संघ लोक सेवा आयोग
संघ लोक सेवा आयोग
प्रविष्टि तिथि:
25 FEB 2026 11:09AM by PIB Delhi
संघ लोक सेवा आयोग द्वारा 16 नवंबर, 2025 से 23 नवम्बर, 2025 तक आयोजित भारतीय वन सेवा (प्रधान) परीक्षा, 2025 के परिणाम के आधार पर निम्नलिखित अनुक्रमांक वाले उम्मीदवारों ने भारतीय वन सेवा परीक्षा, 2025 के व्यक्तित्व परीक्षण (साक्षात्कार) के लिए अर्हता प्राप्त कर ली है।
2. इन उम्मीदवारों की उम्मीदवारी, इनके सभी प्रकार से पात्र पाए जाने के अध्यधीन अनंतिम है। उम्मीदवारों को उनकी आयु, शैक्षिक योग्यताओं, समुदाय, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, बेंचमार्क दिव्यांगजन (पीडब्ल्यूबीडी) के दावों के संबंध में उनकी पात्रता/आरक्षण के समर्थन में मूल प्रमाणपत्र तथा टीए फॉर्म जैसे अन्य दस्तावेज, अपने व्यक्तित्व परीक्षण (साक्षात्कार) के समय प्रस्तुत करने होंगे। अतः उन्हें, सलाह दी जाती है कि वे उक्त दस्तावेज तैयार रखें। अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/अन्य पिछड़ा वर्ग/ईडब्ल्यूएस/बेंचमार्क दिव्यांगता/भूतपूर्व सैनिकों के लिए उपलब्ध आरक्षण/छूट का लाभ उठाने के इच्छुक उम्मीदवारों को सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा, 2025 के माध्यम से भारतीय वन सेवा परीक्षा, 2025 हेतु आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख अर्थात् 21.02.2025 को या उससे पहले जारी हुए मूल प्रमाणपत्र भी अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने होंगे।
3. इन उम्मीदवारों के व्यक्तित्व परीक्षण (साक्षात्कार) की तारीखें यथासमय अधिसूचित की जाएंगी। व्यक्तित्व परीक्षण संघ लोक सेवा आयोग, धौलपुर हाउस, शाहजहां रोड, नई दिल्ली-110069 के कार्यालय में आयोजित किया जाएगा। तद्नुसार, व्यक्तित्व परीक्षण (साक्षात्कार) का कार्यक्रम और ई-समन पत्र यथासमय उपलब्ध करा दिए जाएंगे, जिन्हें आयोग की वेबसाइट https://www.upsc.gov.in & https://upsconline.gov.in से डाउनलोड किया जा सकता है। जो उम्मीदवार ई-समन पत्र डाउनलोड करने में असमर्थ रहते हैं, वे पत्र ई-मेल द्वारा या टेलीफोन नं. 011-23385271, 011-23381125 या फैक्स नं. 011-23387310, 011-23384472 पर या ई-मेल (soexam9-upsc[at]gov[dot]in) के माध्यम से आयोग कार्यालय से तत्काल संपर्क करें। आयोग द्वारा व्यक्तित्व परीक्षण (साक्षात्कार) हेतु कोई अलग से कागजी समन पत्र जारी नहीं किए जाएँगे।
4. उम्मीदवारों को सूचित की गई व्यक्तित्व परीक्षण (साक्षात्कार) की तारीख तथा समय में परिवर्तन के किसी भी अनुरोध पर सामान्यतया विचार नहीं किया जाएगा।
