सामाजिक न्‍याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

गोवा के मुख्यमंत्री श्री प्रमोद सावंत और केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार 27 फरवरी को गोवा में आयोजित नशा मुक्त भारत अभियान युवा रैली में शामिल होंगे

प्रविष्टि तिथि: 25 FEB 2026 12:24PM by PIB Delhi

नशा मुक्त भारत अभियान के छठे वर्ष के उपलक्ष्य में मादक पदार्थों के दुरुपयोग के विरूद्ध गोवा में एक विशाल युवा रैली का आयोजन किया जाएगा। सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग, गोवा सरकार के सहयोग से, नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 27 फरवरी 2026 को सुबह 9:00 बजे गोवा के बंबोलिम में श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में भव्य जनसभा का आयोजन करेगा।

इस ऐतिहासिक आयोजन में बड़ी संख्या में नागरिकों, विशेषकर युवाओं सहित 3,000 से अधिक लोग उपस्थित होंगे।

इस कार्यक्रम में गोवा के माननीय मुख्यमंत्री श्री प्रमोद सावंत, केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार, गोवा सरकार के समाज कल्याण मंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्ति और अन्‍य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम की मुख्य विशेषताएं:

  • नशीली दवाओं के दुरुपयोग के विरूद्ध युवाओं की विशाल रैली
  • ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से मादक पदार्थों के विरुद्ध सामूहिक शपथ
  • सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रस्तुतियाँ
  • प्रतिभागियों और भागीदारों का अभिनंदन
  • नशा मुक्त भारत अभियान की उपलब्धियों और सफलता की कहानियों को साझा करना

इसमें स्कूल और कॉलेज के छात्रों, युवाओं, अभिभावकों, स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी), स्वयंसेवकों, विभागीय अधिकारियों, आध्यात्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों, गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ), पुलिस कर्मियों, नागरिक समाज समूहों और नागरिकों की भागीदारी की अपेक्षा की जाती है।

नशा मुक्त भारत अभियान की पृष्ठभूमि

सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग ने 15 अगस्त 2020 को  सबसे कमजोर 272 जिलों से नशा मुक्त भारत अभियान की शुरुआत की थी और अब इसे देश भर के सभी जिलों में चलाया जा रहा है।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य उच्च शिक्षण संस्थानों, विश्वविद्यालय परिसरों, स्कूलों और सामुदायिक स्तर पर नागरिकों को जागरूक करना है।

प्रमुख उपलब्धियां :

  • मादक पदार्थों के सेवन के विरूद्ध 25.93 करोड़ से अधिक लोगों को जागरूक किया गया है।
  • 9.35 करोड़ से अधिक युवाओं तक पहुंच बनाई गई
  • 638 करोड़ से अधिक महिलाओं को जागरूक किया गया
  • 16.15 लाख से अधिक शैक्षणिक संस्थानों की भागीदारी से बच्चों और युवाओं तक पहुंच।

रणनीतिक साझेदारी: विभाग ने जन जागरूकता प्रयासों को मजबूत करने के लिए आठ प्रमुख आध्यात्मिक संगठनों: द आर्ट ऑफ लिविंग, ब्रह्मा कुमारिस, संत निरंकारी मिशन, इस्कॉन, श्री राम चंद्र मिशन, अखिल विश्व गायत्री परिवार, शिवानंद योग वेदांत धनवंतरी आश्रम और पतंजलि विश्वविद्यालय के साथ समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए हैं।

डिजिटल पहुंच:

  • ट्विटर, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर सक्रिय आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल
  • नशा मुक्त भारत अभियान की वेबसाइट पर व्यापक जानकारी, डैशबोर्ड, ई-प्रतिज्ञा सुविधा, चर्चा मंच और संसाधन
  • हाल की महत्वपूर्ण घटनाएँ:
  • पांचवीं वर्षगांठ – 13 अगस्त 2025 को दिल्ली सरकार के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में देशभर से लाखों लोग और 1,000 से अधिक छात्र शामिल हुए।
  • राष्ट्रीय आयोजन – 18 नवंबर 2025 को गुरु नानक देव विश्वविद्यालय, अमृतसर में आयोजित कार्यक्रम में देश भर में 2.10 लाख से अधिक स्थानों से 6.3 करोड़ से अधिक लोगों और 10,000 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया।

गोवा में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य अभियान की प्रगति और उपलब्धियों को उजागर करना; बड़े पैमाने पर सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देना; नागरिकों, विशेषकर युवाओं को, मादक पदार्थों के सेवन को त्यागने के लिए प्रेरित और प्रोत्साहित करना; और नशा मुक्त भारत के निर्माण की दिशा में सामूहिक संकल्प को सुदृढ़ करना है।

सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग और गोवा सरकार सभी नागरिकों, विशेषकर युवाओं को, इस महत्वपूर्ण आयोजन में सक्रिय रूप से भाग लेने और नशामुक्त समाज के इस आंदोलन में भागीदार बनने के लिए आमंत्रित करती है।

***

पीके/केसी/जेके/वाईबी


(रिलीज़ आईडी: 2232634) आगंतुक पटल : 99
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Tamil