वस्‍त्र मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

पीएम मित्र पार्क

प्रविष्टि तिथि: 03 FEB 2026 1:38PM by PIB Delhi

सरकार ने 7 स्थानों पर पीएम मेगा इंटीग्रेटेड टेक्सटाइल रीजन एंड अपैरल (पीएम मित्र) पार्क स्थापित करने को अंतिम रूप दे दिया है। इनमें तमिलनाडु (विरुधुनगर), तेलंगाना (वारंगल), गुजरात (नवसारी), कर्नाटक (कलबुर्गी), मध्य प्रदेश (धार), उत्तर प्रदेश (लखनऊ) और महाराष्ट्र (अमरावती) शामिल हैं। इसके लिए 2027-28 तक सात वर्ष की अवधि के लिए 4,445 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। पीएम मित्र योजना से 3 लाख (1 लाख प्रत्यक्ष और 2 लाख अप्रत्यक्ष रोज़गार) लोगों को रोज़गार मिलने की आशा है और हर पार्क में अनुमानित 10,000 करोड़ रुपये का निवेश होगा। निवेश आकर्षित करने और पार्कों के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए, राज्यों, निवेशकों और संभावित पार्क डेवलपर्स सहित विभिन्न संबंधित पक्षों के साथ अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय और स्थानीय स्तर पर 200 से ज़्यादा परामर्श किए गए हैं।

राज्य सरकारों ने इन पार्कों के गेट तक बाहरी अवसंरचना प्रदान करने के लिए 2,160.17 करोड़ रुपये के अवसंरचना कार्यों को शुरू किया गया है और अब तक 564.72 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, महाराष्ट्र और तेलंगाना के पीएम मित्र पार्कों के 7,145 करोड़ रुपये के डीपीआर प्रस्तावों को स्वीकृति दे दी गई है। मध्य प्रदेश में, 24,175 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश के साथ 1150 एकड़ ज़मीन आवंटित की गई है। तमिलनाडु में, अब तक 2,076 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश के साथ 201 एकड़ ज़मीन के लिए आवेदन प्राप्त हुए हैं। महाराष्ट्र में, ज़मीन आवंटन के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं, जबकि तेलंगाना में, अब तक 3,862 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है और 540 एकड़ ज़मीन पहले ही आवंटित की जा चुकी है। पीएम मित्र योजना के विकास पूंजी सहायता के हिस्से के रूप में, मध्य प्रदेश और तमिलनाडु प्रत्येक को 50 करोड़ रुपये की पहली किस्त मंज़ूर की गई है तथा महाराष्ट्र और तेलंगाना प्रत्येक को 30 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

तमिलनाडु के विरुधुनगर में पीएम मित्र पार्क  के मामले में 100% ज़मीन अधिग्रहित कर ली गई है और पर्यावरण स्वीकृति सहित आवश्यक मंज़ूरियाँ प्राप्त कर ली गई हैं।  1,894 करोड़ रुपये की एक डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) मंज़ूर की गई है और 364 करोड़ रुपये के अवसंरचना कार्यों का आवंटन किया गया है। भूमि आवंटन नीति को मंज़ूरी मिलने के बाद, अब तक 201 एकड़ ज़मीन के लिए 2,076 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश के साथ आवेदन प्राप्त हुए हैं।

पीएम मित्र पार्क स्थापित करने का कोई नया प्रस्ताव अभी विचाराधीन नहीं है।

यह जानकारी वस्त्र राज्य मंत्री श्री पबित्रा मार्गेरिटा ने आज लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।

*******

पीके/केसी/पीके

(लोकसभा अतारांकित प्रश्न 485)

 


(रिलीज़ आईडी: 2222565) आगंतुक पटल : 135
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Tamil , Telugu