5.1 (क) व्यक्तित्व परीक्षण (साक्षात्कार) के लिए अर्हता प्राप्त करने वाले सभी उम्मीदवारों के लिए शैक्षिक योग्यता की स्थिति (उपस्थित हो रहे हैं/ उपस्थित हो चुके हैं) और अनिवार्य योग्यता परीक्षा उत्तीर्ण करने के प्रमाणपत्र सहित आवश्यक फ़ील्ड भरना/ अद्यतन करना अनिवार्य है। साथ ही, अपने दावे के प्रमाण के रूप में संबंधित दस्तावेज़ अपलोड करना भी अनिवार्य है। ऐसा न करने पर उनकी उम्मीदवारी रद्द कर दी जाएगी और इस संबंध में आयोग द्वारा कोई पत्राचार नहीं किया जाएगा। इसके अलावा, ऐसे उम्मीदवारों को कोई ई-समन पत्र जारी नहीं किया जाएगा।
5.1(ख) उपरोक्त पैरा 5.1 (क) के अतिरिक्त, उम्मीदवार (जहां लागू हो) पत्राचार/स्थाई डाक पते, उच्च शैक्षणिक योग्यता, विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि (यदि कोई हो), रोजगार विवरण/सेवा अनुभव, पूर्व/पिछली भारतीय वन सेवा परीक्षा के आधार पर आबंटित सेवा का विवरण (यदि कोई हो), वैवाहिक स्थिति, पूर्व के पीडब्लयूबीडी अनुशंसा संबंधी विवरण, माता-पिता का विवरण, विवर्जन की सूचना, पूर्व के परीक्षा विवरण, अवसर संबंधी सूचना, अ.पि.व./ईडब्ल्यूएस अनुबंध (जहां लागू हो) सामाजिक-आर्थिक प्रश्नोत्तरी, जो भी लागू हो, को अवश्य अद्यतन करें तथा इन्हें जमा करें।
5.1(ग) जिन उम्मीदवारों ने पहले ही अपेक्षित दस्तावेज/सूचना अपलोड कर दी है तथा अब उन्हें किसी सूचना को अद्यतन करना/भरना नहीं है, उन्हें भी लॉगिन करना होगा और विवरणों का सत्यापन करते हुए अंतिम रूप से उसे जमा करना होगा ताकि व्यक्तित्व परीक्षण हेतु ई-समन पत्र सृजित किया जा सके।
5.1(घ) उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे आगे की जानकारी के लिए आयोग की वेबसाइट नियमित रूप से देखें।
इस संबंध में, भारतीय वन सेवा परीक्षा, 2025 के नियमों में निम्नलिखित प्रावधान किए गए हैं:
ख.3 आयोग, व्यक्तित्व परीक्षण/साक्षात्कार हेतु अर्हता प्राप्त उम्मीदवारों के लिए भारतीय वन सेवा (मुख्य) परीक्षा के लिखित भाग के परिणाम की घोषणा के बाद 15 (पंद्रह)
दिनों की लिए एक विंडो प्रदान करेगा। आईएफएसई, 2025 के नियम 7 के नीचे नोट 1 के अनुसार, उम्मीदवारों को अपने विवरण/शैक्षिक योग्यता की स्थिति (चाहे परीक्षा में शामिल हो रहे हों/शामिल हुए हों)] को भरना/अद्यतन करना अपेक्षित है और विनिर्दिष्ट मॉड्यूल/पोर्टल पर आवश्यक योग्यता परीक्षा उत्तीर्ण करने का प्रमाण प्रस्तुत/अपलोड करना होगा। ऐसा न करने पर ऐसे उम्मीदवारों को व्यक्तित्व परीक्षण/साक्षात्कार में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी और उनकी उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है।
नोट : इस अवधि के दौरान, व्यक्तित्व परीक्षण के लिए अर्हता प्राप्त सभी उम्मीदवारों को पत्राचार/स्थायी डाक पता, उच्च शैक्षणिक योग्यता, विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि (यदि कोई हो), रोजगार विवरण/सेवा अनुभव, पहले/पिछली भारतीय वन सेवा परीक्षा के आधार पर आबंटित सेवा का विवरण (यदि कोई हो) तथा मौजूदा परीक्षा के लिए संवर्ग वरीयता को अपडेट करने का विकल्प भी दिया जाएगा। इस विंडो पर अद्यतन किए गए विवरण को अंतिम माना जाएगा तथा इस भाग में परिवर्तन करने हेतु किसी भी माध्यम से प्राप्त किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
