जल शक्ति मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री श्री सी. आर. पाटिल ने नोएडा में ऊपरी यमुना समीक्षा समिति (यूवाईआरसी) की 9वीं बैठक की अध्यक्षता की

प्रविष्टि तिथि: 28 NOV 2025 6:44PM by PIB Delhi

ऊपरी यमुना समीक्षा समिति (यूवाईआरसी) की 9वीं बैठक आज यमुना भवन, नोएडा में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री श्री सी. आर. पाटिल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। श्री स्वतंत्र देव सिंह, मंत्री (जल शक्ति), उत्तर प्रदेश, श्री सतपाल जी महाराज, मंत्री (सिंचाई) उत्तराखंड, श्री सुरेश सिंह रावत, मंत्री (जल संसाधन), राजस्थान, श्री प्रवेश साहिब सिंह, मंत्री (जल), राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार और श्रीमती श्रुति चौधरी, मंत्री (सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग), हरियाणा ने इस बैठक में भाग लिया। जल संसाधन विभाग, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण, केंद्रीय जल आयोग, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, केंद्रीय भूजल बोर्ड और छह बेसिन राज्यों, अर्थात् हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली के संबंधित वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।

बैठक के दौरान सतही जल के विनियमन और प्रबंधन से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई, जैसे यमुना बेसिन में भंडारण परियोजनाओं का कार्यान्वयन; यमुना जल में राजस्थान के हिस्से का हस्तांतरण; यमुना नदी में ई-फ्लो का रखरखाव; यूवाईआरबी में सदस्य के रूप में एनएमसीजी के प्रतिनिधि को शामिल करना आदि।

समिति ने संतोष व्यक्त किया कि हरियाणा और राजस्थान यमुना नदी में राजस्थान के हिस्से का पानी इसके जल संकटग्रस्त क्षेत्र में यथाशीघ्र स्थानांतरित करने की परियोजना के कार्यान्वयन के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। यमुना नदी के पुनरुद्धार के लिए इसमें अपेक्षित प्रवाह सुनिश्चित करने से संबंधित मामले पर भी चर्चा की गई। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सभी राज्यों को जल कुशल तरीके अपनाकर अपनी खपत कम करनी होगी और यमुना नदी में पानी प्रवाहित करना होगा। उन्होंने सभी संबंधित राज्यों से सकारात्मक तरीके से संभावनाओं का पता लगाने का आह्वान किया और सभी साझेदार राज्यों से यमुना बेसिन में तीन भंडारण परियोजनाओं के कार्यान्वयन के लिए देश के व्यापक हित में काम करने को कहा। ये उपाय कम वर्षा वाले मौसम में जल उपलब्धता में सुधार के साथ-साथ पर्यावरणीय प्रवाह सुनिश्चित करने और प्रदूषण को कम करने में मदद करेंगे।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image001DI05.jpg

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image002J7DQ.jpg

***

पीके/केसी/जेएस/एसएस


(रिलीज़ आईडी: 2196055) आगंतुक पटल : 17
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Gujarati