इलेक्ट्रानिक्स एवं आईटी मंत्रालय
श्री जितिन प्रसाद ने मानकीकरण परीक्षण एवं गुणवत्ता प्रमाणन लैब ऑटोमेशन पोर्टल 'सत्या' का उद्घाटन किया
प्रविष्टि तिथि:
09 FEB 2026 2:15PM by PIB Delhi
वाणिज्य एवं उद्योग एवं इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय में राज्य मंत्री श्री जितिन प्रसाद ने भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अंतर्गत एक प्रमुख डिजिटल पहल, मानकीकरण परीक्षण एवं गुणवत्ता प्रमाणन लैब ऑटोमेशन पोर्टल – सत्या का उद्घाटन किया। इस अवसर पर इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सचिव श्री एस. कृष्णन, मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, मानकीकरण परीक्षण एवं गुणवत्ता प्रमाणन और सी-डीएसी के अधिकारी उपस्थित थे।
सभा को संबोधित करते हुए श्री जितिन प्रसाद ने कहा कि आज के डिजिटल युग में शासन केवल नीतियों तक सीमित नहीं है, बल्कि सुगमता, पारदर्शिता, जवाबदेही और विश्वास पर भी आधारित है। सत्य पोर्टल का शुभारंभ नागरिक-केंद्रित डिजिटल शासन और बेहतर सार्वजनिक सेवा वितरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मानकीकरण परीक्षण एवं गुणवत्ता प्रमाणन निदेशालय देश में इलेक्ट्रॉनिक और आईटी उत्पादों एवं सेवाओं की गुणवत्ता, सुरक्षा एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस लैब ऑटोमेशन पोर्टल के शुभारंभ के साथ, मानकीकरण परीक्षण एवं गुणवत्ता प्रमाणन ने अपनी सेवाओं को एक एकीकृत और उपयोगकर्ता-अनुकूल डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध करा दिया है, जिससे नागरिकों, उद्योगों, स्टार्टअप्स, एमएसएमई और सरकारी विभागों को लाभ प्राप्त होगा।
उद्योगों और नागरिकों के लिए, यह पोर्टल त्वरित सेवा वितरण, बेहतर पूर्वानुमान और प्रमाणन प्रक्रिया में बढ़ा हुआ विश्वास सुनिश्चित करता है। स्टार्टअप और लघु एवं मध्यम उद्यमों के लिए, यह प्रक्रियात्मक बोझ को काफी हद तक कम करता है और उन्हें अनुपालन योग्य और सुरक्षित उत्पादों को अधिक कुशलता से बाजार में लाने में मदद करता है।
यह पहल डिजिटल इंडिया, न्यूनतम सरकार - अधिकतम शासन और व्यापार करने में सुगमता के राष्ट्रीय दृष्टिकोण के अनुरूप है। प्रमाणन प्रक्रियाओं को डिजिटल करके, सत्या पोर्टल यह सुनिश्चित करता है कि गुणवत्ता आश्वासन मजबूत बना रहे और साथ ही यह अधिक सुलभ और नागरिक-हितैषी भी हो।
इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सचिव श्री एस. कृष्णन ने इस अवसर पर कहा कि सत्या पोर्टल संपूर्ण डिजिटल प्रक्रियाओं के माध्यम से मानकीकरण परीक्षण एवं गुणवत्ता प्रमाणन की सेवा वितरण को आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रौद्योगिकी का लाभ उठाकर, हम पारदर्शिता, दक्षता और विश्वास को मजबूत कर रहे हैं, साथ ही यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि गुणवत्ता प्रमाणन सेवाएं सभी हितधारकों के लिए सुलभ हों।
मंत्री महोदय ने साइबर सुरक्षा, डेटा संरक्षण और उत्पाद की गुणवत्ता के महत्व पर बताया कि सत्या जैसे प्लेटफॉर्म एक विश्वसनीय डिजिटल इकोसिस्टम के निर्माण में योगदान करते हैं और देश को वैश्विक प्रौद्योगिकी और विनिर्माण केंद्र के रूप में उभरने में सहायता करते हैं।
श्री जितिन प्रसाद ने पोर्टल की परिकल्पना और कार्यान्वयन में किए गए समर्पित प्रयासों के लिए मानकीकरण परीक्षण एवं गुणवत्ता प्रमाणन टीम, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अधिकारियों और तकनीकी विकास भागीदार सी-डीएसी तथा सभी संबंधित हितधारकों को बधाई दी। उन्होंने नागरिकों, उद्योगों, स्टार्टअप और सरकारी संगठनों से पोर्टल का सक्रिय रूप से उपयोग करने और इसके निरंतर सुधार के लिए प्रतिक्रिया देने का आग्रह किया।
मानकीकरण परीक्षण एवं गुणवत्ता प्रमाणन लैब ऑटोमेशन पोर्टल - सत्या के शुभारंभ के साथ, भारत सार्वजनिक सेवा वितरण में गुणवत्ता, पारदर्शिता और डिजिटल विश्वास को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है।
****
पीके/केसी/एचएन/एनजे
(रिलीज़ आईडी: 2225428)
आगंतुक पटल : 205