यूए और अनुपालन सूट, जो विश्वसनीय और जिम्मेदार एआई सुनिश्चित करता है।
इन 10 स्टार्टअप्स का चयन एक बहुत ही कठिन बहु-स्तरीय चयन प्रक्रिया के माध्यम से किया गया है और ये स्टेशन एफ में भारत के गतिशील एआई नवाचार परितंत्र का प्रतिनिधित्व करेंगे, जहां उन्हें वैश्विक स्तर पर विस्तार करने में सहायता के लिए एक गहन कार्यक्रम में शामिल किया गया है। इस कार्यक्रम में 3 सप्ताह का ऑनलाइन तैयारी मॉड्यूल और उसके बाद फ्रांस के पेरिस में तीन महीने का गहन आवासीय कार्यक्रम शामिल है।
यह पहल जिम्मेदार, विस्तार योग्य और समावेशी एआई में भारत के नेतृत्व को बढ़ावा देने के लिए इंडियाएआई मिशन के व्यापक दृष्टिकोण का एक हिस्सा है। एचईसी पेरिस का डिज़ाइन किया गया यह कार्यक्रम, स्टार्टअप्स को उनके रेजीडेंसी के दौरान संसाधनों, मेंटरशिप और अग्रणी फ्रांसीसी तथा यूरोपीय इकोसिस्टम प्लेयर्स के साथ नेटवर्किंग के अभूतपूर्व अवसर प्रदान करेगा।
***
पीके/केसी/एके/एसके
(रिलीज़ आईडी: 2252920)
आगंतुक पटल : 145