युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने विकसित भारत युवा नेता संवाद (वीबीवाईएलडी) क्विज़ 2026 में भाग लेने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2025 तक बढ़ाई
अब तक 20 लाख से अधिक युवाओं की भागीदारी
Posted On:
16 OCT 2025 11:52AM by PIB Delhi
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने मेरा युवा भारत (MY Bharat) पोर्टल के माध्यम से ‘विकसित भारत युवा नेता संवाद (वीबीवाईएलडी) क्विज़ 2026’ में भाग लेने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2025 तक बढ़ा दी है। इस क्विज़ में अब तक 20 लाख से ज़्यादा युवा प्रतिभागी भाग ले चुके हैं। देश के युवाओं की इस अविश्वसनीय प्रतिक्रिया और अद्भुत उत्साह को देखते हुए, अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है।
वीबीवाईएलडी क्विज़ 2026
वीबीवाईएलडी क्विज़, विकसित भारत युवा नेता संवाद 2026 का पहला चरण है। यह माई भारत पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आयोजित किया जा रहा है।
यह क्विज़ युवाओं को भारत के बारे में अपने ज्ञान का परीक्षण करने और 2047 तक विकसित भारत के लिए अपने विचार साझा करने में मदद करता है।
यह प्रश्नोत्तरी प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश से उत्साहपूर्वक भागीदारी को प्रोत्साहित करती है। यह प्रश्नोत्तरी प्रतिभागियों के राष्ट्र के बारे में ज्ञान का आकलन करने के लिए तैयार की गई है जो एक मजबूत और विकसित भारत के निर्माण के साझा दृष्टिकोण को भी दर्शाती है।
- सभी प्रतिभागियों को डिजिटल भागीदारी प्रमाण पत्र मिलेगा।
- शीर्ष 10,000 विजेताओं को माई भारत उपहार प्राप्त होंगे और वे वीबीवाईएलडी 2026 के अगले चरण में प्रवेश करेंगे।
- इन चयनित युवाओं को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ सीधे अपने विचार साझा करने का मौका मिलेगा।
माई भारत ऐप और सीएससी केंद्रों के माध्यम से आसान पहुंच
माई भारत मोबाइल एप्लिकेशन का शुभारंभ, युवा सशक्तिकरण की दिशा में एक परिवर्तनकारी कदम है। प्रौद्योगिकी-संचालित जुड़ाव के साथ, यह ऐप वीबीवाईएलडी क्विज़ 2026 में एक-क्लिक से ही भागीदारी को सुनिश्चित कराता है।
दूर-दराज़ के इलाकों तक पहुंचने के लिए, माई भारत पोर्टल को कॉमन सर्विस सेंटर्स (सीएससीएस) से जोड़ा गया है। पांच लाख से ज़्यादा ग्राम स्तरीय उद्यमियों (वीएलईएस) के ज़रिए, गांवों के युवा अपने नज़दीकी सीएससी में पंजीकरण कराकर क्विज़ में हिस्सा ले सकते हैं। इससे यह सुनिश्चित होता है कि हर युवा भारतीय, चाहे वह शहर में हो या ग्रामीण इलाकों में, इस राष्ट्रीय आंदोलन में हिस्सा ले सके।
वीबीवाईएलडी 2026 के लिए मल्टी-ट्रैक प्रतियोगिताएं
चयनित प्रतिभागी, जनवरी 2026 में नई दिल्ली में आयोजित किए जाने वाले वीबीवाईएलडी 2026 में अपने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता पांच रोमांचक ट्रैकों पर होगी:
- सांस्कृतिक और नवाचार ट्रैक भारत के पारंपरिक कला रूपों का जश्न मनाएगा। साथ ही विज्ञान मेले के माध्यम से विज्ञान और प्रौद्योगिकी में रुचि को बढ़ावा देगा तथा युवाओं को विरासत और नवाचार दोनों के साथ रचनात्मक रूप से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित करेगा।
- विकसित भारत चैलेंज ट्रैक युवा प्रतिभागियों को शासन, शिक्षा, ऊर्जा, जलवायु और डिजिटल समावेशन जैसे विषयों पर राष्ट्रीय चुनौतियों के लिए विचार करने और कार्यान्वयन योग्य समाधान प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करेगा।
- डिजाइन फॉर भारत ट्रैक का उद्देश्य युवाओं में डिजाइन सोच को बढ़ावा देना है ताकि उन्हें वास्तविक दुनिया की विकासात्मक चुनौतियों के लिए अभिनव, व्यावहारिक समाधान विकसित करने के लिए बहु-स्तरीय चुनौती में शामिल किया जा सके।
- हैक फॉर ए सोशल कॉज ट्रैक युवा नवप्रवर्तकों को सामाजिक मुद्दों पर ध्यान देने योग्य, प्रौद्योगिकी-आधारित समाधान के लिए प्रेरित करेगा जिसका समापन राष्ट्रीय स्तर के हैकथॉन में होगा।
- प्रवासी युवा भागीदारी वैश्विक भारतीय समुदाय के 100 युवा व्यक्तियों को एक साथ लाएगी, जिसमें भारत को जानो कार्यक्रम (केआईपी) और बिम्सटेक सदस्य देशों के प्रतिभागी भी शामिल होंगे जिससे अंतर्राष्ट्रीय युवा आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा और भारत की विकास गाथा के साथ गहन जुड़ाव होगा।
वैश्विक युवा सहयोग
वीबीवाईएलडी 2026 केवल भारत के युवाओं के लिए ही नहीं है। यह विदेशों में रहने वाले युवा भारतीयों को भी एक साथ लाता है। प्रवासी युवा भागीदारी ट्रैक के माध्यम से, विभिन्न देशों के युवा 2047 में विकसित भारत के लिए अपने अनुभव और विचार साझा करेंगे।
विदेश मंत्रालय के "भारत को जानो कार्यक्रम" (केआईपी) के लगभग 80 प्रतिभागी और बिम्सटेक देशों का 20 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी इस संवाद में शामिल होगा। यह वैश्विक भागीदारी दुनिया भर के युवाओं को एकजुट करने के देश के प्रयास को दर्शाती है।
विकसित भारत के लिए आंदोलन में शामिल हों
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय प्रत्येक युवा भारतीय को इस राष्ट्रीय आंदोलन में भाग लेने के लिए आमंत्रित करता है। युवा https://mybharat.gov.in/quiz. पर पंजीकरण करा सकते हैं।
MY Bharat ऐप को गूगल प्ले स्टोर या ऐप्पल ऐप स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। अधिक जानकारी के लिए https://mybharat.gov.in/ पर जाएं।
***
पीके/केसी/बीयू/वाईबी
(Release ID: 2179815)
Visitor Counter : 54