ख.4 (i) उम्मीदवार को, आयोग द्वारा मांगे जाने पर और उसके द्वारा निर्धारित तरीके के अनुसार, अपने ‘गृह राज्य’ सहित, विभिन्न राज्य संवर्गों में से अपने विकल्पों का वरीयता के क्रम में उल्लेख करना होगा।
(ii) भारतीय वन सेवा हेतु नियुक्त उम्मीदवारों को संवर्ग आबंटन, संवर्ग आबंटन के समय लागू, संवर्ग आबंटन नीति से शासित होगा। परीक्षा के परिणाम के आधार पर आबंटन के समय उम्मीदवार द्वारा विभिन्न संवर्गों के लिए व्यक्त वरीयताओं पर समुचित रूप से विचार किया जाएगा।
(iii) उम्मीदवार द्वारा एक बार संवर्ग हेतु वरीयता प्रस्तुत करने के बाद उसमें परिवर्तन की अनुमति नहीं होगी।
5.2 भारतीय वन सेवा परीक्षा -2025 के व्यक्तित्व परीक्षण (साक्षात्कार) में शामिल होने के योग्य उम्मीदवारों से संवर्ग वरीयता संबंधी विवरण समय आने पर मांगे जाएंगे। अतः उम्मीदवारों को आयोग की वेबसाइट को नियमित रूप से देखने सलाह दी जाती है।
5.3 ऑनलाइन आवेदन प्रपत्र (ओएएफ़) में अपेक्षित फ़ील्ड/जानकारी सफलतापूर्वक प्रस्तुत करने पर (जैसा कि पैरा 5.1 में उल्लिखित है), एक विशिष्ट (यूनिक) संदर्भ संख्या सृजित होगी और उम्मीदवारों को उनकी पावती के लिए उनके पंजीकृत ईमेल आईडी/मोबाइल पर ईमेल/एसएमएस के माध्यम से भेजी जाएगी।
5.4 अतः, परीक्षा नियमों के उपरोक्त प्रावधानों के अनुसार, इन सभी उम्मीदवारों को संघ लोक सेवा आयोग की वेबसाइट (https://upsconline.gov.in) पर 27th फरवरी 2026 से 13th मार्च 2026 तक साय: 6:00 बजे तक उपलब्ध आवश्यक विवरण ऑनलाइन ही भरना/अद्यतन करना और जमा करना होगा; अन्यथा आयोग द्वारा इस संबंध में कोई और पत्राचार नहीं किया जाएगा।
6. आयोग द्वारा ऑनलाइन आवेदन प्रपत्र (ओएएफ़) में प्रदान की गई सूचना में किसी भी प्रकार के परिवर्तन/संशोधन करने के किसी भी अनुरोध पर विचार नहीं किया जाएगा। तथापि, जहां कहीं आवश्यक हो, उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे केवल अपने पते/ संपर्क संबंधी विवरण में किसी प्रकार का परिवर्तन होने पर, इस प्रेस नोट के प्रकाशन के 7 दिनों के भीतर पत्र, ई-मेल (soexam9-upsc[at]nic[dot]in) अथवा पैराग्राफ 3 में उल्लिखित नंबरों पर फैक्स द्वारा आयोग को तत्काल सूचित करें।
7. सभी उम्मीदवारों की अंकतालिकाएँ अंतिम परिणाम [व्यक्तित्व परीक्षण (साक्षात्कार) के संचालन के बाद] प्रकाशित होने की तारीख से 15 दिन के भीतर आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाएंगी तथा ये वेबसाइट पर 30 दिनों तक उपलब्ध रहेंगी।
8. माननीय गुजरात उच्च न्यायालय के दिनांक 15.10.2025 की एससीए संख्या 12450/2025 के अंतरिम आदेश के अनुपालन में याचिकाकर्ता उम्मीदवार का परिणाम सीलबंद लिफाफे में रखा गया है।
परिणाम देखने के लिए यहाँ क्लिक करें:
*****
एनकेआर/एके
(रिलीज़ आईडी: 2232535)
आगंतुक पटल : 567