पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

राष्ट्रीय जैव विविधता प्राधिकरण का कॉलेज छात्रों के लिए जैव विविधता संरक्षण और प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन क्षेत्रों में अल्पकालिक इंटर्नशिप कार्यक्रम शुरू

प्रविष्टि तिथि: 25 MAR 2026 10:53AM by PIB Delhi

राष्ट्रीय जैव विविधता प्राधिकरण (एनबीए) ने स्नातक/स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रहे छात्रों के लिए अल्पकालिक इंटर्नशिप कार्यक्रम (3 महीने तक) शुरू किया है, ताकि एनबीए कार्यक्रमों के साथ सक्रिय रूप से जुड़कर उन्हें व्यावहारिक और परियोजना-आधारित शिक्षा प्रदान की जा सके।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य जैव विविधता संरक्षण और प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन क्षेत्रों में युवाओं की क्षमता का निर्माण करना, पर्यावरण को लेकर जागरूकता को गहरा करना और रोजगार के अवसरों को महत्वपूर्ण रूप से बढ़ाना है। इसके साथ ही उन्हें जैव विविधता राजदूत के रूप में विकसित करना है।

एनबीए नियमित रूप से एक वर्ष की अवधि का जैव विविधता संरक्षण इंटर्नशिप कार्यक्रम (बीएसआईपी) भी आयोजित करता है, जिसे आगे दो वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है। चालू वर्ष में, बीएसआईपी के छठे चक्र के तहत 24 इंटर्न (छात्रों) का चयन किया गया है और उन्हें जैव विविधता संरक्षण का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करने और एसबीबी/यूटीबीसी के कामकाज में सहयोग करने के लिए विभिन्न राज्य जैव विविधता बोर्डों (एसबीबी) और केंद्र शासित प्रदेश जैव विविधता परिषदों (यूटीबीसी) में नियुक्त किया गया है।

एक साल के इस कार्यक्रम के दौरान, एसबीबी/यूटीबीसी में नियुक्त इंटर्न बैठकों में भाग लेते हैं, कार्यक्रम आयोजित करते हैं और एसबीबी/यूटीबीसी की नियमित गतिविधियों के अलावा फील्ड स्टडी भी करते हैं। एनबीए इच्छुक इंटर्न को दो और वर्षों के लिए इंटर्नशिप जारी रखने और जैव विविधता संरक्षण में अपने ज्ञान और कौशल को और गहरा करने के अवसर भी प्रदान करता है।

पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, एनबीए और संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी) की सक्रिय साझेदारी में एक वर्षीय बीएसआईपी नियमित कार्यक्रम शुरू किया गया था, जिसका उद्देश्य व्यावहारिक जमीनी अनुभव के माध्यम से प्रशिक्षित युवा पेशेवरों का एक समूह तैयार करना था। अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित प्रतिस्पर्धी प्रक्रिया के माध्यम से चयनित प्रशिक्षुओं को जैव विविधता संरक्षण पहलों में सहयोग देने और एसबीबी तथा यूटीबीसी की सहायता करने के लिए विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में तैनात किया जाता है।

जैव विविधता संरक्षण कार्यक्रम (बीएसआईपी) का पहला चक्र (2019-20) 22 मई 2020 को अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के अवसर पर केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री ने शुरू किया था। एनबीए वर्तमान में इन इंटर्नशिप कार्यक्रमों के समर्थन में लगभग एक करोड़ रुपये का निवेश कर रहा है, जो एक मजबूत राष्ट्र निर्माण और भविष्य के जैव विविधता राजदूतों के एक सशक्त समूह के विकास में योगदान दे रहा है।

***

पीके/केसी/के/एसके


(रिलीज़ आईडी: 2244879) आगंतुक पटल : 104
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Gujarati